रायसेन में शिक्षक पर गंभीर आरोप: 5 घंटे धरने पर बैठे छात्र-ग्रामीण, परीक्षा फीस के नाम पर 3 हजार रुपए लेने और धमकाने का आरोप - Raisen News

Published on 26 अग॰ 2026

रायसेन के सांची विकासखंड के शासकीय हाई स्कूल गुंदरई कॉलोनी में मंगलवार को विद्यार्थियों, अभिभावकों और ग्रामीणों ने शिक्षक संतोष रजक के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए करीब 5 घंटे तक धरना दिया। छात्रों ने शिक्षक पर धमकाने, परीक्षा फीस के नाम पर 3-3 हजार रु

.

शिक्षक पर धमकाने और अवैध वसूली के आरोप

विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि शिक्षक संतोष रजक उन्हें आए दिन धमकाते थे। एक छात्र को कथित तौर पर "हाथ-पैर तुड़वा दूंगा" कहकर धमकाने की बात भी सामने आई है।

छात्रों का आरोप है कि परीक्षा फीस के नाम पर उनसे 3-3 हजार रुपए लिए गए, लेकिन भुगतान की कोई रसीद नहीं दी गई। विद्यार्थियों ने इस राशि के लिए उचित हिसाब और कार्रवाई की मांग की।

खुद को DEO का रिश्तेदार बताने का आरोप

विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि शिक्षक संतोष रजक खुद को जिला शिक्षा अधिकारी का रिश्तेदार बताकर विद्यार्थियों और स्कूल के अन्य स्टाफ पर दबाव बनाते थे। ग्रामीणों के मुताबिक, शिक्षक की कथित मनमानी से स्कूल के अन्य शिक्षक भी परेशान थे। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

स्कूल में टूटी मिली शौचालय की व्यवस्था

मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे मामले की जानकारी मिलने के बाद विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता स्कूल पहुंचे। निरीक्षण के दौरान स्कूल के शौचालय में सीट और गेट टूटे मिले। परिसर में भी गंदगी की स्थिति दिखाई दी।विद्यार्थियों ने बताया कि स्कूल की लैब करीब दो साल से बंद है। स्कूल की व्यवस्थाओं को लेकर भी छात्रों और ग्रामीणों ने सवाल उठाए।

स्कूल गेट पर शुरू हुआ धरना

शिकायतों और स्कूल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के बाद विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता स्कूल गेट पर धरने पर बैठ गए। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक और ग्रामीण भी धरने में शामिल हो गए। इस दौरान शिक्षक संतोष रजक के खिलाफ नारेबाजी की गई। विरोध प्रदर्शन करीब 5 घंटे तक चला।

SDM ने मौके पर पहुंचकर सुनी शिकायतें

मामले की जानकारी मिलने पर SDM मनीष शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्कूल का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों तथा ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं। निरीक्षण के दौरान स्कूल में व्यवस्थाओं से जुड़ी कई कमियां सामने आईं। परीक्षा फीस के नाम पर राशि लिए जाने और उसकी रसीद नहीं दिए जाने की शिकायत भी SDM के सामने रखी गई।

शिक्षक को हटाने की कार्रवाई का आश्वासन

SDM मनीष शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विद्यार्थियों और ग्रामीणों को जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने शिक्षक संतोष रजक को हटाकर दूसरे शिक्षक की नियुक्ति के लिए प्रस्तावित कार्रवाई किए जाने की बात कही।

फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की शिकायतों और स्कूल की व्यवस्थाओं की जांच कर रहा है। विद्यार्थियों और ग्रामीणों की नजर अब प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर है।