पीडब्ल्यूडी के प्रमुख सचिव ने अफसरों के साथ की समीक्षा‎: 30 तक ठीक करेंगे राजधानी की सड़कें, प्रदेशभर के लिए अक्टूबर तक का समय - Bhopal News

Published on 18 सित॰ 2026

भोपाल59 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

मप्र में बारिश से खराब हुई सड़कों का अब बड़े स्तर पर मेंटनेंस किया जाएगा। इसके पीडब्ल्यूडी के प्रमुख सचिव सुखबीर सिंह ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से प्रदेश की सड़कों और ब्रिज की समीक्षा की। इसके बाद इंजीनियर इन चीफ आरएल वर्मा ने सड़​कों के मेंटनेंस को लेकर निर्देश जारी किए।

इसमें लिखा कि भोपाल में पांच डिवीजन के अंतर्गत आने वाली करीब 174 किमी लंबी प्रमुख सड़कों और 10 ब्रिजों के पैचवर्क व मरम्मत का काम 30 सितंबर तक कर लिया जाए। हालांकि डिवीजन के इंजीनियरों ने इसका काम शुरू ​नहीं किया है।

बताया जा रहा है मौसम विभाग द्वारा बारिश होने की घोषणा के कारण अभी एक सप्ताह इंतजार किया जाएगा और सड़कों के सूखने के बाद ही इनका मेंटनेंस होगा। राजधानी की सड़कों को चलने योग्य (मोटरेबल) बनाने के बाद अक्टूबर माह से प्रदेश स्तर पर सड़कों के संपूर्ण नवीनीकरण का काम शुरू किया जाएगा। परफॉर्मेंस गारंटी से भी काम होगा।

6 संभागों की 42 सड़कों का संभागवार होगा मेंटेनेंस

राजधानी संभाग - 1 (17.15 किमी): अरेरा हिल्स आंतरिक प्रशासनिक मार्ग, अमरनाथ कॉलोनी से जागरण कॉलेज, गुलमोहर से आकृति इकोसिटी, सेंट्रल बैंक से श्वेता कॉम्प्लेक्स, सोनागिरी से अयोध्या बायपास और मेहता मार्केट से कस्तूरबा नगर का काम 30 सितंबर तक पूरा होगा। नेहरू नगर से चूना भट्टी मार्ग 15 अक्टूबर तक दुरुस्त किया जाएगा। राजधानी संभाग-2 (3.10 किमी): दानिशकुंज पुल से बावड़िया कला और पत्रकार भवन से विधानसभा गेट-5 तक 30 सितंबर तथा बागमुगालिया से जाटखेड़ी मार्ग की मरम्मत 10 अक्टूबर तक पूर्ण की जाएगी।

पीडब्ल्यूडी संभाग-1 (6.50 किमी): प्रोफेसर कॉलोनी, सेंट्रल स्कूल से जिला न्यायालय, कोर्ट चौराहा से इनकम टैक्स ऑफिस और पुलिस कंट्रोल रूम से गायत्री मंदिर मार्ग 30 सितंबर तक ठीक किए जाएंगे। बिलखेड़ा से बिशनखेड़ी मार्ग 10 अक्टूबर तक पूरा होगा।

पीडब्ल्यूडी संभाग-2 (80.05 किमी): बंगरसिया मार्ग, करोंद से पलासी, अयोध्या बायपास और बावडिय़ा फाटक से बावड़ियाकलां मार्ग को 30 सितंबर तक मोटरेबल बनाया जाएगा। भदभदा-सीहोर मार्ग (2.50 किमी) व भदभदा-नीलबड़ मार्ग 15 अक्टूबर तक और नादरा बस स्टैंड मार्ग का रिन्यूवल 30 अक्टूबर तक पूरा होगा।

नया भोपाल संभाग (52.32 किमी): लिंक रोड नंबर-3, मुख्य मार्ग क्रमांक-2 (पीएंडटी से माता मंदिर), शिवाजी नगर आंतरिक मार्ग (15.82 किमी), नेहरू नगर, तुलसी नगर और डीआरपी लाइन की अप्रोच सड़कों का मेंटेनेंस 30 सितंबर तक पूरा होगा।

राष्ट्रीय राजमार्ग संभाग (15.40 किमी): जिंसी से मोती मस्जिद मार्ग का संधारण 7 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य है।

10 पुलों की होगी मरम्मत: सेतु संभाग के अंतर्गत आने वाले 10 पुलों में से कलियासोत नदी पुल, करोंद मंडी आरओबी, चेतक ब्रिज और डॉ. आंबेडकर सेतु का मेंटेनेंस करके फोटो ​जियोटैग करने होंगे। सभी कार्यपालन यंत्रियों को निर्देशित किया गया है कि वे मरम्मत सुधार कार्य करके अनिवार्य रूप से जियोटैग्ड फोटोग्राफ्स के साथ मुख्यालय को प्रस्तुत करें। इनका काम भी 30 सितंबर पूरा करके और अक्टूबर में एनुअल रिपेयर किया जाएगा।

.