उत्तर प्रदेश ने बिहार को पारी और 267 रन से हराया | IBC24

Published on 13 अक्टू॰ 2026

राजगीर, 13 अक्टूबर (भाषा) कार्तिक यादव और करण शर्मा की शानदार गेंदबाजी की बदौलत उत्तर प्रदेश ने मंगलवार को यहां रणजी ट्रॉफी के ग्रुप ए मुकाबले में बिहार को पारी और 267 रन से हरा दिया।

उत्तर प्रदेश ने पहली पारी में 540 रन बनाने के बाद बिहार को दोनों पारियों में क्रमश: 141 और 132 रन पर समेट दिया। इस तरह उसने तीसरे दिन ही एकतरफा जीत हासिल की।

फॉलोऑन खेलने उतरी बिहार की टीम दूसरी पारी में भी चुनौती पेश नहीं कर सकी और 36.4 ओवर में 132 रन पर आउट हो गई।

करण शर्मा ने 17 रन देकर तीन विकेट लिए जबकि जीशान अंसारी ने 40 रन देकर चार विकेट हासिल कर बिहार की बल्लेबाजी को ध्वस्त किया।

बिहार की तरफ से मंगल महरौर ने सर्वाधिक 27 रन बनाए जबकि कप्तान सकिबुल गनी ने 24 रन का योगदान दिया। सूरज कश्यप ने 17 गेंद में तेजी से 25 रन बनाए लेकिन बिहार के बल्लेबाज टिककर खेलने में नाकाम रहे।

पहली पारी में 26 रन देकर चार विकेट लेने वाले कार्तिक ने दूसरी पारी में दो और विकेट चटकाए। उन्होंने मैच में कुल छह विकेट हासिल किए। करण ने भी दोनों पारियों में कुल सात विकेट लेकर जीत में अहम योगदान दिया।

इससे पहले बिहार की टीम पहली पारी में केवल 141 रन बना सकी थी। कार्तिक और करण ने चार-चार विकेट लिए थे। महरौर ने सर्वाधिक 25 रन बनाए जबकि श्रमण निग्रोध ने 23 रन का योगदान दिया।

उत्तर प्रदेश को इस जीत से बोनस अंक सहित सात अंक मिले।

श्रीनगर में ग्रुप ए मुकाबले के बारिश से प्रभावित तीसरे दिन मध्य प्रदेश ने जम्मू-कश्मीर के खिलाफ दूसरी पारी में पांच विकेट पर 151 रन बनाए जिससे उसकी कुल बढ़त 227 रन की हो गई।

कप्तान शुभम शर्मा 132 गेंद में 51 रन बनाकर खेल रहे हैं जबकि अथर्व महाजन 35 रन बनाकर उनका साथ निभा रहे हैं।

जम्मू-कश्मीर की ओर से आकिब नबी और सुनील कुमार ने दो-दो विकेट लिए जबकि रोहित शर्मा को एक विकेट मिला।

पणजी में बड़ौदा ने पहली पारी में आठ विकेट पर 472 रन बनाने के बाद गोवा को पहली पारी में 199 रन पर समेटकर फॉलोऑन दिया।

बड़ौदा की ओर से महेश पिथिया ने 58 रन देकर पांच विकेट लिए जबकि भार्गव भट्ट ने 55 रन देकर चार विकेट हासिल किए।

गोवा ने दूसरी पारी में एक विकेट पर 35 रन बना लिए है। वह बड़ौदा से अब भी 238 रन पीछे है।

नागपुर में पूर्व चैंपियन विदर्भ ने पुडुचेरी को पहली पारी में 313 रन पर आउट कर दिया जिससे उसे 137 रन की बढ़त हासिल हुई।

विदर्भ ने पहली पारी में 428 रन बनाए थे और दूसरी पारी में उसका स्कोर एक विकेट पर 22 रन है।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द