दुर्ग में तड़के 4 बजे 185 पुलिसकर्मियों की दबिश: गुंडे-बदमाशों और संदिग्धों के घर खंगाले, धारदार हथियार-शराब मिली; बिना नंबर की बाइक भी जब्त - durg-bhilai News

Published on 6 अक्टू॰ 2026

दुर्ग पुलिस ने मंगलवार सुबह क्राइम कंट्रोल करने के लिए 3 पुलिस अनुभागों में एक साथ विशेष चेकिंग और तलाशी अभियान चलाया। सुबह 4 बजे से 8 बजे तक चले अभियान में पुलिस ने गुंडा-बदमाशों, निगरानी बदमाशों, वारंटियों और आपराधिक गतिविधियों से जुड़े संदिग्धों क

.

इस अभियान में दुर्ग, भिलाई नगर और छावनी अनुभाग के 185 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस टीमों ने चिन्हित बदमाशों के संभावित ठिकानों के साथ ही ऐसे लोगों के घरों की भी जांच की, जिनकी गतिविधियां संदिग्ध पाई गई थीं। कई स्थानों से धारदार हथियार और अवैध शराब बरामद की गई।

चेकिंग से जुड़ी तस्वीरें देखिए…

4 घंटे तक चला अभियान, घरों में पहुंचकर की तस्दीक

पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान पहले से चिन्हित फरार आरोपियों, गुंडा-बदमाशों, निगरानी बदमाशों और वारंटियों की तस्दीक की गई। पुलिसकर्मियों ने उनके संभावित ठिकानों पर पहुंचकर निवासरत लोगों की जानकारी ली और दस्तावेजों का सत्यापन किया।

इसके अलावा दूसरे क्षेत्रों से आकर संबंधित थाना क्षेत्रों में रहने वाले संदिग्ध और अनधिकृत लोगों की भी जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने उनके पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच की। संदिग्ध गतिविधियों वाले स्थानों पर अचानक तलाशी लेकर अवैध हथियार और शराब की भी जांच की गई।

खुर्सीपार के देवार बस्ती-अटल आवास में घर-घर तलाशी

छावनी अनुभाग के खुर्सीपार थाना क्षेत्र में देवार बस्ती और अटल आवास में पुलिस टीमों ने घर-घर पहुंचकर लोगों की तस्दीक की। इस दौरान कुछ स्थानों से धारदार हथियार और अवैध शराब बरामद होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।

वहीं भिलाई नगर अनुभाग के फरीद नगर, डेरा बस्ती और सुपेला समेत अन्य चिन्हित क्षेत्रों में भी पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों और वहां रहने वाले लोगों की जांच की।

पुलिस ने चेकिंग के दौरान घरों से जब्त किया हथियार।

पुलिस ने चेकिंग के दौरान घरों से जब्त किया हथियार।

बदमाश के घर के पास मिली बिना नंबर की KTM

मोहन नगर थाना क्षेत्र में आदतन बदमाश राहुल गाडा के घर के पास एक बिना नंबर की KTM बाइक मिलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस वाहन के संबंध में जांच और सत्यापन कर रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल उपलब्ध जानकारी के आधार पर राहुल गाडा को इस वाहन के मामले में आरोपी घोषित नहीं किया गया है। वाहन के स्वामित्व और उसके संबंध में अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।

इन इलाकों में हुई चेकिंग

दुर्ग अनुभाग में उरला, अंबेडकर नगर, बांबे आवास, शंकर नगर, जवाहर नगर और ग्रीन चौक क्षेत्र में तलाशी और चेकिंग की गई। भिलाई नगर अनुभाग में फरीद नगर, डेरा बस्ती, सुपेला सहित अन्य चिन्हित स्थानों पर पुलिस टीम पहुंची। छावनी अनुभाग में खुर्सीपार की देवार बस्ती और अटल आवास में घर-घर जाकर लोगों की जानकारी और दस्तावेजों का सत्यापन किया गया।

185 पुलिसकर्मी अभियान में रहे तैनात

- दुर्ग अनुभाग: 67 अधिकारी-कर्मचारी - भिलाई नगर अनुभाग: 63 अधिकारी-कर्मचारी - छावनी अनुभाग: 55 अधिकारी-कर्मचारी - कुल: 185 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी