Aug 30, 2026 06:25 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

31 अगस्त 2026 को स्कूल बंद रहेंगे या नहीं? मूसलाधार बारिश के बीच IMD ने कई राज्यों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। जानें यूपी, बिहार, उत्तराखंड, ओडिशा, झारखंड और दिल्ली-NCR का ताजा मौसम अपडेट।

बारिश की वजह से प्रभावित स्कूली बच्चे
इन दिनों मॉनसून की बारिश से ने लगभर पूरे देश को अपनी चपेट में ले लिया है। ऐसी स्थिति में स्कूलों की छुट्टी को लेकर बच्चों और अभिभावकों के मन में एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। देश के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश ने जनजीवन की रफ्तार धीमी कर दी है, कहीं जलभराव की परेशानी है तो कहीं तेज बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या 31 अगस्त को स्कूल बंद रहेंगे? आइए जानते हैं भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा अपडेट में किन राज्यों के लिए भारी बारिश की चेतावनी दी गई।
31 अगस्त को बंद रहेंगे स्कूल?
देश के कई राज्यों में बारिश ने एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल दिया है। कहीं आसमान से झमाझम बारिश हो रही है तो कहीं बहुत भारी बारिश, तेज हवाओं और बिजली चमकने की चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में छात्रों और अभिभावकों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या 31 अगस्त को स्कूलों में छुट्टी रहेगी? भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 30 अगस्त को जारी अपने ताजा मौसम बुलेटिन में कई राज्यों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक पूरे देश में 31 अगस्त को स्कूल बंद रखने का कोई आदेश जारी नहीं किया है। स्कूलों में छुट्टी का फैसला आमतौर पर संबंधित राज्य सरकार, जिला प्रशासन या स्थानीय शिक्षा विभाग मौसम और स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए करता है।
31 अगस्त को इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
IMD के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से और आसपास के इलाकों में बने सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र का असर कई राज्यों के मौसम पर पड़ सकता है। इसके चलते 31 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ समेत कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने खासतौर पर ओडिशा में 30 और 31 अगस्त को बेहद भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं, छत्तीसगढ़ में 31 अगस्त को अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट है।
पूर्वी यूपी में बहुत भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के मौसम को लेकर भी IMD ने अहम अपडेट दिया है। विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 31 अगस्त को अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 31 अगस्त से 5 सितंबर के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। यूपी के कुछ इलाकों में पहले से हो रही तेज बारिश को देखते हुए स्थानीय प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है। ऐसे में किसी जिले में भारी बारिश, जलभराव या बाढ़ जैसी स्थिति बनने पर वहां के प्रशासन की ओर से स्कूल बंद रखने का अलग आदेश जारी किया जा सकता है।
बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी बरसेंगे बादल
IMD के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, बिहार में 31 अगस्त से 2 सितंबर तक व्यापक बारिश की संभावना है। वहीं, 31 अगस्त को बिहार में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा, गंगीय पश्चिम बंगाल में 31 अगस्त से 1 सितंबर तक और झारखंड में 1 से 2 सितंबर तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
उत्तराखंड में भी मौसम रहेगा चुनौतीपूर्ण
पहाड़ी राज्यों में बारिश को लेकर भी सतर्क रहने की जरूरत है। IMD ने उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है और 30 अगस्त से 1 सितंबर के बीच कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। भारी बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़क बाधित होने और निचले इलाकों में जलभराव जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं। ऐसे हालात में स्थानीय प्रशासन की ओर से स्कूलों को लेकर अलग-अलग निर्णय लिया जा सकता है।
दिल्ली-NCR में 31 अगस्त को कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-NCR के लिए IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, 31 अगस्त को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। दिल्ली के लिए 31 अगस्त को भारी बारिश का कोई बड़ा अलर्ट नहीं दिया गया है। इसलिए केवल मौसम विभाग के इस पूर्वानुमान के आधार पर दिल्ली में 31 अगस्त को स्कूलों की छुट्टी की कोई घोषणा नहीं कही जा सकती।
तो क्या 31 अगस्त को स्कूल बंद रहेंगे?
फिलहाल, 31 अगस्त को पूरे देश के स्कूलों में छुट्टी का कोई राष्ट्रीय आदेश नहीं है। जिन राज्यों और जिलों में भारी या बहुत भारी बारिश की चेतावनी है, वहां स्थानीय प्रशासन मौसम और सुरक्षा की स्थिति को देखते हुए स्कूल बंद करने का फैसला कर सकता है। इसलिए छात्रों और अभिभावकों को सलाह है कि वे अपने जिला प्रशासन, स्कूल प्रबंधन और स्थानीय शिक्षा विभाग की आधिकारिक सूचना जरूर चेक करें। सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले छुट्टी के संदेशों पर बिना पुष्टि भरोसा न करें। मौसम विभाग ने भारी बारिश वाले इलाकों में लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह भी दी है। भारी बारिश से सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने, जलभराव और निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका जताई गई है।
लेखक के बारे में
Himanshu Tiwari
शॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।
परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।
लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।
शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।
रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।
विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव