सोनभद्र में 68 शिक्षकों को किया सम्मानित: डीएम ने कहा- शिक्षक देश के भविष्य को गढ़ने वाले असली राष्ट्रनिर्माता - Sonbhadra News

Published on 5 सित॰ 2026
  • Hindi News
  • Local
  • Uttar pradesh
  • Sonbhadra
  • Sonbhadra Teacher Day Ceremony | DM Honors Teachers | Sanjeev Kumar Gaud

मनोज कुमार वर्मा | सोनभद्र3 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

सोनभद्र के कलेक्ट्रेट सभागार में शिक्षक सम्मान समारोह हुआ। इसमें शिक्षा के क्षेत्र में अच्छा काम करने वाले कुल 68 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहे।

यह समारोह डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर आयोजित किया गया। उनका जन्म 5 सितंबर 1888 को हुआ था। वे एक महान शिक्षक, दार्शनिक और शिक्षाविद थे। शिक्षा के प्रति उनके योगदान को सम्मान देने के लिए उनकी जयंती को देशभर में शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है।

राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ ने कहा कि शिक्षक समाज के मार्गदर्शक और देश के भविष्य को बनाने वाले हैं। वे छात्रों को सिर्फ किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनमें संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्य और जिम्मेदारी की भावना भी पैदा करते हैं। शिक्षकों का सम्मान असल में देश बनाने में उनके योगदान का सम्मान है।

देखें, 3 तस्वीरें…

सदर विधायक भूपेश चौबे ने बताया कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन ने हमेशा शिक्षा और शिक्षक को सबसे ऊपर रखा। शिक्षक छात्रों को सही रास्ता दिखाकर उनके व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की बधाई दी और उनसे पूरी ईमानदारी और लगन से अपने काम करने को कहा।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि शिक्षक देश के भविष्य को गढ़ने वाले असली राष्ट्रनिर्माता हैं। स्कूल में शिक्षक का काम सिर्फ सिलेबस पूरा करना नहीं है। उनका अहम दायित्व है कि वे छात्रों में आत्मविश्वास, अनुशासन, संवेदनशीलता, रचनात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करें। उन्होंने सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि उनका अच्छा काम दूसरे शिक्षकों के लिए प्रेरणा है।

समारोह में माध्यमिक विद्यालय के 24 और बेसिक शिक्षा विभाग के 44 शिक्षकों को प्रशस्ति-पत्र और सम्मान दिया गया। अतिथियों ने सभी सम्मानित शिक्षकों को शिक्षक दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दीं। साथ ही उनके अच्छे भविष्य की कामना भी की।

समारोह में सदर विधायक भूपेश चौबे, जिलाधिकारी चर्चित गौड़, जिला पंचायत सदस्य सजीव त्रिपाठी, जिला पंचायत सदस्य मोहन कुशवाहा, सदर ब्लाक प्रमुख्य अजीत रावत, जिला विद्यालय निरीक्षक जय राम सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं सम्मानित शिक्षक मौजूद रहे।

.