अमेरिका में बनेगा पंडोखर सरकार और नीम करौली बाबा का भव्य मंदिर, भारतीयों ने दान की 7 एकड़ जमीन

Published on 27 अक्टू॰ 2026

अमेरिका में बनेगा पंडोखर सरकार और नीम करौली बाबा का भव्य मंदिर, भारतीयों ने दान की 7 एकड़ जमीन

मंदिर का भूमि पूजन करते पंडोखर सरकार Image Credit source: X @pandokhar_dham

Pandokhar Dham News: भारत की धरती से निकली सनातन संस्कृति की गूंज अब सात समंदर पार अमेरिका में भी सुनाई दे रही है. देश के मंदिरों, मठों और तीर्थस्थलों से निकलकर सनातन धर्म की ध्वजा अब विदेशी धरती पर भी लहरा रही है. इसी कड़ी में मध्य प्रदेश के भिंड जिले में स्थित पंडोखर धाम के पीठाधीश्वर गुरुशरण महाराज अमेरिका के ग्रेटर ह्यूस्टन में एक भव्य मंदिर का निर्माण करवाने जा रहे हैं.

खास बात यह है कि इस मंदिर के लिए भारतीय मूल के श्रद्धालुओं ने सात एकड़ जमीन दान में दी है. जमीन मिलने के बाद यहां भूमि पूजन और शिलान्यास भी किया जा चुका है. प्रस्तावित परिसर में पंडोखर सरकार के साथ नीम करौली बाबा का मंदिर भी बनाया जाएगा. अमेरिका के ग्रेटर ह्यूस्टन में बनने जा रहा यह मंदिर भारतीय मूल के श्रद्धालुओं की आस्था और सनातन संस्कृति के प्रति समर्पण की मिसाल बनकर सामने आया है.

सात एकड़ जमीन का दान इस बात का संकेत

पंडोखर धाम के पीठाधीश्वर गुरुशरण महाराज और पंडित विभू दत्त मिश्रा ने विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कर मंदिर निर्माण की शुरुआत की. सात एकड़ जमीन का दान इस बात का संकेत है कि विदेशों में रहने वाले भारतीय अपनी जड़ों, परंपराओं और धार्मिक विरासत को संजोकर रखने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं.

पंडोखर धाम ट्रस्ट के सचिव मुकेश कुमार गुप्ता के मुताबिक गुरुशरण महाराज इन दिनों अमेरिका में हैं और वहां आयोजित आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए सनातन धर्म का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं. ग्रेटर ह्यूस्टन में बनने वाला मंदिर आने वाले समय में भारतीय समुदाय के लिए एक महत्वपूर्ण धार्मिक केंद्र बन सकता है.

प्रस्तावित मंदिर परिसर की खासियत क्या होगी?

प्रस्तावित मंदिर परिसर की खासियत यह होगी कि यहां श्रद्धालुओं को पंडोखर सरकार और नीम करौली बाबा, दोनों की आध्यात्मिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा. यह परिसर केवल पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि भारतीय संस्कृति, सनातन जीवन-दर्शन, धार्मिक शिक्षा और संस्कारों को बढ़ावा देने का माध्यम भी बन सकता है.

विदेशों में जन्म लेने और पले-बढ़े भारतीय मूल के बच्चों के लिए ऐसे केंद्र अपनी सांस्कृतिक पहचान और पारिवारिक परंपराओं को समझने का जरिया बन सकते हैं. मंदिर परिसर सामुदायिक आयोजनों और भारतीय त्योहारों के उत्सव का केंद्र भी बन सकता है. मध्य प्रदेश के भिंड जिले में स्थित पंडोखर धाम लंबे समय से श्रद्धालुओं के बीच चर्चा में रहा है.

मंदिर परिसर में दरबार लगाते हैं

इसके पीठाधीश्वर गुरुशरण शर्मा, जिन्हें गुरुशरण महाराज के नाम से भी जाना जाता है, मंदिर परिसर में दरबार लगाते हैं. उनके अनुयायी पर्ची के जरिए लोगों की समस्याओं के समाधान और भविष्य से जुड़ी बातों के लिए उनके पास पहुंचते हैं. वे भूत-प्रेत बाधा दूर करने से जुड़े दावे भी करते रहे हैं. हालांकि, अमेरिका में मंदिर निर्माण की यह पहल धार्मिक गतिविधियों से आगे बढ़कर प्रवासी भारतीयों की सांस्कृतिक भागीदारी को भी रेखांकित करती है. भारत में आस्था के केंद्र रहे मंदिरों की परंपरा अब विदेशी धरती पर भी नए स्वरूप में स्थापित हो रही है.

ग्रेटर ह्यूस्टन में सात एकड़ जमीन पर प्रस्तावित यह मंदिर इसी बदलते परिदृश्य की एक नई कड़ी है, जहां भारत से हजारों किलोमीटर दूर भी सनातन संस्कृति को सहेजने और अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की तैयारी है.

ये भी पढ़ें: इंदौर में शोर मचाने वालों की खैर नहीं! हर वार्ड पर रहेगी नजर तैनात होंगे 2 स्वयंसेवक

शिव चौबे

शिव चौबे

शिव चौबे को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एक दशक का अनुभव है. शिव ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से संस्कृत विषय में शिक्षा प्राप्त की, जिसके बाद उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत दैनिक अखबार से की. इसके बाद वर्ष 2019 में वे ETV भारत से बतौर संवाददाता जुड़े, जहां ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट और शिक्षा से जुड़ी उनकी कई महत्वपूर्ण रिपोर्टों ने राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा बटोरी. वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के दौरान उन्होंने जान जोखिम में डालकर जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की और व्यवस्थाओं की कमियों को उजागर किया. उनकी रिपोर्ट्स के बाद जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार को कई महत्वपूर्ण निर्णय लेने पड़े. वर्ष 2021 में शिव चौबे ने TV9 भारतवर्ष में जिला रिपोर्टर के रूप में नई भूमिका की शुरुआत की. इसके बाद वर्ष 2023 में वे PTI (Press Trust of India) से जुड़े. यहां उन्होंने कई महत्वपूर्ण खोजी रिपोर्टें कीं, जिनमें सिवनी जिले का चर्चित सर्पदंश घोटाला, नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय से जुड़ा गोबर घोटाला तथा स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कई घोटाले शामिल है. इसके अलावा उन्होंने CAA के दौरान लगे कर्फ्यू, बरगी क्रूज हादसे और अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं की जमीनी रिपोर्टिंग कर अपनी अलग पहचान बनाई. निष्पक्ष, जनसरोकारों से जुड़ी और खोजी पत्रकारिता के लिए शिव चौबे को विशेष रूप से जाना जाता है.

Read More

google button