राणापुर जन-विश्वास शिविर में 54 आवेदन मिले: 178 सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का भी निराकरण हुआ. 95 अब भी बाकी - Jhabua News

Published on 29 अग॰ 2026

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शनिवार को राणापुर विकासखंड में एक जन-विश्वास शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में आमजन की समस्याओं और मांगों से संबंधित कुल 54 आवेदन प्राप्त हुए। अभियान के भ्रमण सप्ताह के दौरान सीएम हेल्पलाइन की 273 लंबित शिकायत

.

इस दौरान लगभग 120 अधिकारियों ने विभिन्न शासकीय संस्थाओं और क्षेत्रों का मैदानी निरीक्षण किया। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने अधिकारियों को शेष बची सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने राणापुर क्षेत्र में बिजली, जल संरक्षण, नगर की यातायात व्यवस्था और स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष ध्यान देने को भी कहा।

पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से एक ही मंच पर समस्याओं का निराकरण करने के साथ-साथ विभिन्न योजनाओं का लाभ भी दिया जा रहा है। जनसंवाद के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष दीपमाला नलवाया ने यातायात और पेयजल, जनपद अध्यक्ष निर्मला भानु भूरिया ने निर्माण कार्यों की राशि व प्रधानमंत्री आवास योजना, तथा जिला पंचायत सदस्य विजय भाबोर ने विद्यालय में गणित शिक्षक की अनुपलब्धता और स्टॉप डैम के रखरखाव की मांग रखी।

एनआरएलएम, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, पशुपालन पवन नायक और पीएमएफएमई योजना से जुड़े हितग्राहियों ने अपने स्वरोजगार और आजीविका में आए सकारात्मक बदलाव के अनुभव साझा किए।कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों को सहायता प्रदान की गई। पीएमएफएमई योजना के तहत कैलाश डामोर को आटा चक्की के लिए ₹1.35 लाख स्वीकृत किए गए। पीएम स्वनिधि योजना में मयंक बघेल, कमलसिंग बबेरिया और राकेश कुमार जैन को स्वरोजगार हेतु ऋण स्वीकृत हुआ।एनआरएलएम स्वयं सहायता समूह के अंतर्गत चार महिला बचत समूहों को कृषि, पशुपालन एवं किराना गतिविधियों के लिए कुल ₹39 लाख का ऋण प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत राहुल राठौर को परिवहन सेवा के लिए ₹20 लाख प्रदान किए गए।

भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना में भावेश मेड़ा, शकीला डिंडोर और महेश कुमार बामनिया को किराना दुकान के लिए ऋण वितरित किए गए। आचार्य विद्यासागर गौ संवर्धन योजना के तहत मनोज सिंगाड़ को ₹4.25 लाख का ऋण प्रदान किया गया।