मुजफ्फरपुर- रिंग सेरेमनी के 4 दिन बाद टूटी शादी:पिता का आरोप- बेटी की तस्वीरों से अश्लील वीडियो बनाकर किया वायरल, 5 नामजद
मुजफ्फरपुर2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

मुजफ्फरपुर में युवती की तस्वीरों और वीडियो से छेड़छाड़ कर कथित अश्लील फोटो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने और शादी तुड़वाने का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता ने बेला थाने में पांच लोगों के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
आरोप है कि युवती की वास्तविक तस्वीरों को एडिट कर अश्लील रूप दिया गया, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाई गईं और परिवार को धमकियां दी गईं। पिता ने आरोपी पर बेटी को जबरन अपने साथ ले जाने और विदेश भेजने का दबाव बनाने का भी आरोप लगाया है।

2023 में बिहार विश्वविद्यालय के पीजी विभाग में पढ़ाई के दौरान संपर्क में आया आरोपी
शिकायतकर्ता के अनुसार, उनकी बेटी ने वर्ष 2023 में बिहार विश्वविद्यालय के पीजी विभाग में पढ़ाई की थी। आरोप है कि इसी दौरान नामजद लोगों ने उसकी तस्वीरें और वीडियो प्राप्त किए। बाद में उन तस्वीरों और वीडियो को एडिट कर कथित अश्लील फोटो और वीडियो तैयार की गई।
पिता का आरोप है कि युवती की तस्वीरों को अलग-अलग सोशल मीडिया अकाउंट की प्रोफाइल फोटो पर लगाकर फर्जी चैटिंग और आपत्तिजनक तस्वीरें प्रसारित की गई।
9 अक्टूबर को रिंग सेरेमनी, 13 अक्टूबर को टूटा रिश्ता
पिता ने शिकायत में घटनाक्रम का सिलसिलेवार जिक्र किया है। उनके अनुसार, 9 अक्टूबर 2026 को बेटी की रिंग सेरेमनी हुई थी। इसके चार दिन बाद, 13 अक्टूबर को, वे शादी की तारीख तय करने के लिए लड़के वालों के पास गए। वहां उन्हें बेटी की कथित अश्लील तस्वीरें, एडिटेड वीडियो और फर्जी चैटिंग दिखाए जाने की बात कही गई।

पिता का आरोप है कि इन तस्वीरों और वीडियो को देखने के बाद लड़के वालों ने शादी तोड़ दी। इसके बाद उन्होंने अपने स्तर से जानकारी जुटानी शुरू की। शिकायत के अनुसार, इसी दौरान उन्हें कथित तौर पर नामजद लोगों की भूमिका के बारे में पता चला।
फर्जी प्रोफाइल से तस्वीरें प्रसारित करने और धमकी देने का आरोप
शिकायत में कहा गया है कि परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों के माध्यम से उनके मोबाइल नंबर हासिल कर बार-बार फोन और संदेश भेजे गए। पिता का आरोप है कि फोन करने वाले लोग अपशब्द कहते थे और बेटी को जबरन अपने साथ ले जाने की धमकी देते थे।
युवती की शादी नहीं होने देने की बात कही गई और उसे अपने पास भेजने के साथ विदेश भेजने का दबाव बनाया गया। पिता ने पूरे परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी मिलने का भी आरोप लगाया है।

15 अक्टूबर को आरोपितों से मिलने पहुंचे पिता
पिता के अनुसार, शादी टूटने के बाद उन्होंने अपने स्तर से मामले का पता लगाने की कोशिश की। इसके बाद 15 अक्टूबर 2026 को वे आरोपितों से मिलने पहुंचे और बेटी को परेशान नहीं करने की गुहार लगाई। इस दौरान भी उनकी बात नहीं मानी गई और धमकी दी गई।
पिता ने शिकायत में आशंका जताई है कि नामजद लोगों के जरिए लड़कियों को बहला-फुसलाकर विदेश भेजने जैसी गतिविधियां भी संचालित करते हैं।

भाई -बहन समेत 5 नामजद
पिता ने शिकायत में साहेबगंज थाना क्षेत्र के आशा पट्टी, परसौनी निवासी मोहम्मद अमन अयूब, आयशा परवीन उर्फ मोनी, मोहम्मद अरमान और मोहम्मद चांद के अलावा नवानगर निजामत निवासी मोहम्मद शाहिद को नामजद किया है। आरोप है कि सभी ने आपसी मिलीभगत से युवती की छवि खराब करने, उसकी शादी में बाधा डालने और उसे जबरन ले जाने की साजिश रची।
पिता ने बेला थाने से मामले की जांच कर अश्लील सामग्री तैयार करने और प्रसारित करने, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाने तथा धमकी देने के आरोपों में कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
.