जंतर-मंतर प्रदर्शन में 'मौत' की अफवाह फैला रहा पाकिस्तान? दिल्ली पुलिस का एक्शन, 500 पोस्ट हटाए और 4 FIR की दर्ज

Published on 13 अक्टू॰ 2026

पिछले कुछ दिनों में सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने और लोगों के बीच अशांति पैदा करने की कोशिश करने वाले पोस्ट पर दिल्ली पुलिस लगातार नजर रख रही है. सूत्रों के मुताबिक अब तक ऐसे करीब 500 सोशल मीडिया पोस्ट हटाए जा चुके हैं. पुलिस सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म की निगरानी कर रही है ताकि गलत जानकारी और अफवाहों को फैलने से रोका जा सके. साथ ही दिल्ली पुलिस की स्पेशल यूनिट ने ऐसे अकाउंट्स पर 4 एफआईआर भी दर्ज की है.

मिली जानकारी के मुताबिक, सीमा पार से भारत-विरोधी गतिविधियां और फेक न्यूज फैलाने में कई पाकिस्तानी सोशल मीडिया अकाउंट्स सक्रिय पाए गए हैं. 10 अक्टूबर को, कई पाकिस्तानी सोशल मीडिया अकाउंट्स ने कथित तौर पर विरोध प्रदर्शन के दौरान मौतों का दावा करने वाली झूठी खबरें फैलाईं. यह भी पता चला है कि पाकिस्तान से ऑपरेट करने वाले यूजर्स भारतीय बनकर फेक वीडियो और गुमराह करने वाली जानकारी फैला रहे थे.

अशांति भड़काने की कोशिश

सूत्रों के अनुसार, अब तक लगभग 500 सोशल मीडिया पोस्ट हटाए जा चुके हैं, जो कथित तौर पर अफवाहें फैला रहे थे या अशांति भड़काने की कोशिश कर रहे थे. दिल्ली पुलिस ने सोमवार के मार्च के दौरान नियमों के कथित उल्लंघन को लेकर कई FIR भी दर्ज की हैं.

विरोध प्रदर्शन को लेकर भी FIR

पुलिस ने बताया कि ये FIR विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में बाराखंबा रोड और तिलक मार्ग पुलिस स्टेशनों में दर्ज की गईं. पुलिस के मुताबिक, ये मामले प्रदर्शन के दौरान बैरिकेड्स तोड़ने और सड़कों पर ग्रैफिटी बनाने जैसी कथित घटनाओं से जुड़े हैं.

100 सोशल मीडिया हैंडल्स भी डाउन

इसके अलावा दिल्ली पुलिस ने तकरीबन 100 सोशल मीडिया हैंडल्स भी डाउन किए गए हैं. इन हैंडल्स की लगातार निगरानी भी की जा रही है. दिल्ली पुलिस सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी और अफवाह फैलाने वाली पोस्ट पर नजर रख रही है.

सोशल मीडिया पर सावधानी बरतने की अपील

दिल्ली पुलिस ने गलत और भ्रामक जानकारी फैलाने वाले विदेशी या नकली सोशल मीडिया अकाउंट्स के खिलाफ एक जागरूकता अभियान शुरू किया है और लोगों को सलाह दी है कि वे सिर्फ आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें. उन्होंने लोगों से यह भी अपील की है कि वे ऐसी कोई भी पोस्ट शेयर न करें जिससे माहौल खराब हो सकता है.

जितेन्द्र कुमार शर्मा

जितेन्द्र कुमार शर्मा

साल 2002 से क्राइम और इन्वेस्टिगेशन रिपोर्टिंग का अनुभव। नवभारत टाइम्स, अमर उजाला, शाह टाइम्स के अलावा टीवी मीडिया में BAG Films के नामी शो सनसनी और रेड अलर्ट में काम किया। उसके बाद न्यूज 24, इंडिया टीवी में सेवाए दी और टीवी 9 भारतवर्ष के साथ सफर जारी है।

Read More

google button