जल जीवन मिशन से खोदी गई 352 सड़क दुरुस्त होंगी: 184 गांवों में मरम्मत का अभियान शुरू, एक महीने में पूरा करने का लक्ष्य - Unnao News

Published on 5 अक्टू॰ 2026

उन्नाव2 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

उन्नाव में जल जीवन मिशन के तहत पाइप लाइन बिछाने के लिए खोदी गई गांवों की सड़कों और गलियों को अब दुरुस्त किया जाएगा। जल निगम ने ग्रामीण क्षेत्रों में वृहद रोड रेस्टोरेशन अभियान शुरू किया है। पहले चरण में जिले के 184 गांवों की 352 सड़कों को चिन्हित किया गया है। इन सड़कों पर एक माह के भीतर मरम्मत कार्य पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है। मौरावां, पुरवा, हिलौली, नवाबगंज, सोहरामऊ, भगवंतनगर और अचलगंज क्षेत्र की सड़कों को प्राथमिकता में शामिल किया गया है।

दरअसल, केंद्र सरकार के जल जीवन मिशन फेज-4 के तहत सतही स्रोत आधारित ग्राम समूह पेयजल योजना का काम करीब ढाई साल पहले शुरू हुआ था। योजना के तहत जिले की 1037 ग्राम पंचायतों की करीब 29 लाख आबादी को नल से जल उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया था। इसके लिए गांवों में बड़े पैमाने पर पाइप लाइन बिछाई गई। पाइप लाइन डालने के दौरान हजारों किलोमीटर सड़कें और गलियां खोदी गईं। कई जगह पाइप लाइन डालने के बाद सड़क की मरम्मत नहीं हो सकी, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि कई गांवों में सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि पानी की बात तो दूर, इन रास्तों से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। जगह-जगह गड्ढे होने से दोपहिया वाहन चालकों को भी दिक्कत होती है। सड़कों की मरम्मत में लापरवाही को लेकर लगातार शिकायतें शासन स्तर तक पहुंचती रहीं। विधायकों ने भी कई मौकों पर इस समस्या को लेकर नाराजगी जताई। इसके बाद जल निगम ने बड़े स्तर पर सड़क बहाली की रणनीति तैयार की।

अधिकारियों के अनुसार, अभियान के तहत चिन्हित 184 गांवों की 352 सड़कों को दोबारा दुरुस्त किया जाएगा। मरम्मत कार्य की निगरानी के लिए जियो टैगिंग के साथ फोटो अपलोड करना अनिवार्य किया गया है, ताकि काम की स्थिति और गुणवत्ता का रिकॉर्ड रखा जा सके।

इसके बाद सरकार ने परियोजना पूरी करने की नई समयसीमा दिसंबर 2027 तय की है। योजना का करीब 52 प्रतिशत काम ही पूरा हो सका है। शेष 48 प्रतिशत काम को निर्धारित समय में पूरा करना बड़ी चुनौती है। ऐसे में ग्रामीणों को नल से जल मिलने का इंतजार अभी और बढ़ सकता है।

पाइप लाइन बिछाने के लिए खोदी गई गांवों की सड़कों और गलियों को अब दुरुस्त किया जाएगा।

पाइप लाइन बिछाने के लिए खोदी गई गांवों की सड़कों और गलियों को अब दुरुस्त किया जाएगा।

6500 किमी सड़कें खोदी गईं, 182 किमी बाकी होने का दावा-

जल निगम के अनुसार, ग्राम सभाओं में पाइप लाइन डालने के लिए अब तक करीब 6500 किलोमीटर सड़कों की खुदाई की गई। अधिकारियों का दावा है कि इनमें सिर्फ 182 किलोमीटर सड़क की मरम्मत बाकी है। हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों में जमीनी स्थिति इससे अलग नजर आती है। कई गांवों में पाइप लाइन पड़ने के वर्षों बाद भी सड़कें पूरी तरह दुरुस्त नहीं हो सकी हैं। कई स्थानों पर मरम्मत के नाम पर खानापूरी किए जाने की शिकायतें भी सामने आती रही हैं।

बोले जिम्मेदार अधिशासी अभियंता अजीत सिंह ने बताया कि वृहद रोड रेस्टोरेशन अभियान के तहत चिन्हित सड़कों की मरम्मत का काम शुरू करा दिया गया है। संबंधित कर्मचारियों और संस्थाओं को काम की प्रगति के साथ जियो टैग फोटो अनिवार्य रूप से अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं।

.