पटना में डेंगू के मामले फिर से बढ़ने लगे हैं। सितंबर के सिर्फ 23 दिनों में करीब 140 नए मरीज मिले हैं। बुधवार को 9 नए केस सामने आए, जिसके बाद इस सीजन में पटना में डेंगू संक्रमितों की कुल संख्या 307 हो गई है।
.
मामले लगातार बढ़ने के कारण अस्पतालों में डेंगू मरीजों के लिए बेड, जांच और निगरानी की व्यवस्था पर ध्यान दिया जा रहा है। कुछ मरीजों में बीमारी गंभीर होने पर प्लेटलेट्स तेजी से गिर रहे हैं। ऐसे मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर उनकी निगरानी करनी पड़ रही है।
पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) के अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह ने बताया कि इस सीजन में अब तक 52 डेंगू मरीजों को भर्ती किया गया है। अस्पताल में डेंगू मरीजों के लिए 20 बेड का एक अलग वार्ड बनाया गया है।
मरीजों को मच्छरों से बचाने के लिए मच्छरदानी का इंतजाम भी किया गया है। मरीजों की हालत के हिसाब से प्लेटलेट्स, ब्लड काउंट और दूसरी जरूरी जांचें कराई जा रही हैं। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, अब तक भर्ती हुए सभी मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं।

वहीं, इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) में 79 डेंगू मरीजों को भर्ती कर उनका इलाज किया गया है। इसका मतलब है कि PMCH और IGIMS में कुल 134 मरीजों को अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत पड़ी है।
IGIMS में डेंगू मरीजों के लिए सिर्फ 5 बेड रखे गए हैं। हालांकि, इन बेड पर भर्ती मरीजों को मच्छरों से बचाने के लिए मच्छरदानी का पूरा इंतजाम नहीं है। डेंगू मरीज को मच्छर के काटने से संक्रमण आगे फैल सकता है, इसलिए अस्पताल में भी मच्छरों से बचाव जरूरी है।
केस बढ़े तो बढ़ाने होंगे बेड

डेंगू के रफ्तार तेज होने चिंता भी काफी बढ़ गई है, मामलों में तेजी को देखते हुए अस्पतालों में बेड, प्लेटलेट्स, जांच किट और जरूरी दवाओं की उपलब्धता पर लगातार नजर रखनी होगी। साथ ही मच्छर नियंत्रण की व्यवस्था भी मजबूत करने की जरूरत है। खासकर तेज बुखार, शरीर में तेज दर्द, लगातार उल्टी, पेट दर्द, खून आना, अत्यधिक कमजोरी या प्लेटलेट्स गिरने जैसे लक्षण वाले मरीजों की निगरानी जरूरी है। कंकड़बाग-बांकीपुर समेत ये इलाके हॉट स्पॉट
कंकड़बाग अंचल: कंकड़बाग, हनुमान नगर, भागवत नगर, पोस्टल पार्क, योगीपुर, जक्कनपुर, भूतनाथ रोड
बांकीपुर अंचल: बाजार समिति, मुसल्लहपुर घाट, सुलतानगंज, संदलपुर, कदमकुआं, महेंद्रू, भिखनापहाड़ी
पाटलिपुत्र अंचल: पाटलिपुत्र, बोरिंग रोड, राजाबाजार, इंद्रपुरी, आशियाना, दीघा, एजी कॉलोनी, एसकेपुरी
नूतन राजधानी अंचल: तारामंडल, सिपारा, मीठापुर, अनीसाबाद
अजीमाबाद अंचल: अगमकुआं, बजरंगपुरी, गुलजारबाग, आलमगंज
पटना सिटी: खाजेकलां, मालसलामी