दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को त्यागराज स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण जनकल्याूणकारी योजनाओं का शुभारंभ किया. सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राज्य स्तरीय आशा सम्मेलन-2026 और आशा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया.
समारोह के दौरान जी. बी. पंत अस्पताल में सोटो (SOTTO) भवन का वर्चुअल उद्घाटन, अनमोल पहल का विस्तार, नर्सिंग होम मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल का शुभारंभ और आशा कार्यकर्ताओं के प्रोत्साहन भत्ते में ऐतिहासिक वृद्धि की घोषणा की गई.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हर परिवार के स्वास्थ्य की चिंता करने वाली आशा बहनें घर-घर तक स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी योजनाओं को पहुंचाती हैं. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार का संकल्प है कि जो बहनें हर परिवार की सेवा कर रही हैं, उनके सम्मान, सुविधा और कल्याण का भी पूरा ध्यान रखा जाए. इस अवसर पर दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित थे.
नागरिक-केंद्रित बनाएंगी ये योजनाएं
इस अवसर पर उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित और सशक्त दिल्ली की आधारशिला हैं. सेवा संकल्प अभियान के तहत शुरू की गई स्वास्थ्य योजनाओं का उद्देश्य आधुनिक तकनीक, प्रभावी सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणालियों और मानवीय दृष्टिकोण के समन्वय से दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत करना है.
मासिक मानदेय 6000 रुपये किया
उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य व्यवस्था की अग्रिम पंक्ति में रहकर गर्भवती महिलाओं, बच्चों और परिवारों तक स्वास्थ्य सेवाएं एवं जागरूकता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं. उनके मासिक मानदेय को 3,000 रुपये से बढ़ाकर 6,000 रुपये किया जाना उनके योगदान और समर्पण के प्रति सम्मान का प्रतीक है.
उन्होंने नवजात शिशुओं में शुरुआती स्तर पर स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान और समय पर उपचार के लिए अनमोल पहल और जी.बी. पंत अस्पताल में सोटो के नवनिर्मित केंद्र की सराहना की, जो अंगदान और प्रत्यारोपण व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं.
विकसित राजधानी बनाने की दिशा में कार्य जारी
उपराज्यपाल ने कहा कि नर्सिंग होम मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण और नवीनीकरण जैसी प्रक्रियाओं को ऑनलाइन एवं पारदर्शी बनाया गया है, जिससे प्रक्रियाएं सरल होंगी, अनावश्यक प्रशासनिक बाधाएं कम होंगी और निगरानी बेहतर होगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के विजन के अनुरूप सरकार का प्रयास है कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे. तकनीक, मजबूत स्वास्थ्य प्रणालियों और करुणा आधारित सेवा के समन्वय से दिल्ली को स्वस्थ, सक्षम और विकसित राजधानी बनाने की दिशा में कार्य जारी है.

जीतेन्द्र भाटी
करीब डेढ़ दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पॉलिटिक्स, क्राइम, सामाजिक और मानवीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग. BAG Films की नर्सरी से IBN7, आज़ाद न्यूज़, प्रज्ञा TV, 4 रियल न्यूज, Focus News और न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया होते हुए देश के सबसे बड़े न्यूज नेटवर्क TV9 भारतवर्ष में खबरों के बीच सफर जारी.
Read More