प्रसव के नाम पर 600 रुपये मांगने और अनधिकृत इलाज करने के आरोप में शोकॉज - Khagaria News

Published on 15 सित॰ 2026

.

जिले के तीन सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में सामने आए गंभीर आरोपों पर सिविल सर्जन सह सदस्य सचिव, जिला स्वास्थ्य समिति, खगड़िया डॉ. रामेन्द्र कुमार ने संबंधित प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों से 24 घंटे के भीतर साक्ष्य और अभिलेख सहित बिंदुवार स्पष्टीकरण मांगा है। बेलदौर पीएचसी में प्रसव के बाद भर्ती माताओं को नाश्ता-भोजन नहीं मिलने, चौथम सीएचसी में कथित अनधिकृत व्यक्ति द्वारा मरीजों का उपचार करने तथा गोगरी अनुमंडलीय अस्पताल में प्रसव के नाम पर 600 मांगने के आरोपों पर अलग-अलग पत्र जारी किए गए हैं। बेलदौर पीएचसी में प्रसव के बाद भर्ती माताओं को निर्धारित नाश्ता और भोजन नियमित नहीं मिलने संबंधी प्रकाशित खबर पर सीएस ने प्रभारी चिकित्सा पदा. से जवाब मांगा है। पिछले तीन माह में प्रसवोत्तर भर्ती माताओं को प्रतिदिन भोजन और नाश्ता उपलब्ध कराने का तिथिवार विवरण रजिस्टर व अन्य साक्ष्य सहित मांगा गया है।भोजन उपलब्ध कराने वाली एजेंसी या कर्मी की लापरवाही सामने आई थी तो उस पर किए गए पत्राचार और नोटिस की प्रति, फॉलोअप तथा कार्रवाई का विवरण भी मांगा गया है। भुगतान में कटौती या जिला स्तर पर भेजे गए प्रतिवेदन की जानकारी देने का निर्देश है। भर्ती प्रसूताओं को नियमित भोजन- नाश्ता उपलब्ध कराने की तत्काल व्यवस्था का प्रतिवेदन भी मांगा गया है।

सिविल सर्जन डॉ. रामेन्द्र कुमार ने तीनों मामलों में संबंधित अभिलेख और साक्ष्य सुरक्षित रखने का निर्देश दिया है। सीसीटीवी फुटेज, रजिस्टर, रोस्टर, उपस्थिति और अन्य रिकॉर्ड से छेड़छाड़ या तथ्य छिपाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। 24 घंटे में जवाब नहीं मिलने या स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाए जाने पर संबंधित प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों की प्रशासनिक एवं पर्यवेक्षणीय जवाबदेही तय की जाएगी। जिम्मेदार पाए जाने वाले चिकित्सक या कर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के लिए सक्षम प्राधिकार को प्रतिवेदित किया जाएगा। ^सरकारी अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा और उन्हें मिलने वाली निशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं में किसी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। तीनों मामलों में तथ्य और अभिलेख के आधार पर जांच की जा रही है। लापरवाही या जिम्मेदारी सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। -डॉ. रामेन्द्र कुमार, सीएस गोगरी में 600 मांगने के आरोप की जांच गोगरी अनुमंडलीय अस्पताल में प्रसव के नाम पर मरीज के परिजनों से 600 मांगने का आरोप सोशल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में प्रसारित वीडियो से सामने आया। सीएस ने प्रभारी से आरोप की वास्तविक स्थिति और संबंधित कर्मी या व्यक्ति की पहचान बताने को कहा है। मरीज और परिजन से संपर्क कर जांच की गई या नहीं, इसकी जानकारी के साथ जांच प्रतिवेदन और बयान मांगा गया है। संबंधित कर्मी के खिलाफ पूर्व में राशि मांगने की शिकायत और कार्रवाई का रिकॉर्ड भी तलब किया गया है। अस्पताल में प्रसव समेत अन्य निशुल्क सेवाओं के बदले अवैध राशि की मांग रोकने के लिए की गई निगरानी और शिकायत निवारण व्यवस्था की जानकारी भी मांगी गई है। चौथम में अनधिकृत व्यक्ति से इलाज की शिकायत चौथम सीएचसी में कथित गैर-चिकित्सक एवं बिना वैध चिकित्सकीय योग्यता या पंजीकरण वाले व्यक्ति द्वारा मरीजों का उपचार, दवा और इंजेक्शन देने की शिकायत पर सिविल सर्जन ने जवाब तलब किया है। शिकायत में ड्यूटी पर तैनात डॉ. पंकज कुमार और डॉ. ऋचा सिंह की कथित लापरवाही का भी आरोप है.प्रभारी से संबंधित व्यक्ति की पहचान, पदनाम, नियुक्ति या कार्य का आधार और दायित्व की जानकारी मांगी गई है। साथ ही यह बताने को कहा गया है कि उसने मरीजों की जांच, उपचार, दवा वितरण, दवा लिखने या इंजेक्शन देने का काम किया था या नहीं। संबंधित तिथि और समय का सीसीटीवी फुटेज, ड्यूटी रोस्टर, उपस्थिति, बायोमेट्रिक रिकॉर्ड, ओपीडी, इमरजेंसी और इंजेक्शन रजिस्टर भी तलब किए गए हैं। दोनों चिकित्सकों की संबंधित अवधि की ड्यूटी, उपस्थिति और चिकित्सकीय कार्यों का विवरण भी मांगा गया है।