
पानी की टंकी की सफाई के दौरान हुआ हादसा.
Silchar News: असम के कछार जिले के शिलचर शहर में शुक्रवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया. शहर के अरुणाचल कुमारपाड़ा इलाके में एक नव-निर्मित मकान की पानी की टंकी की सफाई के दौरान चार लोगों की दम घुटने से मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है.
एक के बाद एक टंकी में उतरे 4 लोग
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मकान की पानी की टंकी की सफाई का काम चल रहा था. सबसे पहले एक व्यक्ति टंकी के अंदर उतरा, लेकिन कुछ ही देर में वह बेहोश हो गया. उसे बचाने के लिए दूसरा व्यक्ति नीचे गया, लेकिन वह भी बाहर नहीं आ सका.
इसके बाद तीसरा और चौथा व्यक्ति भी बचाव के लिए टंकी में उतरे, लेकिन सभी अंदर ही फंस गए. आशंका जताई जा रही है कि टंकी के अंदर जहरीली गैस जमा थी या फिर ऑक्सीजन की कमी थी, जिसके कारण चारों लोग बेहोश हो गए और उनकी मौत हो गई.
आरएसएस स्वयंसेवक ने निकाले शव
हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. इसी दौरान एक आरएसएस स्वयंसेवक ने अपनी जान जोखिम में डालकर टंकी के अंदर प्रवेश किया और चारों शवों को बाहर निकाला. स्थानीय लोगों ने उसके साहस की सराहना की.
पुलिस और SDRF ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंच गई. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए शिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी.
लापरवाही की भी होगी जांच
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि टंकी की सफाई के दौरान सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए गए थे या नहीं. यदि सुरक्षा नियमों की अनदेखी सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बंद स्थानों, पानी की टंकियों या सेप्टिक टैंकों की सफाई के दौरान बिना सुरक्षा उपकरण और पर्याप्त सावधानी के अंदर न उतरें, क्योंकि ऐसे स्थानों पर जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी जानलेवा साबित हो सकती है.
(रिपोर्ट- शुभम शाह/असम)
TV9 Bharatvarsh
टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.
Read More