इंदौर के 300 और खंडवा-बड़वानी के लिए देना होगा 180 रुपए किराया - Khargone News

Published on 9 अग॰ 2026

.

मध्यप्रदेश में बसों का सफर अब यात्रियों की जेब पर और भारी पड़ेगा। परिवहन विभाग ने बसों का नया अधिकतम यात्री किराया तय करते हुए राजपत्र जारी किया है। नए नियम के अनुसार सामान्य बस का मूल किराया दो रुपए प्रति यात्री प्रति किमी होगा, जबकि न्यूनतम किराया 10 रुपए तय किया गया है।

इस हिसाब से खरगोन से इंदौर का किराया करीब 300 और खंडवा व बड़वानी का करीब 180 तक पहुंच गया है। वहीं एसी बस में इंदौर का किराया 375 रुपए लिया जा रहा है। जिला मुख्यालय से प्रतिदिन 300 से 400 बसों का संचालन होता है। ऐसे में किराया बढ़ने का सीधा असर बड़ी संख्या में यात्रियों पर पड़ेगा। नई दरों में अलग-अलग श्रेणी की बसों के लिए सामान्य किराए से अधिकतम बढ़ोतरी तय की गई है। रात्रि कालीन बस सेवा में 10%, नॉन-एसी डीलक्स में 25%, स्लीपर में 40%, एसी डीलक्स में 50% और सुपर लग्जरी एसी कोच में 75% तक अधिक किराया लिया जा सकेगा। हालांकि डीलक्स, स्लीपर और लग्जरी बसों में अलग से नाइट चार्ज नहीं लगेगा। एक्सप्रेस बस सेवा के लिए भी यात्रियों से अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।

जिला निमाड़ बस ओनर्स एसोसिएशन के अनुसार जिले में करीब 300 निजी बसों का संचालन होता है। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष वैभव सिंह तोमर ने बताया कि 2021 के बाद से किराया नहीं बढ़ा था, जबकि डीजल, टायर, टैक्स और इंश्योरेंस के खर्च लगातार बढ़े हैं। ऐसे में बस संचालन घाटे का सौदा हो रहा था। उन्होंने दावा किया कि निमाड़ की 99 प्रतिशत बसें सुरक्षित व व्यवस्थित हैं। ग्रामीण क्षेत्रों की पुरानी बसों को भी अपडेट कराया जाएगा। तोमर के अनुसार किराया बढ़ने की वजह यात्री समझ रहे हैं और फिलहाल नई दरों को लेकर यात्रियों को भी समझाइश दी जा रही है।

नया नोटिफिकेशन हुआ जारी ^बस किराया बढ़ाने का नया नोटिफिकेशन जारी हो चुका है और इसी के साथ नई दरें लागू हो गई हैं। सामान्य बसों में अब दो रुपए प्रति किमी के हिसाब से किराया लिया जाएगा, जबकि न्यूनतम टिकट 10 रुपए रहेगा। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। जिले में 15 साल से पुराने वाहनों के संचालन पर रोक है। जिले में ऐसी 10-15 बसें चिह्नित हैं, जिनके परमिट रिप्लेसमेंट या डिस्पोजल की प्रक्रिया चल रही है। किसी बस में नियमों का उल्लंघन या यात्री सुविधाओं में कमी की शिकायत मिलने पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत तत्काल कार्रवाई की जाएगी। - रितु अग्रवाल , आरटीओ

किराया बढ़ने के साथ यात्रियों को बसों में बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है, लेकिन ग्रामीण रूटों पर स्थिति इसके उलट है। इन मार्गों पर चलने वाली कई बसों की हालत दयनीय है। सीटों की स्थिति, खिड़कियां, सफाई और अन्य यात्री सुविधाओं को लेकर भी शिकायतें सामने आती रहती हैं। यात्रियों का कहना है कि जिस अनुपात में किराया वसूला जा रहा है, उसके अनुरूप सुविधाएं दें।