'वंदे मातरम् के 4 अंतरे गाकर दिखाइए और...', शुभेंदु अधिकारी को TMC ने दिए दो चैलेंज

Published on 28 अग॰ 2026

Aug 28, 2026 05:03 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

Follow us on Google News

share

तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी ने भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र की NDA सरकार पर हमला बोला। शुक्रवार को उन्होंने कहा कि देश के छात्रों ने ‘दिल्ली के जमींदारों’ को युवाओं की ताकत के सामने झुकने पर मजबूर कर दिया।

'वंदे मातरम् के 4 अंतरे गाकर दिखाइए और...', शुभेंदु अधिकारी को TMC ने दिए दो चैलेंज

कल्याण बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी।

तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद कल्याण बनर्जी ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को शुक्रवार को 2 चुनौती दी। उन्होंने कहा कि सीएम भवानीपुर मतगणना केंद्र की सीसीटीवी फुटेज बंगाल की जनता के सामने रखें और दोबारा मतगणना कराएं। उन्होंने शुभेंदु अधिकारी से अकेले चार अंतरों वाला ‘वंदे मातरम्’ गाने की भी चुनौती दी। कल्याण बनर्जी ने ये बातें टीएमसी छात्र परिषद के स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में कहीं। उनके इस बयान के बाद राज्य की राजनीति और ज्यादा गरमा गई है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र की NDA सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश के छात्रों ने ‘दिल्ली के जमींदारों’ को युवाओं की ताकत के सामने झुकने पर मजबूर कर दिया। उनका इशारा हाल में नीट-यूजी 2026 प्रश्नपत्र लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए आंदोलन की ओर था। अभिषेक ने कहा कि छात्रों की आवाज और युवा शक्ति को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

‘एक भी गद्दार को वापस पार्टी में नहीं लेंगे’

अभिषेक बनर्जी ने दल बदलकर दूसरी पार्टियों में जाने वाले नेताओं, सांसदों और विधायकों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस एक भी गद्दार को वापस पार्टी में शामिल नहीं करेगी। उन्होंने पश्चिम बंगाल की सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए दावा किया कि ममता बनर्जी सरकार ने राज्य की 2.5 करोड़ महिलाओं को लक्ष्मी भंडार योजना के तहत सहायता दी है। उनके मुताबिक, इसके मुकाबले भाजपा सरकार 1.5 करोड़ महिलाओं को अन्नपूर्णा योजना का लाभ देने के लिए संघर्ष कर रही है।

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार ने पात्र महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने के लिए अन्नपूर्णा योजना शुरू की है। यह योजना पिछली टीएमसी सरकार की लक्ष्मी भंडार योजना की जगह लाई गई है। टीएमसी छात्र परिषद के स्थापना दिवस पर आयोजित रैली में दोनों नेताओं के बयानों से साफ है कि आने वाले समय में राज्य में राजनीतिक टकराव और तीखा हो सकता है।