
सिर्फ ₹42 में 212KM चलेगी ये स्कूटी, ₹60 हजार की कीमत ने मचाई धूम
भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग धीरे-धीरे बढ़ रही है. अब लोग पेट्रोल वाली गाड़ियों के साथ इलेक्ट्रिक स्कूटर को भी पसंद करने लगे हैं. जुलाई 2026 की बिक्री रिपोर्ट में TVS की इलेक्ट्रिक स्कूटी iQube ने शानदार प्रदर्शन किया है. इसकी बिक्री में एक साल के मुकाबले 158 प्रतिशत की बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई.
TVS की बिक्री में आया बड़ा उछाल
जुलाई 2026 में TVS Motor ने कुल 4,37,394 दोपहिया वाहन बेचे. पिछले साल जुलाई में कंपनी ने 3,08,720 दोपहिया वाहन बेचे थे. यानी इस बार बिक्री करीब 42 प्रतिशत बढ़ी है. जून 2026 की बात करें तो कंपनी ने 4,11,014 दोपहिया वाहन बेचे थे. इसके मुकाबले जुलाई में बिक्री करीब 6 प्रतिशत ज्यादा रही.
कंपनी के पेट्रोल और इलेक्ट्रिक दोनों मॉडल की बिक्री में बढ़ोतरी देखने को मिली. खास तौर पर TVS RR 310 और TVS iQube ने अच्छा प्रदर्शन किया. RR 310 की बिक्री में 350 प्रतिशत और iQube की बिक्री में 158 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई.
iQube की बिक्री में 158% उछाल
TVS iQube की जुलाई में 59,386 यूनिट बिकीं. जुलाई 2025 में कंपनी ने इसकी 23,029 यूनिट बेची थीं. यानी एक साल में बिक्री काफी बढ़ी है.जून 2026 में iQube की 47,331 यूनिट बिकी थीं. इस हिसाब से जुलाई में भी इसकी बिक्री करीब 25 प्रतिशत बढ़ी. इससे पता चलता है कि ग्राहक अब इलेक्ट्रिक स्कूटर को भी रोजमर्रा के सफर के लिए तेजी से अपना रहे हैं.
₹59,999 से शुरू होती है कीमत
TVS iQube को अलग-अलग बैटरी क्षमता के साथ खरीदा जा सकता है. कंपनी बैटरी-एज-ए-सर्विस यानी BaaS का विकल्प भी देती है. इसमें स्कूटर और बैटरी की कीमत को अलग तरीके से लिया जा सकता है. BaaS विकल्प के साथ iQube की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹59,999 है. वहीं 2.3kWh बैटरी वाले मॉडल की कीमत ₹94,434 से शुरू होती है. 3.1kWh मॉडल की शुरुआती कीमत ₹1 लाख है. 3.5kWh मॉडल ₹1,08,993 से शुरू होता है.
इसके अलावा 4.7kWh बैटरी वाले iQube S की कीमत ₹1,17,642 से शुरू होती है. 5.3kWh बैटरी वाले मॉडल की एक्स-शोरूम कीमत ₹1,58,834 है.
212KM तक की रेंज
TVS iQube की रेंज उसके बैटरी पैक पर निर्भर करती है. सबसे बड़ी 5.3kWh बैटरी वाला मॉडल कंपनी के दावे के मुताबिक एक बार चार्ज करने पर 212 किलोमीटर तक चल सकता है.4.7kWh मॉडल की दावा की गई रेंज 175 किलोमीटर है. वहीं 3.5kWh मॉडल 145 किलोमीटर, 3.1kWh मॉडल 123 किलोमीटर और 2.3kWh मॉडल 114 किलोमीटर तक चलने का दावा करता है.
212KM चलाने में कितना खर्च?
5.3kWh बैटरी को घर पर चार्ज करने में लगभग 5.3 से 6.1 यूनिट बिजली लग सकती है. अगर बिजली की कीमत ₹7 प्रति यूनिट मानी जाए, तो पूरा चार्ज करने का खर्च करीब ₹42 बैठता है. हालांकि, यह सिर्फ अनुमान है. आपके शहर में बिजली की कीमत, चार्जिंग की स्थिति और दूसरे कारणों से वास्तविक खर्च अलग हो सकता है. वहीं पब्लिक चार्जिंग स्टेशन पर चार्ज करने का खर्च इससे ज्यादा हो सकता है.
इस तरह TVS iQube की बड़ी बैटरी, लंबी रेंज और कम चार्जिंग खर्च इसे इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदने वाले ग्राहकों के लिए एक दिलचस्प विकल्प बनाते हैं.
यह भी पढ़ें- Honda Elevate का Facelift मॉडल जल्द देगा दस्तक, SUV के डिजाइन और फीचर्स में होंगे बदलाव
कार में कैसे काम करता है वायरलेस चार्जिंग? बिना वायर के फोन तक कैसे पहुंचती है पावर

आयुषी चतुर्वेदी
आयुषी चतुर्वेदी tv9hindi.com में बतौर सीनियर सब एडिटर काम कर रही हैं. यहां बिजनेस ऑटोमोबाइल के अलावा टेक्नोलॉजी की खबरें कवर करती हैं. इससे पहले ET Now Swadesh Digital में Copy Editor थीं. इन्होंने अपना करियर जागरण न्यू मीडिया के साथ शुरू किया. Ayushi ने International School of Media & Entertainment Studies (ISOMES) से बैचलर ऑफ मॉस कम्युनिकेशन की डिग्री ली है. पिछले 3 साल से ये बिजनेस ऑटो टेक्नोलॉजी की खबरें कवर करती आ रही हैं. इन्हें सोशल मीडिया पर कंटेंट बनाना काफी पंसद है. इन्होंने Auto, Tech में कई ऑनलाइन ऑफलाइन इवेंट भी कवर किए हैं. इन्हें ड्राइविंग और रिव्यू करना पसंद है. Ayushi को किताबें पढ़ने में रुचि हैं.
Read More