यूपी के 62 हजार शिक्षकों के लिए स्पेशल TET: जल्द एग्जाम की डेट आएगी, ढाई घंटे में 150 सवाल हल करने होंगे, निगेटिव मार्किंग नहीं - Uttar Pradesh News

Published on 2 सित॰ 2026

यूपी सरकार ने बेसिक शिक्षा परिषद के सेवारत करीब 62 हजार शिक्षकों के लिए स्पेशल अध्यापक पात्रता परीक्षा (TET) कराने का आदेश जारी कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद प्रदेश के 1.86 लाख शिक्षकों की नौकरी पर संकट के बादल छा गए थे।

.

अब यूपीटीईटी नहीं पास करने वाले शिक्षक भी इस स्पेशल परीक्षा को पास करके अपनी नौकरी बचा सकेंगे। उत्तर प्रदेश बीटीसी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव ने कहा कि इससे 2011 से पहले कार्यरत शिक्षकों को बड़ी राहत मिलेगी। हालांकि, अभी परीक्षा की तारीख का ऐलान नहीं किया गया है। लेकिन, जल्द ही परीक्षा होने की बात कही जा रही है।

विशेष TET 150 अंकों की होगी, जिसमें बहुविकल्पीय (ऑब्जेक्टिव) प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा ढाई घंटे की होगी। हर सवाल एक अंक का होगा और परीक्षा में निगेटिव मार्किंग भी नहीं होगी। जल्द परीक्षा की तारीख घोषित की जाएगी।

पास होने के लिए कितने अंक जरूरी?

सामान्य वर्ग के शिक्षकों को परीक्षा में कम से कम 90 अंक यानी 60% अंक हासिल करने होंगे। वहीं, एससी, एसटी, ओबीसी, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित, पूर्व सैनिक और दिव्यांग अभ्यर्थियों को 82 अंक यानी 55% अंक लाने पर पास माना जाएगा। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के सामान्य अभ्यर्थियों के लिए भी पास होने के लिए 82 अंक जरूरी होंगे।

86 हजार शिक्षकों ने टीईटी पास किया

बेसिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने विशेष TET के आयोजन की कार्ययोजना जारी कर दी है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को जल्द विज्ञापन जारी कर परीक्षा कराने के निर्देश दिए गए हैं।

सामान्य TET उन लोगों के लिए होती है, जो शिक्षक बनने की पात्रता हासिल करना चाहते हैं। जबकि स्पेशल TET उन शिक्षकों के लिए होगी, जो पहले से सरकारी स्कूलों में पढ़ा रहे हैं। लेकिन, अभी तक TET पास नहीं किया है। स्पेशल TET परीक्षा के लिए करीब 62 हजार कार्यरत शिक्षक ही आवेदन कर पाएंगे।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद प्रदेश में करीब 1 लाख 42 हजार 818 शिक्षक इस परीक्षा से प्रभावित हुए थे। इनमें से करीब 86 हजार शिक्षक हाल में हुई TET परीक्षा पास कर चुके हैं।

2028 तक TET पास करना जरूरी

सुप्रीम कोर्ट ने पिछले साल 1 सितंबर को दिए आदेश में सभी कार्यरत शिक्षकों के लिए 31 अगस्त 2028 तक TET पास करना जरूरी किया था। इसके बाद शिक्षक संगठनों ने विशेष राहत की मांग को लेकर आंदोलन किया था। शासन ने कार्यरत शिक्षकों के लिए अलग से विशेष TET कराने की घोषणा की थी। अब इसकी कार्ययोजना को मंजूरी दे दी गई है।

सामान्य TET की तरह ही होंगे दो पेपर

स्पेशल टीईटी में भी सामान्य यूपी TET की तरह 2 पेपर होंगे।

पेपर-1: कक्षा- 1 से 5 तक पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए होगा। इसमें बाल विकास एवं शिक्षण विधि, पहली भाषा हिंदी, दूसरी भाषा के तौर पर अंग्रेजी, उर्दू या संस्कृत में से किसी एक का चयन, गणित और पर्यावरण अध्ययन से सवाल होंगे। सभी विषयों से 30-30 अंकों के प्रश्न होंगे।

पेपर-2: कक्षा- 6 से 8 तक पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए होगा। इसमें बाल विकास एवं शिक्षण विधि, पहली भाषा हिंदी, दूसरी भाषा के तौर पर अंग्रेजी, उर्दू या संस्कृत में से किसी एक का चयन करना होगा। इसके अलावा गणित-विज्ञान या सामाजिक अध्ययन या सामाजिक विज्ञान में से एक विषय चुनना होगा। पहले तीन विषयों से 30-30 अंक और आखिरी विषय से 60 अंकों के सवाल होंगे।

डेढ़ दशक बाद सिर्फ शिक्षकों के लिए होगी विशेष TET

देश में पहली बार 13 नवंबर 2011 को TET आयोजित हुई थी। उस समय सभी पात्र अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने का मौका मिला था। वर्ष 2010 या उससे पहले नियुक्त शिक्षकों के लिए TET परीक्षा अनिवार्य नहीं थी, इसलिए उन्होंने यह परीक्षा नहीं दी थी।

अब सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद कार्यरत शिक्षकों के लिए TET पास करना जरूरी कर दिया गया है। इसी के चलते करीब डेढ़ दशक बाद सिर्फ कार्यरत शिक्षकों के लिए विशेष TET आयोजित की जा रही है।

अब जानिए, पिछली 7 परीक्षाओं में प्राइमरी और जूनियर TET में कितने अभ्यर्थी पास हुए-

-------------------------

यह खबर भी पढ़ें

जीतेंद्र मिश्रा ही राम मंदिर के CEO क्यों बने:39 साल एयरफोर्स की सर्विस, ऑपरेशन सिंदूर में शामिल रहे; जानिए उनके बारे में सब कुछ

ऑपरेशन सिंदूर-2025 में पश्चिमी वायु कमान को लीड करने वाले पूर्व एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा को अयोध्या राम मंदिर का पहला CEO (चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर) बनाया गया है। वह ‘सर्वोत्तम युद्ध सेवा मेडल’ से भी सम्मानित हो चुके हैं। यहां पढ़ें पूरी खबर