मालिक का भरोसा तोड़कर 2Kg सोना-चांदी लेकर भागा कारीगर: डेढ़ साल से ठिकाने बदलकर रह रहा था, जोधपुर पुलिस ने अहमदाबाद से दबोचा - Jodhpur News

Published on 19 अक्टू॰ 2026

जोधपुर में ज्वेलरी दुकान में काम करने वाला कारीगर ही चोरी का आरोपी निकला। आरोप है कि वह दुकान से 2 किलो चांदी और सोना लेकर फरार हो गया था। पिछले 1 साल 8 महीने से उसकी तलाश की जा रही थी। आखिरकार जोधपुर कमिश्नरेट की राजीव गांधी थाना पुलिस ने उसे अहमदाब

.

आरोपी दुकान पर काम करने के दौरान ही मालिक का भरोसा जीतकर लाखों रुपए और सोने-चांदी के गहने लेकर फरार हो गया था और पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने और वेशभूषा बदल रहा था।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोधपुर के निर्देशों पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गुजरात के अहमदाबाद में फैक्ट्री से पकड़ा है।

अलग-अलग जगहों पर रहकर काट रहा था फरारी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 मार्च 2025 को प्रार्थी केशरसिंह खींची ने थाना राजीव गांधी नगर में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि रितेश सोनी उनके मकान में स्थित आशापूरा ज्वेलर्स की दुकान पर काम करता था। प्रार्थी से जान-पहचान बढ़ने पर उसने 4 लाख रुपए उधार लिए जो वापस नहीं लौटाए।

यही नहीं, आरोपी ने दुकान के नाम पर अन्य ग्राहकों से आभूषणों की खरीद कर ली, जिसका दुकान के रजिस्टर में कोई एंट्री नहीं कई गई। मौका पाकर शातिर रितेश सोनी दुकान से 2 किलो चांदी और 30 ग्राम वजनी सोने का शीशफूल चुराकर फरार हो गया था। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी।

फरार चल रहे आरोपी रितेश कुमार सोनी(45) पुत्र किशन सोनी, निवासी उदयपुरिया बाजार, जिला पाली को दबोचने के लिए पुलिस ने उसके पैतृक निवास स्थान पर कई बार दबिश दी गई, लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं लगा।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बेहद शातिर है और वह कभी चेन्नई, कभी महाराष्ट्र तो कभी गुजरात में छिपकर अलग-अलग जगहों पर फरारी काट रहा था। वह पुलिस से बचने के लिए एक स्थान पर कुछ ही समय रुकता और फिर अपनी लोकेशन बदल लेता था। मुल्जिम के खिलाफ धारा 37 पुलिस एक्ट का वारंट भी जारी करवाया गया था।

अहमदाबाद की फैक्ट्री से दबोचा

मामला सामने आने के बाद थानाधिकारी रविन्द्रपाल सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने गुजरात के अहमदाबाद शहर में दबिश देकर स्वर्ण आभूषण बनाने वाली एक फैक्ट्री से आरोपी रितेश सोनी को धर दबोचा।

आरोपी करीब एक साल 8 महीने से फरार चल रहा था। पुलिस कार्रवाई में ASI तपेंद्र सिंह, हेड कॉन्स्टेबल अजीत सिंह, हेड कॉन्स्टेबल मोजूराम, कॉन्स्टेबल ज्ञानचन्द, प्रेमाराम शामिल रहे।