बिहार सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 6 IAS और BPSC के 45 पदाधिकारियों का तबादला किया है। देखें पूरी सूची और नई पोस्टिंग की जानकारी।
बिहार सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 6 IAS और BPSC के 45 पदाधिकारियों का तबादला किया है। (Ai Image)
- Published: 13 Jul 2026, 01:02 PM IST
- Last Updated: 13 Jul 2026, 01:02 PM IST
IAS transfer: बिहार में सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक बड़ा फेरबदल किया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा रविवार को जारी अधिसूचना के अनुसार, 6 आईएएस (IAS) अधिकारियों और बिहार प्रशासनिक सेवा (BPSC) के 45 पदाधिकारियों का नई जगह तबादला कर दिया गया है। इनमें 16 एसडीओ (SDO) और 7 डीसीएलआर (DCLR) स्तर के अधिकारी शामिल हैं।
IAS अधिकारियों की नई पदस्थापना
सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, राज्य निर्वाचन आयोग के ओएसडी (OSD) संजय कुमार (2014 बैच) को अब अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग में अपर सचिव बनाया गया है। गया के बंदोबस्त पदाधिकारी मुकेश कुमार को वित्त विभाग के तहत भविष्य निधि निदेशालय का निदेशक नियुक्त किया गया है।
वहीं, मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर सचिव अखिलेश कुमार सिंह को कृषि विभाग में अपर सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मनोज कुमार का आदेश रद्द, अन्य को मिली नई भूमिका
इस प्रशासनिक फेरबदल में कुछ संशोधन भी किए गए हैं। नगर विकास एवं आवास विभाग के अपर सचिव मनोज कुमार रजक (2015 बैच) को युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग में अपर सचिव के पद पर भेजा गया है।
साथ ही, आईएएस मनोज कुमार (2017 बैच) के पिछले स्थानांतरण आदेश को निरस्त कर दिया गया है, वे अपने पूर्व के पद यानी नगर विकास एवं आवास विभाग के अपर सचिव के रूप में कार्य करते रहेंगे।
सारा अशरफ और युवा अधिकारियों की तैनाती
2021 बैच की आईएएस अधिकारी सारा अशरफ, जो पहले निदेशक (खाद्य प्रसंस्करण) के रूप में अधिसूचित थीं, अब नालंदा की डीडीसी सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी के रूप में सेवाएं देंगी। वहीं, युवा आईएएस अधिकारी तुषार कुमार (2023 बैच), जो मुजफ्फरपुर पूर्व के एसडीओ थे, उन्हें अब पूर्णिया में एसडीओ के पद पर तैनात किया गया है। वे बीएनएसएस 2023 के अंतर्गत कार्यपालक दंडाधिकारी की शक्तियों का उपयोग भी करेंगे।
प्रशासनिक निर्देश
सरकार की ओर से जारी इस अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिन पदाधिकारियों का हाल ही में स्थानांतरण किया गया था लेकिन जिन्हें अभी तक पोस्टिंग नहीं मिली थी, वे अनिवार्य रूप से सामान्य प्रशासन विभाग में अपना योगदान देंगे। यह पूरी अधिसूचना सरकार के अवर सचिव सिद्धेश्वर चौधरी के हस्ताक्षर से जारी की गई है।