.
कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी कानाराम की मौजूदगी में सोमवार को वार्ड आरक्षण की लॉटरी निकाली गई। गंगापुर सिटी नगर परिषद सहित बामनवास और वजीरपुर में आगामी निकाय चुनाव-2026 की सरगर्मियां तेज हो गई हैं।
आरक्षण प्रक्रिया के तहत सवाई माधोपुर व गंगापुर सिटी नगर परिषद के 60- 60, नगर पालिका वजीरपुर, बौंली और खंडार के 25- 25 और नगर पालिका बामनवास के 20 वार्डों के आरक्षण का निर्धारण किया गया।
इस प्रक्रिया के साथ ही अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) तथा सामान्य वर्ग के साथ-साथ महिलाओं के लिए आरक्षित होने वाली सीटों की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो गई है। लॉटरी प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही विभिन्न वार्डों से दावेदारी जता रहे प्रत्याशियों में चुनावी समीकरणों को लेकर हलचल बढ़ गई है।
पूरे कार्यक्रम की वीडियोग्राफी के बीच दो स्कूली बच्चों ने पारदर्शी बॉक्स में से पर्चियां निकालकर वार्डों के आरक्षण का फैसला किया। इसके साथ ही जिले के 245 वार्डों का आरक्षण फाइनल हो गया, जिनमें से 73 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित हुए हैं। कलेक्ट्रेट में लॉटरी निकालते हुए अधिकारी। चुनावी रणनीति बनना शुरू : निकाय चुनाव की लाटरी निकलते ही अब संभावित उम्मीदवारों ने अपनी=अपनी सीटों के लिए जुगत बिठाने के लिए रणनीति बनाना शुरू कर दिया है। कई उम्मीदवारों की जहां जमीन खिसक गई वहीं उनको नई जगह तलाशनी पड़ रही है, वहीं कई लंबे समय से सक्रिय होने से उनको लाटरी के बाद लाभ मिलता दिख रहा है। अब चुनावी सरगर्मियां तेज होने से जिले में माहौल फिर से गरमाने लगेगा।
निकायवार सीटों का समीकरण . सवाई माधोपुर (60 वार्ड): 21 सामान्य, 10 सामान्य महिला, 9 एससी, 5 एससी महिला, 2 एसटी, 1 एसटी महिला, 8 ओबीसी, 4 ओबीसी महिला। . गंगापुर सिटी (60 वार्ड) : 7 एससी ओपन, 3 एससी महिला, 2 एसटी ओपन,1 एसटी महिला, 8 ओबीसी ओपन, 4 ओबीसी महिला, 23 अनारक्षित ओपन पुरुष, 12 अनारक्षित ओपन महिला । . बौंली (25 वार्ड): 9 सामान्य, 4 सामान्य महिला, 3 एससी, 3 एससी महिला, 1 एसटी, 3 ओबीसी, 2 ओबीसी महिला। . खण्डार (25 वार्ड): 8 सामान्य, 5 सामान्य महिला, 5 एससी, 3 एससी महिला, 1 एसटी, 2 ओबीसी, 1 ओबीसी महिला। . बामनवास (20 वार्ड ) : 3 एससी ओपन, 1 एससी महिला, 3 एसटी ओपन, 2 एसटी महिला, 1 ओबीसी ओपन, शून्य आेबीसी महिला, 7 अनारक्षित ओपन पुरुष, 3 अनारक्षित ओपन महिला . वजीरपुर (25 वार्ड) : 6 एससी ओपन, 3 एससी महिला, 1 एसटी ओपन, शून्य एसटी महिला 1 ओबीसी ओपन, 1 ओबीसी महिला, 8 अनारक्षित ओपन, 5 अनारक्षित ओपन महिला।