मंदसौर जिले के नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के रहने वाले 25 हजार रुपए के इनामी तस्कर सुखलाल आंजना को राजस्थान की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी करीब एक साल से फरार था और लगातार पुलिस व जांच एजेंसियों से बचता फिर रह
.
राजस्थान ANTF के महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा और अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एमएन के निर्देशन में चल रहे 'ऑपरेशन मदार्कभ' के तहत यह कार्रवाई की गई। आरोपी सुखलाल पुत्र पोखरलाल आंजना (32) निवासी मल्याबेर खेड़ा, थाना नाहरगढ़, जिला मंदसौर पर दौसा पुलिस अधीक्षक ने 25 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।
शराब के कारोबार में नुकसान के बाद शुरू की तस्करी
पुलिस के अनुसार, सुखलाल ने आठवीं तक पढ़ाई के बाद खेती शुरू की। खेती से उम्मीद के मुताबिक फायदा नहीं हुआ तो उसने शराब के ठेके का कारोबार किया। इसमें भी नुकसान हुआ और उस पर कर्ज बढ़ गया। इसके बाद उसने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, उसके पिता के नाम पर वैध अफीम खेती का पट्टा था। इससे उसे अफीम उत्पादन और तस्करी के नेटवर्क की जानकारी थी। इसी का फायदा उठाकर वह अपने खेत और आसपास के किसानों से अवैध रूप से अफीम इकट्ठा करता था। बाद में इसे मध्यप्रदेश, राजस्थान और गुजरात के तस्करों तक पहुंचाता था।
बसों से भेजता था पार्सल, व्हाट्सएप कॉल से करता था संपर्क
जांच में सामने आया कि आरोपी बड़े नेटवर्क से सीधे नहीं जुड़ता था। वह केवल मादक पदार्थ की डिलीवरी और भुगतान तक सीमित रहता था, ताकि दूसरे तस्करों की पहचान सामने न आए। पुलिस से बचने के लिए वह हर बार अलग-अलग रास्तों और वाहनों का इस्तेमाल करता था। संपर्क के लिए व्हाट्सएप कॉल का उपयोग करता था।
राजस्थान और गुजरात भेजे जाने वाले मादक पदार्थ बसों के जरिए पार्सल के रूप में भेजे जाते थे। डिलीवरी के बाद व्हाट्सएप कॉल पर संपर्क किया जाता था।
तीन राज्यों में दर्ज हैं मामले
पुलिस के अनुसार, सुखलाल के खिलाफ राजस्थान, गुजरात और मध्यप्रदेश में एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य मामलों में केस दर्ज हैं। वर्ष 2025 में गुजरात एटीएस के गांधीनगर और राजस्थान के मेहंदीपुर बालाजी थाना क्षेत्र में उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज हुए थे। वर्ष 2026 में मध्यप्रदेश के नाहरगढ़ थाने में भी मामला दर्ज हुआ। मध्यप्रदेश में उसके खिलाफ हत्या के प्रयास और मारपीट का केस भी दर्ज है।
शादी से लौटते समय हाईवे पर दबोचा
आईजी विकास कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि सुखलाल काले रंग की थार से भीलवाड़ा में एक शादी समारोह में गया है और लौटते समय चित्तौड़गढ़ होकर अपने गांव जाएगा। इसके बाद ANTF ने चित्तौड़गढ़-भीलवाड़ा हाईवे पर सादे कपड़ों में निगरानी शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पीछा किए जाने का शक होने पर कई बार रास्ता बदला। उसने भीलवाड़ा रोड से उदयपुर रोड और फिर कोटा रोड की ओर वाहन मोड़कर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। पहले से तैनात दूसरी टीम ने निंबाहेड़ा रोड स्थित ओछड़ी टोल नाके के पास थार को रोककर उसे गिरफ्तार कर लिया।
राजस्थान ANTF के अनुसार, अभियान के तहत मध्यप्रदेश के सक्रिय मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। सुखलाल इस अभियान में गिरफ्तार किया गया मध्यप्रदेश का 11वां तस्कर है। एजेंसी का कहना है कि तस्करी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।