5 साल, 93 मौतें... NEET के दबाव पर रिपोर्ट ने बढ़ाई चिंता, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी

Published on 21 जुल॰ 2026

5 साल, 93 मौतें... NEET के दबाव पर रिपोर्ट ने बढ़ाई चिंता, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी

NEET का बढ़ता दबाव? (Keshav Singh/HT via Getty Images)

देशभर में NEET को लेकर चल रहा विवाद अब सिर्फ पेपर लीक या परीक्षा में कथित गड़बड़ियों तक सीमित नहीं रह गया है. दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP (Cockroach Janta Party) और छात्र संगठनों के नेतृत्व में जारी प्रदर्शन ने इस बहस को एक नए मोड़ पर ला दिया है. प्रदर्शनकारी सिर्फ परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग नहीं कर रहे, बल्कि छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव को भी बड़ा मुद्दा बता रहे हैं. इसी बीच आई एक रिपोर्ट ने इस चिंता को और गहरा कर दिया है.

मेडिकल डायलॉग्स की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले पांच सालों में NEET से जुड़े दबाव के बीच 93 छात्रों की आत्महत्या के मामले सामने आए हैं. इनमें साल 2026 में अब तक 14 मामले दर्ज किए गए हैं. यह आंकड़े ऐसे समय सामने आए हैं, जब कई राज्यों में छात्र परीक्षा प्रणाली, बढ़ती प्रतिस्पर्धा, कोचिंग के दबाव और बार-बार होने वाले विवादों को लेकर आवाज उठा रहे हैं. लगातार सामने आ रहे ऐसे मामले इस बात की ओर जरूर इशारा करते हैं कि मेडिकल प्रवेश परीक्षा से जुड़ा मानसिक दबाव एक गंभीर मुद्दा बनता जा रहा है.

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन

दिल्ली के जंतर-मंतर पर इन दिनों NEET को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है. CJP (Cockroach Justice Platform) और कई छात्र संगठन परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और छात्रों के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर आवाज उठा रहे हैं. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनका आंदोलन सिर्फ किसी एक परीक्षा या एक विवाद तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर है. इसी बीच मेडिकल डायलॉग्स की एक रिपोर्ट ने इस बहस को और गंभीर बना दिया है.

  • पिछले 5 साल में NEET के 93 छात्रों की आत्महत्या के मामले सामने आए हैं.
  • साल 2026 में अब तक ऐसे 14 मामले दर्ज होने का दावा किया गया है.
  • इनमें 2025 सबसे खराब साल रहा, जब 32 छात्रों ने जान गंवाई.
  • जंतर-मंतर पर छात्र परीक्षा सुधार और मानसिक स्वास्थ्य के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं.

किस राज्य के हैं ज्यादा मामले?

देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET को लेकर छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव की तस्वीर रिसर्च सामने आई है. नेशनल सेंटर फॉर बायोटेक्नोलॉजी इंफॉर्मेशन (NCBI) में प्रकाशित एक अध्ययन में 2018 से 2020 के बीच मीडिया में सामने आए मामलों का विश्लेषण किया गया. इस अध्ययन की बात करें, तो शोधकर्ताओं ने NEET से जुड़े 32 छात्र आत्महत्या मामलों का विश्लेषण किया. इनमें 21 (65.6%) छात्राएं और 11 (34.4%) छात्र थे. सबसे ज्यादा 15 मामले (46.9%) तमिलनाडु से सामने आए, इसके बाद बिहार में 4 मामले (12.5%) दर्ज हुए.

Neet Paper Leak Pressure

एक नजर आंकड़े पर (Kmatta/Moment/Getty Images)

क्या कहता है पूरा आंकड़ा?

अध्ययन में 65.6% मामलों में पढ़ाई और परीक्षा का दबाव प्रमुख कारण पाया गया, जबकि 71.9% मामलों में किसी न किसी बड़ी जीवन-घटना का जिक्र था. वहीं 2020 में दर्ज 18 मामलों में से 14 (77.8%) सीधे NEET परीक्षा से जुड़ी चिंता या तनाव से जुड़े थे. शोधकर्ताओं ने निष्कर्ष निकाला कि परीक्षा का दबाव, असफलता का डर और सामाजिक-परिवारिक अपेक्षाएं मिलकर छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल रही हैं.

NEET परीक्षा का दबाव लगातार बढ़ता दिख रहा है. मीडिया रिपोर्ट्स के विश्लेषण के अनुसार, 2021 से 2026 के बीच NEET से जुड़े तनाव के कारण कम से कम 93 छात्रों की आत्महत्या के मामले सामने आए हैं. इनमें 2025 सबसे खराब साल रहा, जब 32 छात्रों ने जान गंवाई. वहीं 2026 में अब तक 14 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से 5 मामले 12 मई को NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द होने की घोषणा के बाद हुए.

पेपर लीक के बाद आत्महत्या

वहीं कुछ जगह रिपोर्ट में कहा गया कि NEET-UG 2026 पेपर लीक विवाद के बाद देशभर में छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ गई है. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, 20 जून 2026 तक आत्महत्या करने वालों की संख्या 12 बताई गई, यानी परीक्षा रद्द होने और री-एग्जाम के बीच 37 दिनों में कम से कम 12 छात्रों की मौत की खबरें सामने आईं. यह आंकड़ा विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित है, कोई आधिकारिक सरकारी संख्या नहीं है. रिपोर्ट के अनुसार, 2021 में 4, 2022 में 9, 2023 में 14, 2024 में 19, 2025 में 32 और 2026 में अब तक 14 मामले सामने आए हैं. यानी पांच सालों में हर साल ऐसे मामलों की संख्या बढ़ी है, जो परीक्षा के बढ़ते दबाव और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है.

कितनी बार हुआ है पेपर लीक?

NEET-UG पिछले कुछ वर्षों में बार-बार पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोपों के कारण विवादों में रहा है. उपलब्ध रिकॉर्ड के अनुसार, 2016, 2021, 2024 और 2026 में NEET से जुड़े पेपर लीक या लीक के आरोपों के मामले सामने आए. इनमें 2026 का मामला सबसे बड़ा माना जा रहा है, क्योंकि कथित पेपर लीक के बाद NTA ने पहली बार पूरी NEET-UG परीक्षा रद्द कर दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया.

Neet Controversy Jantar Mantar Protest

छात्रों की क्या हैं मांग? (Ritesh Shukla/Getty Images)

जंतर-मंतर पर छात्र क्या मांग रहे हैं?

दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन में छात्र सिर्फ परीक्षा से जुड़े विवादों पर सवाल नहीं उठा रहे, बल्कि पूरी परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे हैं. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया पारदर्शी हो, छात्रों का भरोसा कायम रहे और ऐसी व्यवस्था बने जिसमें बार-बार होने वाले विवाद और अनिश्चितता खत्म हो. उनका कहना है कि लगातार तनाव और असुरक्षा का असर छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य पर भी पड़ता है. सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत जरूर शुरू हुई है, लेकिन अभी तक आंदोलन पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है.

NEET को लेकर इतना दबाव क्यों है?

NEET भारत की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा है. हर साल लाखों छात्र डॉक्टर बनने के सपने के साथ इस परीक्षा में बैठते हैं, लेकिन सरकारी मेडिकल कॉलेजों में सीटें सीमित हैं. कई छात्र एक से अधिक बार परीक्षा देते हैं. इसके लिए सालों तक कोचिंग करते हैं और परिवार की उम्मीदों के साथ तैयारी करते हैं. ऐसे में असफलता का डर, आर्थिक बोझ और सामाजिक तुलना कई छात्रों के लिए मानसिक तनाव बढ़ा सकती है. ऐसे में पेपर के लीक हो जाने से छात्रों का मनोबल पुरी तरह से टूट जाता है.

अंकिता

अंकिता

शिव की नगरी काशी से अपने करियर की शुरुआत करने वाली अंकिता पाण्डेय ने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से पत्रकारिता में अपनी मास्टर्स की डिग्री पूरी की है.  पत्रकारिता में आने के लिए उन्होंने बनारस के लोकल न्यूज पेपर "काशीवार्ता" से अपनी शुरुआत की, बाद में दिल्ली जैसे महानगरी का रुख करते हुए उन्होंने TV9 भारतवर्ष में अक्टूबर साल 2023 से जुड़ी. आज वह इस ऑर्गनाइजेशन में बतौर सब-एडिटर काम कर रही हैं. क्राइम, एंटरटेनमेंट और अन्य सभी को न्यूज के साथ विजुअल तरीके से पेश करने में रुचि है. पत्रकारिता के अलावा कविताएं लिखना, फोटोग्राफी करना और म्यूजिक का भी शौक रखती हैं.

Read More

google button