Indian Hockey Team: एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम का ऐलान कर दिया गया है. हॉकी इंडिया ने बुधवार, 29 जुलाई को एशियन खेल के लिए 20 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा की. इस बार भारतीय मेन्स हॉकी टीम मैदान पर अपना गोल्ड मेडल डिफेंड करने के इरादे से उतरेगी. गौरतलब है कि एशियन गेम्स 2026 की शुरुआत 19 सितंबर से होगी और यह 4 अक्टूबर तक खेले जाएंगे. अनुभवी डिफेंडर हरमनप्रीत सिंह को लगातार दूसरी बार टीम का कप्तान बनाया गया है. जबकि दिग्गज मिडफील्डर मनप्रीत सिंह भी इस टीम में जगह मिली है.
भारत के सामने होगी गोल्ड बचाने की चुनौती
भारतीय हॉकी टीम ने 2023 हांगझोउ एशियन गेम्स में हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी में गोल्ड मेडल अपने नाम किया था. अब टीम इंडिया के सामने इस गोल्ड मेडल को डिफेंड करने की चुनौती होगी. जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स में भारतीय टीम को पूल-ए में रखा गया है. इस पूल-ए में भारत के अलावा मेजबान जापान, साउथ कोरिया, श्रीलंका, बांग्लादेश और इंडोनेशिया शामिल हैं.
एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय हॉकी टीम में गोलकीपर के तौर पर मोहित एचएस और सूरज करकेरा को शामिल किया गया है. वहीं, डिफेंस की कमान कप्तान हरमनप्रीत सिंह के साथ जरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित और यशदीप सिवाच संभालेंगे. इसके अलावा मिडफील्ड में राजिंदर सिंह, राज कुमार पाल, हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, नीलकांत शर्मा और विवेक सागर प्रसाद टीम का संतुलन बनाएंगे, जबकि अटैकर्स (फॉरवर्ड) के रूप में दिलप्रीत सिंह, शिलानंद लकड़ा, सुखजीत सिंह, मनदीप सिंह और अभिषेक पर गोल करने की जिम्मेदारी होगी.
— Hockey India (@TheHockeyIndia) July 29, 2026
एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय मेन्स हॉकी टीम
गोलकीपर: मोहित एचएस, सूरज करकेरा.
डिफेंडर: जरमनप्रीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित, यशदीप सिवाच.
मिडफील्डर: राजिंदर सिंह, राज कुमार पाल, हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, नीलकांत शर्मा, विवेक सागर प्रसाद.
फॉरवर्ड: दिलप्रीत सिंह, शिलानंद लकड़ा, सुखजीत सिंह, मनदीप सिंह, अभिषेक.
ओलंपिक 2028 के लिए क्वालिफाई करना होगा लक्ष्य
भारतीय हॉकी टीम के हेड कोच क्रेग फुल्टन ने टीम सेलेक्शन पर कहा कि एशियन गेम्स के लिए चुनी गई भारतीय टीम बेहद अनुभवी है. हेड कोच के मुताबिक, इस बार जापान में होने वाले एशियन गेम्स काफी चुनौतीपूर्ण होने वाले हैं, क्योंकि इस टूर्नामेंट का विजेता सीधे लॉस एंजेलिस ओलंपिक 2028 के लिए क्वालीफाई करेगा. उन्होंने कहा कि भारतीय टीम का सबसे बड़ा लक्ष्य इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर ओलंपिक 2028 के लिए सीधे क्वालीफाई करना है.
यह भी पढ़ें: 'रोहित-विराट क्रिकेट के महान एम्बेसडर..., बांग्लादेशी स्टार खिलाड़ी ने दोनों भारतीय दिग्गजों को लिए कह दी ये बड़ी बात