मोतिहारी में चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर एसडीओ अरुण कुमार और डीएसपी दिलीप कुमार के नेतृत्व में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग म
.
चेहल्लुम का पर्व मोहर्रम के 40वें दिन मनाया जाता है। इसे लेकर प्रशासन ने पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी थीं। थाना स्तर पर शांति समिति की बैठकें आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
375 स्थानों को संवेदनशील चिन्हित किया गया जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से बताया कि जिले में कुल 375 स्थानों को संवेदनशील चिन्हित किया गया है। इन सभी जगहों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल तैनात किए गए हैं। इनमें मोतिहारी में 160, सिकरहना में 14, पकड़ीदयाल में 41, अरेराज में 59, चकिया में 47 और रक्सौल में 54 स्थान शामिल हैं। सभी चिन्हित स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत अनुमंडल और जिला स्तर पर 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। जिला कंट्रोल रूम का नंबर 0652-242418 जारी किया गया है, जिस पर कोई भी व्यक्ति सूचना दे सकता है और उस पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने यह भी निर्देश दिया है कि बिना लाइसेंस के किसी भी प्रकार का जुलूस निकालना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया
सदर एसडीओ अरुण कुमार और डीएसपी दिलीप कुमार ने जानकारी दी कि जुलूसों पर कड़ी निगरानी रखने के लिए संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त, ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जाएगी। सभी जुलूसों की वीडियोग्राफी अनिवार्य कर दी गई है, और डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
सदर डीएसपी दिलीप कुमार ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था इतनी सख्त रखी गई है कि कोई भी असामाजिक तत्व अपने मंसूबे में सफल नहीं हो पाएगा। सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है, जिसके लिए साइबर सेल एवं साइबर सेनानियों को सक्रिय कर दिया गया है। सादे लिवास में पुलिसकर्मी लगातार क्षेत्र में गश्त करेंगे, वहीं डायल 112 की टीम भी 24 घंटे सक्रिय रहेगी। प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए शांतिपूर्ण ढंग से पर्व मनाने की अपील की है।