दशहरा के बाद दिल्ली की हवा हुई जहरीली, 200 के पार पहुंचा AQI, प्रदूषण से बचाव के लिए फॉलो करें ये टिप्स

Published on 21 अक्टू॰ 2026

Published: Wednesday, October 21, 2026, 16:27 [IST]

Delhi-NCR Air Pollution: दिल्ली में सर्दियां शुरू होने से पहले ही प्रदूषण का असर दिखने लगा है। 20 अक्टूबर को दशहरे के मौके पर कई जगह रावण दहन हुआ और आतिशबाजी भी की गई। इसके अगले दिन सुबह दिल्ली के कई इलाकों में धुंध छाई रही। हवा की गुणवत्ता भी खराब हो गई। वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली (AQEWS) के मुताबिक, 21 से 23 अक्टूबर तक दिल्ली की हवा खराब श्रेणी में रह सकती है। मंगलवार को दिल्ली का AQI 179 दर्ज किया गया था, जबकि बुधवार सुबह 7 बजे यह बढ़कर 227 पहुंच गया। ऐसे में, सुबह टहलने जाने वाले लोगों, बच्चों और सांस की परेशानी से जूझ रहे लोगों को खास ध्यान रखने की जरूरत है।

Delhi Air Pollution

दिल्ली के कई इलाकों में 200 के पार पहुंचा AQI

बुधवार सुबह दिल्ली के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता खराब दर्ज की गई। अलग-अलग निगरानी केंद्रों के आंकड़ों के मुताबिक, बवाना में AQI 273, द्वारका सेक्टर-8 में 262 और दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी के पास 248 रहा। AQI का स्तर 201 से 300 के बीच होने पर हवा को खराब श्रेणी में रखा जाता है। ऐसी हवा में लंबे समय तक रहने से लोगों को सांस लेने में परेशानी हो सकती है। बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा या दिल की बीमारी से जूझ रहे लोगों को ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है।

तापमान गिरने पर क्यों बढ़ने लगता है प्रदूषण?

दिल्ली में तापमान धीरे-धीरे कम होने लगा है। मंगलवार को सफदरजंग मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 31।8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17।7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। ठंड बढ़ने और हवा की रफ्तार कम होने पर प्रदूषण के कण आसानी से फैल नहीं पाते। ऐसे में गाड़ियों, उद्योगों और दूसरे स्रोतों से निकलने वाला धुआं जमीन के आसपास जमा होने लगता है। यही वजह है कि सर्दियों में दिल्ली-NCR के कई इलाकों में धुंध और स्मॉग ज्यादा दिखाई देता है। वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली (AQEWS) के अनुमान के मुताबिक, 23 अक्टूबर तक दिल्ली की हवा खराब श्रेणी में रह सकती है। इसके बाद के दिनों में भी प्रदूषण से पूरी राहत मिलने की संभावना कम बताई गई है। ऐसे में हवा की गुणवत्ता पर नजर रखना और बाहर निकलते समय सावधानी बरतना जरूरी है।

प्रदूषण से बचने के लिए किन बातों का रखें ध्यान?

AQI खराब होने पर सुबह बाहर टहलने, दौड़ने या कसरत करने से बचें। जरूरत हो तो घर के अंदर व्यायाम कर सकते हैं।

बाहर निकलते समय अच्छी फिटिंग वाला N95 मास्क पहनें।

बच्चों और बुजुर्गों को प्रदूषित हवा में लंबे समय तक खेलने या रहने से बचाना चाहिए। अस्थमा या दिल की बीमारी वाले लोगों को भी खास ध्यान रखना चाहिए।

अगर आंखों में जलन हो, खांसी बढ़े या सांस लेने में परेशानी महसूस हो, तो बाहर रहने का समय कम करें और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से सलाह लें।

घर से निकलने से पहले अपने इलाके का AQI देख लें। हवा बहुत खराब होने पर गैर-जरूरी बाहरी काम कुछ समय के लिए टाल सकते हैं।

घर में खिड़की-दरवाजे कब खोलने हैं, यह बाहर की हवा की स्थिति देखकर तय करें। हवा बेहतर होने पर कमरे में ताजी हवा आने दें।

अगर घर में एयर प्यूरिफायर है, तो उसमें HEPA फिल्टर का इस्तेमाल बारीक कणों को कम करने में मदद कर सकता है।

घर के अंदर सिगरेट, अगरबत्ती या दूसरी चीजें जलाने से भी बचें, क्योंकि इनके धुएं से अंदर की हवा खराब हो सकती है।

Disclaimer: इस आर्टिकल में दी गई जानकारी सिर्फ सामान्य जानकारी और शैक्षणिक उद्देश्य के लिए है। यह किसी भी तरह की मेडिकल सलाह, जांच या इलाज का विकल्प नहीं है। किसी भी स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या या सवाल के लिए हमेशा अपने डॉक्टर या किसी योग्य व अनुभवी स्‍वास्‍थ्‍य प्रदात्ता से सलाह लें।

Story first published: Wednesday, October 21, 2026, 16:27 [IST]