Published: Saturday, July 25, 2026, 13:50 [IST]
NTA Income: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) इन दिनों परीक्षा व्यवस्था को लेकर सवालों के घेरे में है। देशभर ने पेपर लीक के मुद्दे को लेकर प्रोटेस्ट चल रहे हैं। इसी बीच केंद्र सरकार ने संसद में एजेंसी की आय और खर्च से जुड़े आंकड़े पेश किए हैं। ये आंकड़े सुनकर एक पल को आप भी दंग रह जाएंगे। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की आय 5 साल में दोगुना से भी ज्यादा हो गई है।
सरकारी जानकारी के मुताबिक, वित्त वर्ष 2019-20 में NTA की कुल आय 504.16 करोड़ रुपये थी, जो 2023-24 में बढ़कर 1116.84 करोड़ रुपये हो गई है। यानी पांच साल में एजेंसी की आय दोगुने से भी ज्यादा बढ़ी है। इसी अवधि में NTA का खर्च भी 440.20 करोड़ रुपये से बढ़कर 1040.96 करोड़ रुपये पहुंच गया। यह जानकारी केंद्रीय राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने राज्यसभा में एक लिखित जवाब में दी।
2022 के बाद तेजी से बढ़ी NTA की कमाई
संसद में दिए आंकड़ों के अनुसार, 2019-20 से 2021-22 तक NTA की आय करीब 500 करोड़ रुपये के आसपास रही। इसके बाद इसमें तेज बढ़ोतरी हुई। 2022-23 में एजेंसी की आय 900.56 करोड़ रुपये और 2023-24 में 1116.84 करोड़ रुपये पहुंच गई। NTA का खर्च भी इसी दौरान बढ़ा। 2019-20 में 440.20 करोड़ रुपये खर्च हुए, जो 2020-21 में 436.25 करोड़ और 2021-22 में 426.52 करोड़ रुपये रहे। 2022-23 में खर्च बढ़कर 681.52 करोड़ और 2023-24 में 1040.96 करोड़ रुपये हो गया।
ये भी पढ़ें: CJP प्रोटेस्ट के बीच चर्चा में डॉ.जितेंद्र सिंह, AIIMS के डॉक्टर नौकरी छोड़ क्यों बन गए नेता?
| वित्त वर्ष | आय | खर्च |
| 2019-20 | 504.16 करोड़ | 440.20 करोड़ |
| 2020-21 | 515.16 करोड़ | 436.25 करोड़ |
| 2021-22 | 508.47 करोड़ | 426.52 करोड़ |
| 2022-23 | 900.56 करोड़ | 681.52 करोड़ |
| 2023-24 | 1116.84 करोड़ | 1040.96 करोड़ |
270 से ज्यादा परीक्षाएं करा चुकी है NTA
सरकार के मुताबिक, 2018 में स्थापना के बाद से NTA अब तक 270 से ज्यादा परीक्षाएं आयोजित कर चुकी है। इनमें 6.6 करोड़ से अधिक उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। साल 2026 में ही एजेंसी ने 12 परीक्षाएं आयोजित की हैं, जिनमें 65 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया।
NTA में 39 स्थायी पद
NTA में फिलहाल 39 स्थायी पद हैं और सभी पद डेपुटेशन के जरिए भरे गए हैं। इसके अलावा एजेंसी 73 संविदा कर्मचारियों और 124 आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवाएं लेती है। ये कर्मचारी देशभर में परीक्षाओं के आयोजन और अन्य जरूरी कामों में सहयोग करते हैं।
NTA की आय और खर्च के ये आंकड़े ऐसे समय सामने आए हैं, जब एजेंसी NEET UG 2026 में कथित पेपर लीक और परीक्षा प्रबंधन को लेकर विवादों में है। इसे लेकर देशभर में छात्रों ने प्रदर्शन किए और परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और सुधार की मांग उठाई है।
ये भी पढ़ें: Abhijeet Dipke: CJP प्रोटेस्ट साइट पर अब नजर नहीं आएंगे अभिजीत दीपके? वीडियो जारी कर बताया क्या हुआ उनके साथ