भारत ने न्यूज़ीलैंड को तीसरे टी-20 में 6 विकेट से हराया, अभिषेक शर्मा ने 35 गेंदों में जड़ा शतक, बनाए कई रिकॉर्ड - BBC News हिंदी

Published on 27 अक्टू॰ 2026

अभिषेक शर्मा ने सिर्फ़ 35 गेंदों पर शतक बना दिया

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, अभिषेक शर्मा ने सिर्फ़ 35 गेंदों पर शतक बना दिया

प्रकाशित 27 अक्टूबर 2026, 15:23 IST

अपडेटेड 3 घंटे पहले

पढ़ने का समय: 3 मिनट

सलामी बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा की तूफ़ानी पारी के सहारे भारत ने न्यूज़ीलैंड को तीसरे टी-20 मैच में 6 विकेट से हरा दिया है. इसी के साथ भारत ने 5 मैचों की टी-20 सिरीज़ में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है.

जीत के लिए 199 रनों का लक्ष्य भारत ने 14वें ओवर में ही पूरा कर लिया.

शर्मा ने वेलिंगटन में खेले गए तीसरे टी20 मुक़ाबले में सिर्फ़ 35 गेंदों पर शतक बना दिया.

अभिषेक शर्मा ने सिर्फ़ 38 गेंदों पर कुल 113 रन बनाए जिसमें 11 छक्के और 9 चौके शामिल हैं.

आईसीसी फ़ुल मेंबर देश के किसी बल्लेबाज़ द्वारा सबसे तेज़ शतक का रिकॉर्ड भी उन्हीं के नाम है.

उन्होंने अफ़गानिस्तान के ख़िलाफ़ 30 गेंदों पर सेंचुरी बनाई थी.

वैभव सूर्यवंशी ने भी तेज़ बैटिंग करते हुए 19 गेंदों पर 45 रन बनाए

इमेज स्रोत, Marty MELVILLE / AFP via Getty Images

इमेज कैप्शन, अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी की जोड़ी ने तूफानी शुरुआत करते हुए शुरुआती 6 ओवरों में बिना कोई विकेट खोए 118 रन बना डाले

वहीं वैभव सूर्यवंशी 19 गेंदों पर 45 रन बनाए जिसमें 4 छक्के और 4 चौके शामिल हैं.

इस मैच में भारतीय टीम ने टी20 अंतरराष्ट्रीय इतिहास में पावरप्ले का सबसे बड़ा स्कोर बनाकर एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है. अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी की जोड़ी ने तूफानी शुरुआत करते हुए शुरुआती 6 ओवरों में बिना कोई विकेट खोए 118 रन बना डाले.

इस आतिशी पारी के साथ ही भारत ने किसी भी आईसीसी पूर्ण-सदस्य देश द्वारा टी20आई के पावरप्ले में बनाए गए सबसे बड़े स्कोर का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.

पहले बल्लेबाज़ी करते हुए न्यूज़ीलैंड की टीम ने 20 ओवर में तीन विकेट के नुक़सान पर 198 रन बनाए.

न्यूज़ीलैंड की ओर से डैरेल मिचेल ने 89 रनों की पारी खेलकर सबसे ज़्यादा रन बनाए. वहीं, फ़िन एलन ने 40 रनों का योगदान दिया.

भारत की गेंदबाज़ी की बात करें तो अर्शदीप सिंह, अक्षर पटेल और नीतीश कुमार रेड्डी ने एक-एक विकेट लिया. वहीं, प्रिंस यादव ने चार ओवर की गेंदबाज़ी में 44 रन दिए, जो भारतीय गेंदबाज़ों में सबसे ज़्यादा थे.

अभिषेक शर्मा के रिकॉर्ड

अभिषेक शर्मा

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, अभिषेक शर्मा ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय के पावरप्ले में 100 छक्के पूरे करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज़ बनने का रिकॉर्ड भी बनाया है.

अभिषेक शर्मा अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट में 2,000 से अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज़ों में 193.36 के स्ट्राइक रेट के साथ पहले स्थान पर हैं.

उन्होंने टी-20 अंतरराष्ट्रीय के पावरप्ले में 100 छक्के पूरे करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज़ बनने का रिकॉर्ड भी बनाया है. इस मामले में उन्होंने रोहित शर्मा को पीछे छोड़ा, जिन्होंने पावरप्ले में 98 छक्के लगाए थे.

इतना ही नहीं, अभिषेक साल 2026 में बतौर ओपनर 1,000 टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज़ भी बने. वहीं, उन्होंने महज़ 1,024 गेंदों में 2,000 टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे कर विश्व रिकॉर्ड बनाया. इससे पहले यह रिकॉर्ड सूर्यकुमार यादव के नाम था, जिन्होंने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए 1,164 गेंदें खेली थीं.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

और जानें