संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के मौके पर भोपाल में एक राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें झाबुआ जिले की टीम ने हिस्सा लिया और जिले के लिए पवित्र समरसता कलश हासिल किया। यह कलश बुधवार को पेटलावद पहुंचा।
.
सह संयोजक गुलाब सिंह परमार ने बताया कि यह आयोजन समाज की समरसता और पूज्य संत रविदास जी महाराज के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का एक पवित्र माध्यम है। इसलिए सकल हिंदू समाज इस यात्रा को ऐतिहासिक बनाए।
उन्होंने सभी से संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जन्म जयंती के अवसर पर बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। ताकि इस गौरवमय और ऐतिहासिक आयोजन को पूर्ण भव्यता, गरिमा और सफलता के साथ संपन्न किया जा सके।
संत रविदास जी का जीवन और उनके विचार सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे की प्रेरणा देते हैं, इसलिए सभी को उनके आदर्शों को आत्मसात कर एक समरस और सशक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए।
प्रदेशव्यापी समरसता संकल्प अभियान और कलश यात्रा के शुरुआत कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल मौजूद रहे। मुख्यमंत्री मोहन यादव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य और अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भगवान सिंह परमार ने झाबुआ जिले के लिए यह पवित्र कलश सौंपा।
झाबुआ से भाजपा जिला अध्यक्ष भानु भुरिया, अजा मोर्चा जिलाध्यक्ष गुलाबसिंह परमार, जिला महामंत्री महेशकांत चौहान, जिला उपाध्यक्ष मोहनलाल यादव, जिला मंत्री गोपी पंजल और शंभूलाल मालीवाड़ भी शामिल हुए।

झाबुआ जिला टोली का हुआ गठन
संभागीय संगठन प्रभारी रणवीर सिंह रावत, जिला संगठन प्रभारी राजेंद्र राठौर और जिला अध्यक्ष भानु भूरिया के निर्देश पर झाबुआ जिला टोली बनाई गई है। इसके संयोजक भाजपा जिला उपाध्यक्ष हेमेंद्र भट्ट हैं। वहीं सह-संयोजकों में गुलाब सिंह परमार, महेश कांत चौहान, गोपी पंजल और मोहनलाल यादव शामिल हैं।

20 अगस्त से 10 सितंबर तक चलेगी कलश यात्रा
अजा मोर्चा के जिला महामंत्री महेश कांत चौहान ने बताया कि मध्य प्रदेश सरकार पूरे प्रदेश में समरसता यात्रा निकाल रही है। इसके तहत झाबुआ जिले के हर मंडल और विधानसभा क्षेत्र में भव्य कलश वंदन यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने पूरे हिंदू समाज से 20 अगस्त से 10 सितंबर 2026 तक चलने वाले इस समरसता संकल्प अभियान में शामिल होने की अपील की है।