Udaipur News: राजस्थान के उदयपुर में 5 स्टार होटल में ठहरने के बाद लाखों रुपये का बिल बिना चुकाए चले जाने का मामला सामने आया है. दिल्ली निवासी एक पर्यटक पर आरोप है कि वह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ ओबेरॉय उदयविलास (The Oberoi Udaivilas) में करीब 10 दिन ठहरा और होटल की सेवाओं का इस्तेमाल करने के बाद 5.74 लाख रुपये का बिल दिए बिना ही वहां से चला गया. होटल प्रबंधन की शिकायत पर अंबामाता थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार होटल के लायजनिंग मैनेजर रविंद्र सिंह ने शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में बताया गया कि दिल्ली निवासी अनुराग यादव अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ उदयपुर घूमने आया था. परिवार ने 10 दिन के लिए होटल में कमरा बुक कराया था. इस दौरान उन्होंने होटल में ठहरने के साथ लंच, डिनर और अन्य सुविधाओं का भी इस्तेमाल किया.
चेकआउट के समय क्या बोला था पर्यटक?
पुलिस के मुताबिक 12 अगस्त को मेकर बाहा ट्रेवल एजेंसी की ओर से ई-मेल के जरिए अनुराग यादव के ठहरने की बुकिंग कराई गई थी. इसके बाद अनुराग अपनी पत्नी और दोनों बच्चों के साथ 14 अगस्त से 23 अगस्त तक होटल में ठहरा. 10 दिनों के प्रवास के दौरान होटल की ओर से उपलब्ध कराई गई अलग-अलग सेवाओं को जोड़कर कुल बिल 5.74 लाख रुपये का बना.
शिकायत के मुताबिक 24 अगस्त को चेकआउट के समय होटल प्रबंधन ने जब बिल का भुगतान करने के लिए कहा तो अनुराग यादव ने भुगतान करने से इनकार कर दिया. उसने होटल प्रबंधन से कहा कि बिल का भुगतान ट्रेवल एजेंसी की ओर से किया जाएगा. हालांकि, पुलिस को ट्रेवल एजेंसी की ओर से बताया गया कि बुकिंग के दौरान होटल का बिल चुकाने को लेकर अनुराग के साथ ऐसी कोई डील नहीं हुई थी.
पुलिस कर रही जांच
इसके बाद होटल प्रबंधन को शक हुआ और मामले की शिकायत पुलिस से की गई. अंबामाता थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि होटल में बुकिंग किस तरह कराई गई थी और भुगतान को लेकर ट्रेवल एजेंसी और पर्यटक के बीच क्या बातचीत हुई थी.
पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में मामला होटल और ट्रेवल एजेंसी के साथ धोखाधड़ी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. आरोपी अनुराग यादव दिल्ली में एक निजी कंपनी में काम करता है. पुलिस बुकिंग से जुड़े दस्तावेज, ई-मेल और भुगतान संबंधी रिकॉर्ड की जांच कर रही है.
देश-विदेश से आते हैं पर्यटक
उदयपुर देश-विदेश के पर्यटकों के बीच अपनी झीलों, महलों और ऐतिहासिक विरासत के लिए प्रसिद्ध है. ऐसे में एक पर्यटक द्वारा कथित तौर पर लाखों रुपये का होटल बिल बिना चुकाए चले जाने की घटना ने होटल और पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के बीच भी चर्चा पैदा कर दी है. फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि इस पूरे मामले में किसकी भूमिका क्या रही और होटल के बकाया भुगतान को लेकर अंतिम स्थिति क्या बनती है.

भगवान प्रजापत
भगवान प्रजापत राजस्थान के उदयपुर जिले का रहने वाले हैं. मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन और पत्रकारिता में डिप्लोमा करने के बाद वर्ष 2006 में उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा. उन्हें इस क्षेत्र में कार्य करते हुए 20 वर्ष से अधिक का अनुभव है. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका के केबल नेटवर्क चैनल 24 न्यूज़ से की. इसके बाद तीन वर्षों तक ईटीवी में कार्य किया. एक दशक से अधिक समय तक जन टीवी में कार्य करने का भी अनुभव रहा है. पिछले पांच वर्षों से प्रिंट और डिजिटल मीडिया में भी कार्य कर रहे हैं. वर्तमान में वो TV9 भारतवर्ष के साथ जुड़े हैं.
Read More