मेरठ में महिला पर ब्लेड से जानलेवा हमला: आरोपी फरार, 6 महीने से कर रहा था छेड़छाड़ - Meerut News

Published on 19 जुल॰ 2026
  • Hindi News
  • Local
  • Uttar pradesh
  • Meerut
  • Meerut Crime | Woman Attacked With Blade In Civil Lines | Accused Absconding

रिजवान खान | मेरठ2 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

मेरठ के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक महिला पर ब्लेड से जानलेवा हमला किया गया। ई-रिक्शा से आए एक युवक ने दिनदहाड़े बीच सड़क पर महिला की गर्दन और शरीर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोपी मौके से फरार हो गया।

राहगीरों ने तुरंत डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बाद में परिजनों ने महिला को बेहतर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घायल महिला की पहचान 45 वर्षीय बबिता पत्नी राकेश के रूप में हुई है, जो कोतवाली थाना क्षेत्र के पूर्वा शेखलाल की निवासी हैं। बबिता मेड का काम करती हैं और रविवार शाम को काम खत्म कर अपनी ससुराल जा रही थीं, तभी उन पर हमला हुआ।

महिला के भांजे अमर ने आरोप लगाया है कि जली कोठी का रहने वाला वसीम नामक युवक पिछले करीब छह महीने से उनकी मौसी का पीछा कर रहा था। वह लगातार छेड़छाड़ कर परेशान करता था। परिजनों ने कई बार उसे समझाने की कोशिश की और माफी मांगने के बावजूद उसकी हरकतें नहीं रुकीं।

परिजनों के अनुसार, रविवार को आरोपी वसीम ने हमला करने से पहले महिला से कहा, "तू मुझे याद रखेगी, आज तेरा खेल खत्म।" इसके बाद उसने जान लेने की नीयत से ब्लेड से हमला कर दिया। महिला की गर्दन पर दो गहरे कट लगे हैं, जबकि शरीर पर भी तीन से चार जगह ब्लेड से वार किए गए हैं। डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताई है।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं, हालांकि डायल-112 की टीम सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है। लेकिन सिविल लाइन थाना पुलिस काफी देर बाद घटनास्थल पर पहुंची, जिससे लोगों में नाराजगी देखने को मिली।

सीओ सिविल लाइन विश्व ज्योति राय ने बताया कि घायल महिला का उपचार कराया जा रहा है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

.