दादी के 6 लाख के गहने कहां गए? अंतिम संस्कार के बाद रिश्तेदार ने निकाले, पोते की शिकायत पर खुला राज

Published on 3 अग॰ 2026

दादी के 6 लाख के गहने कहां गए? अंतिम संस्कार के बाद रिश्तेदार ने निकाले, पोते की शिकायत पर खुला राज

महिला की मौत के बाद गहने चोरी

Andhra Pradesh News: आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों में भरोसे और लालच दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. यहां 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत के बाद उनके लाखों रुपये के सोने के गहने गायब हो गए. पुलिस जांच में इस मामले ने नया मोड़ तब लिया, जब मृतका की ही एक रिश्तेदार ने पूछताछ के दौरान गहने चोरी करने की बात कबूल कर ली. फिलहाल पुलिस चोरी के साथ-साथ बुजुर्ग महिला की मौत के कारणों की भी जांच कर रही है.

जानकारी के अनुसार, पेदानंदिपाडु मंडल के रविपाडु गांव की रहने वाली 85 वर्षीय कोल्ला सुब्बयम्मा को 12 अप्रैल को अपने छोटे भाई के निधन की सूचना मिली थी. भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए वह काकुमानु मंडल के पंद्रापाडु गांव गई थीं. अंतिम संस्कार के बाद जब वह उसी दिन घर वापस नहीं लौटीं, तो उनके पोते कोल्ला वेंकटेश ने रिश्तेदार नंचारम्मा से फोन पर संपर्क किया. नंचारम्मा ने उन्हें भरोसा दिलाया कि वह सुब्बयम्मा का ध्यान रखेंगी, जिसके बाद वेंकटेश निश्चिंत हो गए.

52 ग्राम सोने के गहने गायब

अगले दिन यानी 13 अप्रैल को नंचारम्मा ने फोन कर वेंकटेश को बताया कि उनकी दादी कोल्ला सुब्बयम्मा का भी निधन हो गया है. सूचना मिलते ही वेंकटेश गांव पहुंचे और अपनी दादी का शव पैतृक गांव रविपाडु ले जाकर अंतिम संस्कार कराया. परिवार ने पहले इसे सामान्य घटना मान लिया, लेकिन बाद में उन्हें पता चला कि बुजुर्ग महिला के शरीर पर मौजूद करीब 52 ग्राम सोने के गहने गायब हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग छह लाख रुपये बताई गई.

पूछताछ में उगला सच

वेंकटेश ने सबसे पहले नंचारम्मा से गहनों के बारे में पूछताछ की, लेकिन उन्होंने किसी भी जानकारी से इनकार कर दिया. इसके बाद वेंकटेश ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और संदिग्धों से पूछताछ की. पूछताछ के दौरान नंचारम्मा ने कथित तौर पर गहने चोरी करने की बात स्वीकार कर ली. पुलिस ने उसके कब्जे से दो सोने की चेन, एक अंगूठी और एक मंगलसूत्र बरामद कर लिया है.

पुलिस ने बरामद किए गहने

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामद गहनों को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि बुजुर्ग महिला की मौत स्वाभाविक थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है. पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

इनपुट- तेलुगु डेस्क

आशू मोहम्मद

आशू मोहम्मद

राजनीति से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी, नई चीजों को पढ़ने और सीखने की ललख, पाठकों के सामने सरल भाषा व शब्दों में देश दुनिया से जुड़ी खबरों को परोसने का काम टीवी9 के साथ जारी है. वहीं अगर इससे पहले की बात की जाए तो कानपुर में जन्मे आशू मोहम्मद ने साइंस से ग्रेजुएशन करने के बाद कानपुर यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर, टीवी9 भारतवर्ष से 2022 में करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में करीब एक साल का अनुभव, अभी तक यह सिलसिला टीवी9 भारतवर्ष के साथ जारी है.  डिजिटल मीडिया की दुनिया में लिखने-पढ़ने, साथ ही 'न्यू मीडिया' की बारीकियों और चुनौतियों को समझने की कोशिश जारी है.

Read More

google button