एमजी हेक्टर हॉक प्लस ईवी: आज होगी सात-सीटर इलेक्ट्रिक एसयूवी की एंट्री, 69.2kWh बैटरी समेत मिलेंगे ये फीचर्स

Published on 26 अग॰ 2026

भारतीय ईवी बाजार में आज एक बड़ी एंट्री होने जा रही है। जेएसडब्लयू एमजी मोटर इंडिया अपनी नई तीन-रो वाली 7-सीटर इलेक्ट्रिक एसयूवी को 26 अगस्त को भारत में पेश करने जा रही है। माना जा रहा है कि इसका नाम एमजी हेक्टर हॉक प्लस होगा। यह कंपनी का नया मॉडल होगा, जिसे शुरुआत से इलेक्ट्रिक और दूसरे तरह के पावरट्रेन को ध्यान में रखकर तैयार किए गए एडॉप्ट आर्किटेक्चर पर बनाया गया है।


नई एसयूवी के साथ एमजी बड़ी बैटरी, तीन रो वाली सीटिंग और प्रीमियम फीचर्स के जरिए इलेक्ट्रिक एसयूवी सेगमेंट में अपनी मौजूदगी मजबूत करने की तैयारी में है। इसका मुकाबला महिंद्रा एक्सईवी 9S और आने वाली टाटा सफारी ईवी जैसी इलेक्ट्रिक एसयूवी से हो सकता है।

विज्ञापन



आज क्या सामने आएगा?

  • एमजी हेक्टर हॉक प्लस ईवी को आज यानी 26 अगस्त को भारत में पेश किया जाएगा। हालांकि, कंपनी ने इसके नाम को लेकर आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की है और इसे हेक्टर हॉक प्लस से नाम से रिपोर्ट किया जा रहा है।
  • विज्ञापन

  • यह एसयूवी भारत में दो अलग-अलग पावरट्रेन विकल्पों के साथ आने की उम्मीद है। इनमें पहले इलेक्ट्रिक वर्जन को पेश किया जाएगा, जबकि प्लग-इन हाइब्रिड वर्जन के 2026 के आखिर में आने की उम्मीद है। ईवी और पीएचईवी दोनों का बेसिक आर्किटेक्चर और बॉडी समान हो सकती है, लेकिन दोनों में अलग-अलग पावरट्रेन दिए जाएंगे।


69.2kWh बैटरी और 530km तक रेंज

  • भारत-स्पेक हेक्टर हॉक प्लस ईवी में 69.2kWh LFP बैटरी पैक मिलने की उम्मीद है। यह बैटरी फ्रंट-माउंटेड इलेक्ट्रिक मोटर को पावर देगी।
  • मोटर से करीब 201 bhp की पावर और 310 Nm का टॉर्क मिलने की उम्मीद है। अगर ये आंकड़े सही रहते हैं, तो यह भारत में बिकने वाली सबसे पावरफुल Hector बन सकती है।
  • इंटरनेशनल स्पेसिफिकेशन के अनुसार इसकी सीएलटीसी रेंज करीब 530km बताई गई है। हालांकि, भारत में मिलने वाली ARAI-सर्टिफाइड रेंज अलग हो सकती है। MG भारत के लिए बैटरी पैक को लोकलाइज करने की दिशा में भी काम कर सकती है, जिससे SUV की कीमत को प्रतिस्पर्धी रखने में मदद मिल सकती है।


कितनी बड़ी होगी यह कार?
नई इलेक्ट्रिक एसयूवी की लंबाई करीब 4.75 मीटर और व्हीलबेस लगभग 2.81 मीटर होने की उम्मीद है।

  • बड़ी बॉडी और लंबे व्हीलबेस का फायदा इसके तीन-रो वाले केबिन में मिल सकता है। इसमें 7 लोगों के बैठने की क्षमता होगी।
  • इलेक्ट्रिक मोटर फ्रंट व्हील्स को पावर देगी। इस तरह यह बड़ी फैमिली के लिए इलेक्ट्रिक SUV के तौर पर एक अलग विकल्प पेश कर सकती है।


ADAPT आर्किटेक्चर क्यों है खास?
नई एसयूवी की सबसे बड़ी खासियत ADAPT आर्किटेक्चर मानी जा रही है। इसे अलग-अलग इलेक्ट्रिफाइड पावरट्रेन को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यह प्लेटफॉर्म ईवी, पीएचईवी, स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड, रेंज-एक्सटेंडर जैसे पावरट्रेन एप्लीकेशन को सपोर्ट कर सकता है। यानी एक ही बेस आर्किटेक्चर पर अलग-अलग तरह की इलेक्ट्रिफाइड एसयूवी तैयार करने की गुंजाइश एमजी के पास रहेगी।

कब आएगा हेक्टर टोमाहॉक पीएचईवी?

  • इलेक्ट्रिक मॉडल के बाद इसी बेस पर हेक्टर टोमाहॉक पीएचईवी नाम से प्लग-इन हाइब्रिड मॉडल आने की उम्मीद है। इसके 2026 के आखिर में आने की संभावना है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसमें 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन, 20.5kWh बैटरी और इलेक्ट्रिक मोटर का कॉम्बिनेशन मिल सकता है।
  • ओवरसीज वर्जन का कंबाइंड आउटपुट करीब 194 bhp और 230 Nm बताया गया है।
  • बड़ी बैटरी होने की वजह से पीएचईवी छोटी रोजमर्रा की यात्राओं में इलेक्ट्रिक मोड में चल सकती है, जबकि लंबी दूरी पर पेट्रोल इंजन अतिरिक्त सुविधा देगा।


फीचर्स में भी होगी प्रीमियम SUV वाली फील
इतना ही नहीं इसमें कई प्रीमियम फीचर्स मिलने की भी उम्मीद है। 12.8-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस स्मार्टफोन कनेक्टिविटी, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, पैनोरमिक सनरूफ, पावर्ड फ्रंट सीट्स, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, वायरलेस चार्जिंग, 360-डिग्री कैमरा और एडीएएस जैसे फीचर्स शामिल हो सकते हैं।

बाहर से भी दिखेगा नया अंदाज
नई एसयूवी के एक्सटीरियर में स्प्लिट एलईडी लाइटिंग सेटअप, बड़े डुअल-टोन अलॉय व्हील्स और रूफ रेल्स मिलने की उम्मीद है। पीछे की तरफ रैपअराउंड LED टेल लैंप्स दिए जाएंगे, जिससे इसका लुक मौजूदा हेक्टर से काफी अलग हो सकता है।

आखिर इसे हेक्टरनाम क्यों दिया जा रहा है?

  • एमजी के लिए हेक्टर नाम भारत में काफी अहम है। जब एमजी मोटर इंडिया ने 2019 में भारतीय बाजार में कदम रखा था, तब Hector उसका पहला प्रोडक्ट था।
  • लॉन्च के बाद इसे जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली थी। कंपनी को कुछ ही हफ्तों में 28 हजार से ज्यादा बुकिंग्स मिली थीं। मांग इतनी ज्यादा थी कि MG को कुछ समय के लिए बुकिंग रोकनी पड़ी थी।
  • यही वजह है कि हेक्टर नाम भारतीय ग्राहकों के बीच पहले से मजबूत पहचान रखता है। नई एसयूवी मौजूदा हेक्टर से काफी अलग होने के बावजूद इस नाम का इस्तेमाल MG को पुराने भरोसे और पहचान का फायदा दे सकता है।


आज की लॉन्चिंग पर रहेंगी इन चीजों पर नजर
आज नई एसयूवी से जुड़ी सबसे अहम जानकारी इसके नाम, कीमत, वेरिएंट, बैटरी, रेंज, फीचर्स और डिलीवरी को लेकर सामने आ सकती है।
फिलहाल 69.2kWh बैटरी, करीब 201 bhp पावर, 310 Nm टॉर्क और लगभग 530km CLTC रेंज इसे एक दमदार 7-सीटर इलेक्ट्रिक SUV बना सकते हैं। अब देखना होगा कि भारत-स्पेक मॉडल में MG इन आंकड़ों और फीचर्स को किस तरह पेश करती है।