46 साल पहले बहन ने दूर रह रहे भाई को चांद के जरिए भिजवाया था संदेश, Lata Mangeshkar की आवाज में बना कल्ट गाना - lata mangeshkar rakhshabandhan song from movie chambal ki kasam is still remembered as best rakhi song

Published on 28 अग॰ 2026

फिल्म 'चंबल की कसम' का एक गाना काफी वायरल है जिसमें बहन चांद से कहती है कि उसके भाई को संदेश देकर आए।

एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। रक्षाबंधन (Raksha Bandhan) भाई-बहन के प्रेम के प्रतीक का त्योहार है। इस दिन बहनें भाई की कलाई पर रेशम के धागे में अपना प्यार बांधती हैं और उसकी लंबी उम्र की कामना करती हैं।

बॉलीवुड ने हमें रक्षाबंधन पर कई ऐसे गाने दिए हैं जिन्हें हम अक्सर गुनगुना कर अपने भाई को ये बता सकते हैं कि एक बहन उन्हें कितना प्यार करती है। लेकिन सोचिए उन भाई-बहनों का क्या जो राखी के त्योहार पर अपनी बहन के पास नहीं होते।

दूर बैठे भाई को याद करती है बहन

आज हम आपको बॉलीवुड के एक ऐसे ही बेहद भावुक और दर्दभरे गीत के बारे में बताने जा रहे हैं जिसमें बहन रोते हुए अपने भाई को याद कर रही है। हम बात कर रहे हैं साल 1980 में आई फिल्म 'चंबल की कसम' (Chambal Ki Kasam) के गीत 'चंदा रे मेरे भैया से कहना बहना याद करे' (Chanda Re Mere Bhaiya Se Kehna)। फिल्म में ये गाना फरीदा जलाल (Farida Jalal) और उनके भाई बने राज कुमार (Raaj Kumar) पर फिल्माया गया है।

Song (4)

इस गाने को लता मंगेशकर ने अपनी आवाज से सजाया है और इसके संगीतकार खय्याम है। गाने के बोल साहिर लुधियानवी ने लिखे हैं। गाने के भाव को अगर महसूस करें तो इसमें इसमें बहन चांद के जरिए अपने दूर या बिछड़े हुए भाई को याद कर रही है और उसे संदेश भिजवाती है। उसकी आंखों में आंसू भरे हुए हैं।

बेहद इमोशनल करने वाले हैं गाने के बोल

चांद और कबूतर इतिहास में पहले भी संदेशवाहक के तौर पर इस्तेमाल हुए हैं जो दूर बैठे हमारे किसी साथी, प्रेमी या जानने वाले तक हमारे मन की बात पहुंचाने का काम करते आए हैं।

फिल्म की कहानी के अनुसार भी जब अनु (फरीदा जलाल) का भाई दूर कही चंबल में भटक रहा होता है और वह घर के आंगन में उदास बैठी है तो आसमान में चमकते चांद को देखकर भावुक हो जाती है।

वह चांद से गुहार लगाती है कि वह तो पूरी दुनिया में घूमता है, इसलिए जहां भी उसका भाई हो, उस तक यह संदेश पहुंचा दे कि उसकी बहन उसे याद कर रही है। यह गाना दोनों भाई-बहन की इसी बेबसी और अटूट प्यार को दर्शाता है। लता मंगेशकर की दर्दभरी आवाज ने इसमें वो सजीव भाव जोड़ा है जिसे सुनकर दूर रहने वाले भाई-बहन की आंख में आंसू जरूर आ जाएंगे।