आज की ताजा खबर, 6 अगस्त 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: सोनम वांगचुक बोले- मंत्रियों ने तोड़ा वादा...करणी सेना और नागपुर से उठे आरक्षण विरोधी स्वर, ईरान ने कहा, 'मोजतबा खामेनेई से संपर्क करना बेहद कठिन'

Published on 6 अग॰ 2026

आज की ताजा खबर, 6 अगस्त 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: सोनम वांगचुक बोले- मंत्रियों ने तोड़ा वादा...करणी सेना और नागपुर से उठे आरक्षण विरोधी स्वर, ईरान ने कहा, 'मोजतबा खामेनेई से संपर्क करना बेहद कठिन'

आज की ताजा खबर, 6 अगस्त 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: सोनम वांगचुक बोले- मंत्रियों ने तोड़ा वादा...करणी सेना और नागपुर से उठे आरक्षण विरोधी स्वर, ईरान ने कहा, 'मोजतबा खामेनेई से संपर्क करना बेहद कठिन'

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़), [सोनम वांगचुक अनशन न्यूज], [आरक्षण विरोधी अभियान], [मोजतबा खामेनेई] के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: देश और दुनिया की बड़ी प्रमुख घटनाओं पर हर अपडेट लेकर हम आ गए हैं। एक तरफ सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने केंद्रीय मंत्रियों पर अनशन समाप्त करने की तस्वीरें लीक कर वादा तोड़ने का आरोप लगाया है, वहीं दूसरी तरफ एयर इंडिया के विमान में भीषण टर्बुलेंस के बाद 17 लोग घायल हो गए हैं। देश में आरक्षण विरोधी आंदोलन की आंच तेज हो रही है, जबकि मध्य पूर्व में ईरान के राष्ट्रपति ने सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई से संपर्क में आ रही दिक्कतों पर बड़ा बयान दिया है। राष्ट्रपति पेजेशकियान ने स्वीकार किया कि इस समय ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई के साथ सीधे संवाद में भारी कठिनाइयां आ रही हैं। आइए हर अपडेट नीचे पढ़ते हैं।

AUG 06, 2026 11:24 IST

लखीमपुर खीरी हिंसा मामला: आशीष मिश्रा को राहत देने से सुप्रीम कोर्ट का इनकार

सुप्रीम कोर्ट ने 2021 के लखीमपुर खीरी हिंसा मामले के आरोपी आशीष मिश्रा की जमानत की शर्तों में और ढील देने से इनकार कर दिया है।

आशीष मिश्रा ने अदालत से मौजूदा प्रतिबंधों में नरमी बरतने की मांग की थी। उनका कहना था कि इन शर्तों की वजह से वह पारिवारिक कार्यक्रमों, यहां तक कि अपनी बेटियों के जन्मदिन समारोह में भी शामिल नहीं हो पा रहे हैं।

हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने जमानत की शर्तों में किसी भी तरह की अतिरिक्त राहत देने से मना कर दिया।

सुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण ने ट्रायल की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि अभियोजन पक्ष महत्वपूर्ण गवाहों, जिनमें प्रत्यक्षदर्शी भी शामिल हैं, को सूची से हटा रहा है।

इस पर CJI सूर्यकांत ने कहा कि इस तरह की शिकायतों को पहले ट्रायल कोर्ट के सामने उठाया जाना चाहिए। ट्रायल कोर्ट के समक्ष मामला रखने के बाद ही इन मुद्दों को सुप्रीम कोर्ट में उठाया जा सकता है।

गौरतलब है कि आशीष मिश्रा 2021 के लखीमपुर खीरी हिंसा मामले में आरोपी हैं, जिसमें किसानों समेत कई लोगों की मौत हुई थी।

AUG 06, 2026 10:47 IST

सुनवाई एक एक मिनट बहुत कीमती

NEET पेपर लीक की सुनवाई कर रहे राउस एवेन्यू कोर्ट की फास्ट ट्रैक कोर्ट के जज अजय गुप्ता ने कहा सुनवाई एक एक मिनट बहुत कीमती हैं। मेरी चिंताओं को समझिए।

कोर्ट ने कहा कि सभी वकीलों से मैं आग्रह करूंगा कि वो 10 बजे तक कोर्ट में आ जाएं।

न्यायिक हिरासत में जेल में मौजूद आरोपियों को समय से वीसी से पेश कर दिया जाए।

AUG 06, 2026 10:46 IST

विपक्ष का संसद के मकर द्वार पर विरोध प्रदर्शन

सपा और कांग्रेस के सांसद मकर द्वार पर प्रदर्शन कर रहे हैं।

AUG 06, 2026 10:46 IST

पटना में आधी रात को जमकर हंगामा, थानेदार का फूटा सर

पटना सिटी में चेहल्लुम के मौके पर निकाली गई जुलूस में दो अखाड़ो के बीच हुई झड़प, अशोक राजपथ स्थित बौली मोड़ के समीप हुई झड़प, बीच बचाव के दौरान खाजेकलां थानाध्यक्ष विद्यानंद वर्मा को लगी चोट, थानेदार को सर पर चोट के बाद पुलिस ने भांजी लाठी, स्थिति तनावपूर्ण को देखते हुए भारी संख्या में पहुँची पुलिस, थानेदार को इलाज के लिए भेजा गया गुरुगोविंद सिंह अस्पताल।

AUG 06, 2026 09:33 IST

पुणे: जेल में बंद आरोपी का 'बर्थडे सेलिब्रेशन' पड़ा भारी, येरवडा जेल के बाहर पटाखे फोड़ने वाला युवक गिरफ्तार

पुणे के येरवडा सेंट्रल जेल के बाहर जेल में बंद आरोपी का महिमामंडन करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोपी के जन्मदिन के बहाने जेल की सुरक्षा दीवार के पास पटाखे फोड़कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले एक आरोपी को येरवडा पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर येरवडा जेल परिसर में विशेष गश्त और निगरानी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि इस मामले में वांछित आरोपी शंकर बालासाहेब भालके (19), निवासी धनकवड़ी पोस्ट ऑफिस चौक पर आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर उसे हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जेल में बंद सुल्तान सैयद के जन्मदिन के अवसर पर उसके दोस्तों ने येरवडा सेंट्रल जेल की सुरक्षा दीवार के पास सड़क पर पटाखे फोड़े, जिससे यातायात बाधित हुआ और लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ी। इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया, ताकि जेल में बंद आरोपी का महिमामंडन किया जा सके।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया के जरिए अपराधियों का महिमामंडन करने या ऐसे वीडियो प्रसारित कर अपराध को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह कार्रवाई पुणे पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार के मार्गदर्शन में येरवडा पुलिस स्टेशन की जांच टीम ने की। कार्रवाई में पुलिस उपनिरीक्षक किशोर बेरड सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

AUG 06, 2026 09:09 IST

AUG 06, 2026 09:07 IST

'मंत्रियों ने तोड़ा वादा': 26 दिन का अनशन समाप्त करने की तस्वीरों पर भड़के सोनम वांगचुक

नीट (NEET) और परीक्षा धांधली के खिलाफ 26 दिनों तक अनशन करने वाले प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वांगचुक ने कहा कि केंद्रीय मंत्रियों जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह के साथ देर रात हुई बैठक में यह स्पष्ट सहमति बनी थी कि जब तक विपक्ष और छात्र प्रतिनिधि शामिल नहीं होते, अनशन खत्म करने की तस्वीरें मीडिया में जारी नहीं की जाएंगी।

उन्होंने दावा किया कि खुफिया ब्यूरो (IB) के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में वादा किया गया था, लेकिन बैठक के पांच मिनट के भीतर ही तस्वीरें टीवी चैनलों पर चलने लगीं। वांगचुक ने किसी भी गुप्त समझौते ('मिडनाइट डील') से इनकार करते हुए कहा कि इस घटनाक्रम ने राजनीतिक नेतृत्व पर उनका विश्वास हिला दिया है।

AUG 06, 2026 09:06 IST

'राष्ट्रहित और योग्यता': करणी सेना और नागपुर से उठे आरक्षण विरोधी स्वर, छात्र हर्ष दुबे का बयान वायरल

देशभर में आरक्षण नीति में समीक्षा और कोटा व्यवस्था के खिलाफ छात्रों और सामाजिक संगठनों का आंदोलन जोर पकड़ रहा है। राजस्थान में करणी सेना और नागपुर में राष्ट्रीय अधिकार मंच (RHA) ने आरक्षण विरोधी अभियानों को तेज कर दिया है। जंतर-मंतर पर नीट विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्र नेता हर्ष दुबे द्वारा आरक्षण और योग्यता को लेकर दिया गया बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि मेडिकल शिक्षा (MBBS) और नौकरियों में जातिगत आरक्षण के बजाय प्रतिभा और आर्थिक स्थिति को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

AUG 06, 2026 09:06 IST

'सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई से संपर्क करना बेहद कठिन': ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने देश के राजनीतिक हालात और सर्वोच्च नेतृत्व को लेकर बड़ा खुलासा किया है। राष्ट्रपति पेजेशकियान ने स्वीकार किया कि इस समय ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई के साथ सीधे संवाद में भारी कठिनाइयां आ रही हैं। बता दें कि अपने पिता अली खामेनेई की हत्या के बाद पद संभालने वाले मोजतबा खामेनेई स्वयं हमले में घायल हुए थे और लंबे समय से सार्वजनिक मंचों से दूर हैं। पेजेशकियान ने देश में किसी भी आंतरिक मतभेद से इनकार करते हुए कहा कि सर्वोच्च नेता की उपस्थिति ही देश के लिए मजबूती का सबसे बड़ा स्रोत है।

AUG 06, 2026 09:05 IST

हवा में 300 फीट नीचे गिरी एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379, 17 यात्री व क्रू घायल

फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की उड़ान AI2379 भीषण हवाई टर्बुलेंस का शिकार हो गई थी। क्रूज ऊंचाई पर उड़ रहा एयरबस A320neo विमान अचानक लगभग 300 फीट नीचे गिर गया, जिससे केबिन के भीतर सामान बिखरा और यात्री सीटों से उछल गए। दुर्घटना में 13 यात्री और 4 केबिन क्रू सदस्य घायल हुए। घायलों को इलाज के लिए वसंत कुंज के फोर्टिस अस्पताल और स्पाइनल इंजरी सेंटर में भर्ती कराया गया। यह घटना दो दिन पुरानी 4 अगस्त की है। जहां नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। डीजीसीए ने विमान का ब्लैक बॉक्स जब्त कर लिया है और तकनीकी खराबी की संभावना की भी जांच की जा रही है।