यूपी में मानसून एक बार फिर पूरी ताकत के साथ सक्रिय हो गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के लखनऊ केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 5 अगस्त को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिणी राजस्थान के ऊपर बने सिस्टम और मानसूनी द्रोणी के उत्तर की ओर खिसकने से गंगा के मैदानी इलाकों में नमी बढ़ेगी, जिससे अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा.
आईएमडी के मुताबिक, 5 अगस्त को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लगभग सभी संभागों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. इसके साथ ही कई जिलों में भारी बारिश भी हो सकती है. आईएमडी के प्रभाव आधारित पूर्वानुमान के अनुसार 5 अगस्त (सुबह 8:30 बजे से 6 अगस्त सुबह 8:30 बजे तक) निम्न जिलों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है : प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर.
किन जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट
सम्बंधित ख़बरें
ईएमडी के रंग आधारित चेतावनी मानचित्र के अनुसार ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में मध्य और बुंदेलखंड क्षेत्र के कई जिले शामिल हैं, जहां तेज बारिश की संभावना है. येलो अलर्ट पूर्वांचल, अवध और पश्चिमी यूपी के बड़े हिस्से में जारी है. यहां गरज-चमक के साथ बारिश पड़ सकती है. ग्रीन श्रेणी वाले जिलों में फिलहाल किसी विशेष चेतावनी की आवश्यकता नहीं है, हालांकि हल्की से मध्यम बारिश संभव है.
कानपुर, लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर समेत बड़े शहरों का हाल
राजधानी लखनऊ में दिनभर बादल छाए रहने के साथ कई दौर की बारिश हो सकती है. गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ने की संभावना है. कानपुर नगर और कानपुर देहात में भी बादलों की आवाजाही बनी रहेगी. कहीं-कहीं मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि आसपास के क्षेत्रों में तेज बारिश से जलभराव की स्थिति बन सकती है. वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली और जौनपुर में भारी बारिश का खतरा अधिक है. स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बस्ती और संत कबीर नगर में भी भारी बारिश के आसार हैं. बरेली, पीलीभीत, रामपुर, मुरादाबाद, बिजनौर और शाहजहांपुर में भी तेज बारिश लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है.
तापमान में मिलेगी राहत
मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में बारिश बढ़ने के कारण अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. इससे उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिलने की संभावना है. आईएमडी के अनुसार, दक्षिणी-पश्चिमी राजस्थान के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र कमजोर होने के बाद मानसूनी द्रोणी उत्तर की ओर खिसक गई है. इसके साथ ही प्रदेश के दक्षिण-मध्य भाग में बने चक्रवाती परिसंचरण और गंगा के मैदानी इलाकों में बढ़े मानसूनी प्रवाह से पूरे उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज हो गई हैं.
भारी बारिश के दौरान इन बातों का रखें ध्यान
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि जलभराव वाले इलाकों से दूर रहें. नदी-नालों और बाढ़ संभावित क्षेत्रों में जाने से बचें. बिजली चमकने के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े न हों. अनावश्यक यात्रा से बचें.कमजोर और कच्चे मकानों में रहने वाले लोग सुरक्षित स्थान पर चले जाएं. वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें क्योंकि दृश्यता कम हो सकती है आईएमडी ने किसानों को खेतों से अतिरिक्त पानी निकालने, भारी बारिश के दौरान उर्वरकों का प्रयोग नहीं करने और सब्जी एवं धान की फसलों में जल निकासी की उचित व्यवस्था बनाए रखने की सलाह दी है. गन्ना, धान, मक्का, मूंगफली, तिल, अरहर और सब्जी की फसलों में जलभराव से नुकसान की आशंका जताई गई है.
---- समाप्त ----