अंबिकापुर में 26वीं राज्यस्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026 की शुरुआत हुई। प्रतियोगिता का शुभारंभ सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने बास्केट में बॉल डालकर किया।
.
चार दिन तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में बस्तर, बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर और सरगुजा संभाग के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। शुभारंभ समारोह में विद्यार्थियों ने बिहू और अन्य पारंपरिक नृत्यों की आकर्षक प्रस्तुति दी।
सांसद चिंतामणि महाराज ने खिलाड़ियों से कहा कि खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम के साथ मिलकर काम करने की भावना विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अपील की।
साथ ही, नियमित अभ्यास करने और बेहतर प्रदर्शन के दम पर आगे बढ़ते हुए बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान बनाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि खेल में हार-जीत लगी रहती है। एक अच्छा खिलाड़ी वही होता है, जो हार या जीत की परवाह किए बिना खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करता है।

सांसद ने दीप प्रज्जवलित कर किया प्रतियोगिता का शुभारंभ
जनप्रतिनिधियों ने किया खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, उपाध्यक्ष देवनारायण यादव और महापौर मंजूषा भगत सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने खिलाड़ियों से मेहनत और लगन के साथ बेहतर प्रदर्शन करने की अपील की। साथ ही, नियमित अभ्यास कर राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।
महापौर मंजूषा भगत ने विद्यार्थियों से स्वच्छ भारत अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अपने शहर और गांव को साफ-सुथरा और सुंदर बनाने में सभी को अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।

खिलाड़ियों से परिचय लेते सांसद चिंतामणि महाराज
कलेक्टर अजीत वसंत ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए अच्छा माहौल और पर्याप्त अवसर देना जरूरी है। उन्होंने सभी संभागों से आए खिलाड़ियों का स्वागत किया और उनके बेहतर प्रदर्शन की कामना की।
कार्यक्रम में मेजर अनिल सिंह, जिला पंचायत के सीईओ रोमा श्रीवास्तव, संयुक्त संचालक शिक्षा डॉ. राजेश सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
चार खेलों में अलग-अलग वर्गों के बीच होंगे मुकाबले
चार दिनों तक चलने वाली इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में फुटबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन और सॉफ्टबॉल टेनिस के मुकाबले होंगे। प्रतियोगिताएं अलग-अलग आयु वर्गों में आयोजित की जा रही हैं। इसमें 215 छात्र और 245 छात्राएं हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए खिलाड़ी गुरुवार रात तक अंबिकापुर पहुंच गए थे।