दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी में 219 असिस्टेंट प्रोफेसर पदों पर आवेदन शुरू | Applications open for 219 Assistant Professor posts at Delhi Technological University

Published on 23 अक्टू॰ 2026

नई दिल्ली, शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े उन लोगों के लिए एक विशेष अवसर सामने आया है, जो देश के किसी प्रतिष्ठित संस्थान में काम करना चाहते हैं। दरअसल, दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (डीटीयू) ने सीधी भर्ती के माध्यम से विभिन्न विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के कुल 219 पदों के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर रिक्तियों की घोषणा की है।

डीटीयू की ओर से असिस्टेंट प्रोफेसर पोस्ट के लिए जारी 219 रिक्तियों में एप्लाइड केमिस्ट्री में 4, केमिकल इंजीनियरिंग में 4, एप्लाइड मैथमेटिक्स में 11, मैथमेटिक्स एंड कंप्यूटिंग में 2, एप्लाइड फिजिक्स में 15, इंजीनियरिंग फिजिक्स में 11, ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग में 12, सिविल इंजीनियरिंग में 20, मैनेजमेंट (डीएसएम) में 10, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में 4, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में 8, एनवायर्नमेंटल साइंस एंड इंजीनियरिंग में 6, ह्यूमैनिटीज (इकोनॉमिक्स) में 5, ह्यूमैनिटीज (इंग्लिश) में 3, प्रोडक्शन इंजीनियरिंग में 20, मैकेनिकल इंजीनियरिंग में 18, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में 9, सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग में 3, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में 36, इकोनॉमिक्स (यूएसएमई) में 1, डिजाइन में 3, बायोटेक्नोलॉजी में 6, जियोस्पेशियल साइंस में 2 और जियोस्पेशियल टेक्नोलॉजी में 6 पद शामिल हैं।

असिस्टेंट प्रोफेसर के इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुक्रवार की सुबह 11 बजे से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 7 दिसंबर की शाम 5 बजे तक तय की गई है। ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे डीटीयू की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय समय सीमा के अंदर अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

सफलतापूर्वक ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के बाद कैंडिडेट्स को शैक्षिक योग्यता, अनुभव, श्रेणी प्रमाण-पत्र, पीडब्ल्यूबीडी प्रमाण-पत्र, पीएचडी थीसिस का मुख्य पृष्ठ, प्रकाशनों के मुख्य पृष्ठ, अपने दावों के समर्थन में आवश्यक दस्तावेज और शुल्क रसीद की कॉपी एक लिफाफे में डालकर 'भर्ती सेल, कमरा नंबर 818, 8वीं मंजिल, एबी-3 ब्लॉक, दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी, शाहबाद दौलतपुर, बवाना रोड, दिल्ली - 110042' के पते पर डाक या अन्य माध्यम से तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले पहुंचाना होगा।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदन की प्रारंभिक जांच, दस्तावेज एवं बिंदु चिह्न सत्यापन, प्रस्तुति और साक्षात्कार, आदि के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी डीटीयू के वेतनमान नियमों के अनुसार होगी। आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी के लिए 3,000 रुपए और ईडब्ल्यूएस/एससी/एसटी के लिए 1,000 रुपए है। वहीं, दिव्यांग व्यक्ति (पीडब्ल्यूबीडी) को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

कैंडिडेट्स को रिक्तियों से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए डीटीयू की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित पोस्ट के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।