अभिषेक शर्मा ने पंजाब इंटर-डिस्ट्रिक्ट वनडे टूर्नामेंट में महज 91 गेंदों में 233 रन की विस्फोटक पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने 15 चौके और 25 गगनचुंबी छक्के लगाए।
Abhishek Sharma: भारत के धुरंधर ओपनर बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का तूफान एक बार फिर लौट आया। रविवार (2 अगस्त) को पंजाब स्टेट इंटर-डिस्ट्रिक्ट सीनियर वन-डे लिमिटेड ओवर्स टूर्नामेंट 2026-27 में भारतीय बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने शानदार अंदाज में वापसी की। अमृतसर मेन्स सीनियर टीम की ओर से खेलते हुए उन्होंने तरनतारन के खिलाफ विस्फोटक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और विपक्षी गेंदबाजों की जमकर खबर ली।
91 गेंदों में 233 रन, 25 छक्कों से बरपाया कहर
25 वर्षीय बाएं हाथ के ओपनर अभिषेक शर्मा ने सिर्फ़ 91 गेंदों में 233 रन की यादगार पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 15 चौके और 25 छक्के लगाए। उनकी बल्लेबाजी का स्ट्राइक रेट 256.04 रहा, जो उनकी आक्रामक शैली को साफ दिखाता है। शुरुआत से ही उन्होंने तेज रन बनाए और पूरे मैच में गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा।
Scroll to load tweet…
अभय चौधरी के साथ 305 रन की ओपनिंग साझेदारी
अभिषेक शर्मा को दूसरे छोर से अभय चौधरी का भी शानदार साथ मिला। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 305 रन की बड़ी साझेदारी कर अमृतसर को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। अभय चौधरी ने 85 गेंदों में 93 रन की उपयोगी पारी खेली और अभिषेक के साथ मिलकर टीम को बेहतरीन शुरुआत दिलाई।
अभिषेक की पारी से अमृतसर ने बनाया 533 रन का विशाल स्कोर
अभिषेक शर्मा की तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत अमृतसर मेन सीनियर टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 533 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। शुरुआत से ही टीम के बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज अपनाया और लगातार तेज गति से रन बनाए। अभिषेक की ऐतिहासिक पारी ने टीम को बेहद मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
अन्य बल्लेबाजों ने भी निभाई अहम भूमिका
अभिषेक शर्मा के अलावा सलामी बल्लेबाज अभय चौधरी ने 85 गेंदों में 93 रन की शानदार पारी खेली। वहीं अभिनव शर्मा ने 33 गेंदों पर 51 रन बनाकर तेजी से स्कोर आगे बढ़ाया। साहिल शर्मा ने भी 20 गेंदों में 37 रन का योगदान दिया। इसके अलावा वरिंदर सिंह लोहट ने 36 रन और सलिल अरोड़ा ने 29 रन बनाकर टीम के विशाल स्कोर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जिम्बाब्वे टी20 सीरीज के बाद अभिषेक शर्मा की दमदार वापसी
यह पारी अभिषेक शर्मा के लिए इसलिए भी बहुत मायने रखती है, क्योंकि हाल ही में जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में उनका बल्ला एकदम शांत रहा था। उस सीरीज की तीन पारियों में वह कुल 11 रन ही बना सके। हालांकि, उनकी खराब फॉर्म का असर भारतीय टीम के प्रदर्शन पर नहीं पड़ा। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत ने जिम्बाब्वे को 3-0 से हराकर सीरीज अपने नाम की थी। अब घरेलू क्रिकेट में इस शानदार पारी के जरिए अभिषेक ने जोरदार वापसी के संकेत दे दिए हैं।