शहर के करीब पहुंचा 25 हाथियों का झुंड, वन विभाग-पुलिस ने संभाला मोर्चा - Simdega News

Published on 24 सित॰ 2026

सिमडेगा शहर के नजदीक के गांवों में आबादी क्षेत्र के आसपास करीब 25 जंगली हाथियों का झुंड पहुंच चुका है। सिमडेगा-रांची मुख्य मार्ग एनएच 143 के करीब पहुंच गया है। मंगलवार देर रात हाथियों का झुंड बीरू पावर ग्रिड के आसपास पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत फैल

.

पावर ग्रिड के आसपास आबादी होने के कारण किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रही। वहीं हाथियों के एनएच-143 की ओर बढ़ने की आशंका से ग्रामीणों के साथ वाहन चालक भी चिंतित रहे। हाथियों की मौजूदगी के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन भी प्रभावित होने की स्थिति बनी रही। हाथियों के झुंड के आबादी क्षेत्र के करीब पहुंचने की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग सक्रिय हो गए। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिमडेगा थाना पुलिस ने तत्काल वन विभाग के कर्मियों से समन्वय स्थापित किया। इसके बाद पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम क्षेत्र में पहुंची और ग्रामीणों को हाथियों से बचाव को लेकर जागरूक किया। टीम ने ग्रामीणों से हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने, उनके नजदीक नहीं जाने और किसी भी परिस्थिति में उन्हें उकसाने से बचने की अपील की। आबादी क्षेत्र में लगातार हाथियों की मौजूदगी से लोगों को चिंता हाथियों का झुंड लगातार आबादी क्षेत्र के आसपास घूम रहा है। इससे ग्रामीणों को जान-माल के साथ-साथ घरों और खेतों में लगी फसलों की सुरक्षा की चिंता भी सता रही है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों का झुंड काफी बड़ा है,इसलिए इसके आबादी क्षेत्र में प्रवेश करने पर स्थिति गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने और झुंड को आबादी से दूर सुरक्षित जंगल की ओर ले जाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में रात के समय निगरानी बढ़ाने और हाथियों की गतिविधियों की जानकारी ग्रामीणों को समय पर उपलब्ध कराने की मांग की गई है। पुलिस ने वन विभाग के साथ समन्वय जारी रखने की बात कही : सिमडेगा पुलिस ने कहा कि वन्यजीवों की गतिविधियों से संबंधित सूचनाओं को गंभीरता से लिया जा रहा है। ग्रामीणों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए वन विभाग के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा जा रहा है। हाथियों के झुंड की गतिविधियों की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और वन विभाग की टीम द्वारा स्थिति के अनुसार निगरानी एवं सुरक्षा के उपाय किए जा रहे हैं। मशाल लेकर रातभर रखी गई निगरानी पुलिस और वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से मशाल जलाकर हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी। टीम का उद्देश्य हाथियों को आबादी क्षेत्र की ओर बढ़ने से रोकना और ग्रामीणों को सुरक्षित रखना था। देर रात तक क्षेत्र में निगरानी जारी रही। पुलिस ने ग्रामीणों से कहा कि हाथियों को भगाने के लिए स्वयं जोखिम न उठाएं और किसी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस या वन विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। बुजुर्ग का घर तोड़ा, चौकी के नीचे छिपकर बचाई जान इससे पहले इसी हाथियों के झुंड ने बेलगढ़ गिरजाटोली में एक बुजुर्ग के घर को निशाना बनाया था। हाथियों ने निस्डोर केरकेट्टा के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया। अचानक हाथियों के घर के पास पहुंचने से बुजुर्ग की जान पर बन आई। बताया गया कि हाथियों से बचने के लिए निस्डोर केरकेट्टा किसी तरह घर के अंदर चौकी के नीचे छिप गए। हाथियों ने घर को नुकसान पहुंचाया, लेकिन बुजुर्ग उनकी नजर से बच गए। हाथियों के वहां से चले जाने के बाद ही वह सुरक्षित बाहर निकल सके।