पत्नी को मारकर संदूक में बंद कर दिया, 3 दिन तक सड़ता रहा सुलोचना का शव - India TV Hindi

Published on 21 जुल॰ 2026

झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ थाना क्षेत्र के अगवाना खुर्द गांव में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां एक महिला की हत्या कर उसके शव को घर में रखे संदूक में छिपा दिया गया। घटना का खुलासा होने के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही सूरजगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची, संदूक खुलवाया तो उसमें महिला का शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

घर में संदूक के अंदर छिपाए रखा शव

सूरजगढ़ थानाधिकारी रामसिंह यादव ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि अगवाना खुर्द निवासी कृष्ण कुमार जाट के घर में एक संदूक के अंदर महिला का शव रखा हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच के दौरान संदूक से महिला का शव बरामद किया गया। मृतका की पहचान आरोपी की पत्नी सुलोचना फोगाट के रूप में हुई है।

मृतका की फाइल फोटो।

Image Source : REPORTER INPUTमृतका की फाइल फोटो।

2-3 दिन पुराना बताया जा रहा शव

प्रारंभिक जांच में शव करीब दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पुलिस के अनुसार महिला के दोनों हाथ बंधे हुए मिले हैं। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं। FSL टीम की मदद से भी महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।

शराब के लिए रुपये मांगने पर हुआ विवाद

प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि आरोपी कृष्ण कुमार जाट की शादी वर्ष 2009 में हुई थी। पूछताछ के अनुसार घटना से पहले पति-पत्नी के बीच शराब पीने के लिए रुपये मांगने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि पत्नी सुलोचना फोगाट द्वारा रुपये देने से इनकार करने पर दोनों के बीच झगड़ा हुआ और इसी दौरान महिला की हत्या कर शव को संदूक में छिपा दिया गया।

घर से संदूक को ले जाती पुलिस।

Image Source : REPORTER INPUTघर से संदूक को ले जाती पुलिस।

आरोपी पति हिरासत में, हर पहलू से जांच

पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है। शव को सूरजगढ़ सीएचसी की मोर्चरी में भिजवाया गया है, जहां मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी। थानाधिकारी रामसिंह यादव ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल साक्ष्यों और आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस सनसनीखेज वारदात के बाद अगवाना खुर्द गांव में दहशत और शोक का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

देखें वीडियो-

वहीं, आपको बता दें कि कर्नाटक के दावणगेरे जिले में भी एक चौंका देने वाली घटना सामने आई है। दो बेटों ने अपनी मां के दफनाए गए शव को बाहर निकाला और मोटरसाइकिल पर ले गए, बाद में पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया।

(रिपोर्ट- अमित शर्मा)

यह भी पढ़ें-

बहन की शादी के कपड़े लेने निकली, अगले दिन नहर में मिला अर्धनग्न शव; करनाल में लैब टेक्नीशियन की रहस्यमयी मौत

शादी को अभी 3 महीने भी नहीं हुए थे, पति-पत्नी की दर्दनाक मौत; अलग-अलग कमरों में फंदे से झूलते मिले शव

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।