कैथल में जम्मू कटरा नेशनल हाइवे पर 3 करोड़ के डोडापोस्त सहित पकड़े गए आरोपियों को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। आरोपी मध्य प्रदेश से नशा लाकर पंजाब में अंतराज्यीय तस्करी कर रहे थे। पूछताछ के लिए आरोपियों का रिमांड हासिल किया जाएगा। रिमांड के दौरान पुलिस
.
साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि और कितने तस्कर या सप्लायर इस नशे की खरीद फरोख्त में शामिल रहे हैं। पहले आरोपियों पर नशा तस्करी के कितने ऐसे मामले दर्ज हैं, इस बारे में भी उनका रिकॉर्ड खंगाला जाएगा। डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आज आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड लिया जाएगा।

मामले में गिरफ्तार किए गए नशा तस्कर
1928.100 किलो डोडा पोस्त मिला
बता दें कि सोमवार को पुलिस की स्पेशल डिटेक्टिव युनिट द्वारा अंतरराज्यीय नशा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दिल्ली-कटरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर नाकाबंदी कर एक ट्रक तथा उसकी एस्कॉर्ट कर रही क्रेटा कार से कुल 95 कट्टों में 1928.100 किलो डोडा पोस्त बरामद किया गया। मामले में 6 आरोपियों को काबू किया गया। बरामद किए गए नशीले पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ रुपए आंकी जा रही है।
सभी आरोपी पंजाब के रहने वाले
डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि पुलिस टीम ने गांव सिणद क्षेत्र में दिल्ली-कटरा हाईवे पर गाड़ी व ट्रक दो वाहनों को चारों ओर से घेरकर रोक लिया। पूछताछ में क्रेटा कार में सवार चार व्यक्तियों की पहचान रवि कुमार निवासी पातड़ा, करनैल सिंह निवासी गांव मरोड़ी, नरेश उर्फ नेशी निवासी निर्मलकोट (साधमाजरा) तथा सुखविन्द्र सिंह उर्फ बिन्दु निवासी गांव मरोड़ी, जिला पटियाला (पंजाब) के रूप में हुई।
वहीं ट्रक में सवार दो व्यक्तियों की पहचान हरविन्द्र सिंह निवासी गांव रतनहेड़ी, जिला पटियाला तथा गुरजैन्ट निवासी समाना, जिला पटियाला (पंजाब) के रूप में हुई।
कार की डिग्गी में छिपाया था नशा
कार की तलाशी दौरान कार की डिग्गी से काले रंग के 5 कट्टो से 101 किलोग्राम डोडापोस्त बरामद हुआ। इसके बाद ट्रक की गहन तलाशी ली गई। ट्रक के केबिन के पीछे बने विशेष गुप्त हिस्से से 90 कट्टे बरामद हुए। सभी कट्टों की जांच करने पर उनमें भी डोडा पोस्त मिला। प्रत्येक कट्टे का अलग-अलग इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन किया गया। सभी 90 कट्टों का कुल वजन 1827.100 किलोग्राम पाया गया।
इस प्रकार दोनों वाहनों से कुल 95 कट्टों में 1928.100 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी मध्यप्रदेश से यह नशीला पदार्थ खरीदकर लाए है तथा पंजाब में सप्लाई करना था।