Updated On: Aug 04, 2026 | 06:35 PM IST
विज्ञापन
सार
COD Scam : बेंगलुरु की एक महिला के घर 500 रुपये का कैश-ऑन-डिलीवरी पार्सल पहुंचा, जबकि उसने कोई ऑर्डर नहीं किया था। पार्सल खोलने पर उसमें टूटा हुआ डिब्बा और आधी Rin साबुन की टिकिया मिली।

वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
विस्तार
Cash on Delivery Fraud : ऑनलाइन शॉपिंग के दौर में कैश-ऑन-डिलीवरी (COD) सुविधा का इस्तेमाल लाखों लोग करते हैं, लेकिन बेंगलुरु से सामने आई एक घटना ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में एक महिला ने दावा किया कि उसके घर 500 रुपये का COD पार्सल पहुंचा, जबकि उसने ऐसा कोई ऑर्डर नहीं किया था।
डिलीवरी एजेंट उससे भुगतान लेने पहुंचा, लेकिन महिला ने साफ कहा कि उसने कुछ मंगाया ही नहीं है। जब जिज्ञासावश उसने पार्सल खोलकर देखा तो उसके अंदर एक टूटा हुआ कार्डबोर्ड बॉक्स और आधी Rin साबुन की टिकिया मिली। इसके बाद उसने इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया, जो तेजी से वायरल हो गया।
⚠️ Karnataka, Stay Alert! Bengaluru resident Sowmya Suresh has shared an alarming experience. According to her, a ₹500 Cash on Delivery (COD) parcel arrived at her home in her name and address, even though she had never placed such an order. After refusing to pay and opening… pic.twitter.com/mdaW8dFwYY — ಸನಾತನ (सनातन) (@sanatan_kannada) August 4, 2026
COD पार्सल में निकला आधा साबुन
महिला, जिसकी पहचान सौम्या सुरेश के रूप में हुई है, ने वीडियो में सवाल उठाया कि आखिर किसी के पास उसका नाम, पता और मोबाइल नंबर कैसे पहुंचा। उनका कहना था कि अगर घर में कोई बुजुर्ग या परिवार का दूसरा सदस्य होता, तो वह बिना जांचे 500 रुपये देकर पार्सल ले सकता था।
महिला ने आशंका जताई कि यह किसी नए तरह के डिलीवरी या COD स्कैम का हिस्सा हो सकता है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि यह किसी बड़े ठगी गिरोह का मामला है या फिर कोई अलग घटना। सोशल मीडिया पर लोगों ने भी इस मामले को गंभीर बताते हुए डेटा सुरक्षा और ग्राहकों की निजी जानकारी के दुरुपयोग पर चिंता जताई है।
सम्बंधित ख़बरें
ये खबर भी पढ़ें : उफनते नाले को पार करना पड़ा भारी! देखते ही देखते पानी में फंस गई कार, रोंगटे खड़े कर देगा वीडियो
वायरल वीडियो ने बढ़ाई ठगी की चिंता
यह वीडियो वायरल होने के बाद बेंगलुरु पुलिस की भी नजर इस मामले पर पड़ी। पुलिस ने सोशल मीडिया पर महिला से घटना की पूरी जानकारी और स्थान साझा करने को कहा है ताकि मामले की जांच की जा सके।
इंटरनेट पर कई यूजर्स ने लोगों को सलाह दी कि जिस पार्सल का ऑर्डर उन्होंने नहीं किया हो, उसके लिए कभी भी भुगतान न करें। साथ ही, डिलीवरी एजेंट से पहले ऑर्डर की पुष्टि करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत संबंधित कंपनी या पुलिस को दें। यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि ऑनलाइन खरीदारी के साथ सतर्कता भी उतनी ही जरूरी है।
