Aug 06, 2026 04:56 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान
Suvendu Adhikari Bengal: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने ऐलान किया है कि उनकी सरकार आने वाले एक महीने में 25 से ज्यादा उद्योगों को जमीन देने वाली है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इसके लिए जमीन अधिग्रहण की नई नीति तैयार की है।

बंगाल की शुभेंदु अधिकारी सरकार एक महीने में 25 उद्योगों को जमीन देगी
Suvendu Adhikari: पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में नई नवेली सरकार लगातार आर्थिक हितों को ध्यान में रखते हुए फैसले ले रही है। गुरुवार को अपनी सरकार का विजय जाहिर करते हुए मु्ख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल आने वाले एक से दो सालों के भीतर आर्थिक रूप से बेहद मजबूत हो जाएगा और हर क्षेत्र में तरक्की करेगा। बता दें, शुभेंदु अधिकारी सरकार ऐलान किया है कि वह आने वाले एक महीने के भीतर लगभग 25 उद्योगों को जमीन सौंप देगी।
कोलकाता के मिलन मेला मैदान में 'टेक्सटाइल एक्सपो' का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि वह 17 अगस्त को पुरुलिया में 4,000 करोड़ रुपये के इस्पात संयंत्र की आधार शिला रखेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज बंगाल में भाजपा सरकार के आने के बाद हर महीने नई फैक्ट्रियां लगाने के लिए शिलान्यास समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, "अगले एक-दो साल में बंगाल आर्थिक रूप से मजबूत हो जाएगा और हर क्षेत्र में तेजी से तरक्की करेगा। हम एक महीने के अंदर कम से कम 25 उद्योगों को जमीन सौंप देंगे।"
सरकार ने नई अधिग्रहण नीति की शुरुआत की है- शुभेंदु अधिकारी
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि भाजपा सरकार ने उद्योगों को जमीन देने के लिए नई अधिग्रहण नीति की शुरुआत की है। इसमें लोगों और उद्योगों दोनों का ख्याल रखा जाएगा। उसके साथ ही उन्होंने बताया कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ दिल्ली में भी राज्य के विकास को लेकर बात हुई थी। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत सरकार राज्य के चाय और वस्त्र उद्योग को बेहतर और विकसित करना चाहती है।
बता दें, बंगाल की जलवायु के हिसाब से यहाँ पर कपास और जूट की खेती बेहतर होती है। इस वजह से यह पूरा क्षेत्र इस तरह के उद्योग के लिए उपयुक्त है। दूसरी तरफ चाय की बात है उत्तरी पश्चिम बंगाल के इलाकों में मौजूद चाय के बागानों में विकास का बहुत स्कोप मौजूद है। बांग्लादेश के कई बड़े वस्त्र उद्योगों के लिए कच्चा माल भारत से ही जाता था। अब, जबकि 2 साल की उठापटक के बाद बांग्लादेश के उद्योगों को नुकसान पहुंचा है, तो बंगाल के उद्योगों को विकास करने का अवसर मिला है।
बंगाल के वस्त्र और चाय उद्योगों को बढ़ाना चाहती है सरकार- सीएम शुभेंदु अधिकारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण राज्य में विकास की गति को तेज करने के लिए 24 से 28 अगस्त के बीच दौरा करेंगी। इस दौरान कई योजनाओं पर मुहर लग सकती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने नदिया और पूर्वी बर्धमान जिलों में वस्त्र उद्योग केंद्रों का दौरा किया था।
बता दें, भाजपा शुरुआत से ही वामपंथी और टीएमसी सरकारों पर यह आरोप लगाती रही है कि इन्होंने बंगाल के उद्योग जगत को पूरी तरह से खत्म कर दिया है। आरोप है कि इन दोनों पार्टियों ने मिलकर एक समय पर भारत के सबसे समृद्ध राज्य को आज गरीब और पिछड़े राज्यों की सूची में लाकर खड़ा कर दिया है। विशेषज्ञों की मानें, तो एक लंबे स्केल पर यह आरोप सही भी साबित होते हैं, क्योंकि पिछले कई सालों से भारत के बाकी राज्यों की तुलना में बंगाल विकास के मामले में पीछे रहा है।
