एक में 33 लीटर स्टोरेज, दूसरे में मिलती है TFT स्क्रीन...ये हैं भारत के 5 पॉपुलर 125cc स्कूटर, कीमत और फीचर्स जानें

Published on 26 सित॰ 2026

भारत में 125cc स्कूटर का सेगमेंट काफी ज्यादा पसंद किया जाता है. इसकी वजह भी साफ है, इस कैटेगरी में रोजाना आने-जाने के लिए अच्छा माइलेज, कम्फर्टेबल राइड, पर्याप्त पावर और कई काम के फीचर्स एक साथ मिल जाते हैं. अगर आप भी नया 125cc स्कूटर खरीदने का प्लान बना रहे हैं, तो आपके पास कई ऑप्शन मौजूद हैं. लेकिन हर स्कूटर की अपनी अलग खासियत है, कोई बेहतर माइलेज देता है तो किसी में ज्यादा फीचर्स और स्पोर्टी डिजाइन मिलता है. ऐसे में आपके लिए कौन सा स्कूटर सही रहेगा, यह जानने से पहले इन पॉपुलर 125cc स्कूटर्स के बारे में जानना जरूरी है.

Honda Activa 125

125cc स्कूटर सेगमेंट में Honda Activa 125 एक जाना-पहचाना नाम है. इसमें 123.92cc का सिंगल-सिलेंडर इंजन मिलता है, जो 8.3hp की पावर और 10.5Nm का टॉर्क जनरेट करता है.

फीचर्स की बात करें तो वेरिएंट के हिसाब से इसमें 4.2-इंच TFT डिस्प्ले, Bluetooth कनेक्टिविटी, Honda RoadSync, कॉल और मैसेज अलर्ट, नेविगेशन और USB Type-C पोर्ट मिलते हैं. इसके अलावा Honda की H-Smart Key टेक्नोलॉजी और आइडलिंग-स्टॉप सिस्टम भी दिया गया है. कीमत की बात करें तो Activa 125 की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹91,178 है.

TVS Jupiter 125

इसकी शुरुआती कीमत ₹81,700 (एक्स-शोरूम) है. इसमें 124.8cc का इंजन मिलता है, जो iGO Assist के साथ 8.44hp की पावर और 11.1Nm टॉर्क देता है. इस स्कूटर की सबसे बड़ी खासियत इसका 33 लीटर का अंडर-सीट स्टोरेज है, जिसमें कंपनी के मुताबिक दो हेलमेट तक रखे जा सकते हैं. आगे 2 लीटर का ग्लव बॉक्स भी मिलता है. इसके अलावा रियर सस्पेंशन को एडजस्ट किया जा सकता है और 12-इंच के अलॉय व्हील्स दिए गए हैं.

ऊपर के वेरिएंट में SmartXonnect भी मिलता है, जिससे नेविगेशन, वॉइस असिस्टेंस और कॉल-मैसेज अलर्ट जैसे फीचर्स मिल जाते हैं. हालांकि, ध्यान रखें कि फीचर्स वेरिएंट के हिसाब से अलग-अलग हो सकते हैं.

TVS Jupiter 125 (Pic: TVS)
TVS Jupiter 125 (Pic: TVS)

ये भी पढ़ें: इलेक्ट्रिक स्कूटर बाजार में इस कंपनी का बढ़ रहा दबदबा, Ola को पीछे छोड़ टॉप 5 में बनाई जगह

Suzuki Access 125

इसमें 124cc का एयर-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर इंजन मिलता है, जो 8.31hp की पावर और 10.2Nm का टॉर्क जनरेट करता है. इंजन को CVT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स से जोड़ा गया है, इसलिए शहर में इसे चलाना काफी आसान रहता है.

फीचर्स की बात करें तो अलग-अलग वेरिएंट के हिसाब से सुविधाएं बदलती हैं. इसके टॉप वेरिएंट में Suzuki Ride Connect, TFT डिस्प्ले और ABS जैसे फीचर्स मिलते हैं. इसके अलावा LED लाइटिंग और 5.3 लीटर का फ्यूल टैंक भी दिया गया है. इसकी शुरुआती कीमत ₹82,185 (एक्स-शोरूम, सेंट्रल दिल्ली) है. हालांकि, कौन-कौन से फीचर्स मिलेंगे, यह आपके चुने गए वेरिएंट पर डिपेंड करेगा.

Suzuki Burgman Street

125cc स्कूटर सेगमेंट में Suzuki Burgman Street अपने मैक्सी-स्कूटर जैसे डिजाइन और बड़े साइज की वजह से अलग नजर आता है. इसमें 124cc का एयर-कूल्ड इंजन मिलता है, जो 8.31hp की पावर और 10.2Nm का टॉर्क जनरेट करता है. इंजन को CVT गियरबॉक्स से जोड़ा गया है.

ब्रेकिंग के लिए आगे डिस्क और पीछे ड्रम ब्रेक दिए गए हैं. इसमें 12-इंच के अलॉय व्हील्स और 5.5 लीटर का फ्यूल टैंक मिलता है. इसके कुछ वेरिएंट में Suzuki Ride Connect भी दिया गया है, जिससे स्मार्टफोन कनेक्टिविटी, नेविगेशन और कॉल-मैसेज अलर्ट मिलते हैं. वहीं, टॉप TFT वेरिएंट में कीलेस फंक्शन भी मिलता है.

इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹1.04 लाख (सेंट्रल दिल्ली) है. हालांकि, कौन से फीचर्स मिलेंगे, यह आपके चुने गए वेरिएंट पर डिपेंड करेगा.

TVS Ntorq 125

TVS Ntorq 125 उन लोगों के लिए एक शानदार ऑप्शन है, जो स्कूटर में स्पोर्टी लुक के साथ टेक्नोलॉजी का भी मजा चाहते हैं. इसमें 124.8cc का 3-वाल्व इंजन मिलता है. वेरिएंट के हिसाब से SmartXonnect, Bluetooth, नेविगेशन, कॉलर ID, राइडिंग मोड और डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर जैसे फीचर्स मिलते हैं.

सस्पेंशन की बात करें तो आगे टेलीस्कोपिक फोर्क्स दिए गए हैं. ब्रेकिंग के लिए वेरिएंट के अनुसार फ्रंट में डिस्क या ड्रम ब्रेक मिलता है, जबकि पीछे ड्रम ब्रेक दिया गया है. इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹83,850 है. हालांकि, फीचर्स और पावर से जुड़े आंकड़े चुने गए वेरिएंट के हिसाब से अलग-अलग हो सकते हैं.

TVS Ntorq 125 (Photo: TVS Motor)
TVS Ntorq 125 (Photo: TVS Motor)

ये भी पढ़ें: 2 फुल-फेस हेलमेट भी होंगे फिट, ये 5 इलेक्ट्रिक स्कूटर्स देते हैं जबरदस्त बूट स्पेस, एक में 70 लीटर तक जगह