बिहार में मानसून एक्टिव है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में पिछले कुछ दिनों से बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज 20 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में आकाशीय बिजली भी गिरने की आशंका है।
.
मौसम विभाग के मुताबिक 12 अगस्त तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। उत्तर बिहार के कुछ जिलों में भारी बारिश की संभावना है। 15 अगस्त के बाद प्रदेश में मौसम साफ होने की उम्मीद है।
मौसम वैज्ञानिक के अनुसार 8 अगस्त तक बिहार में कुल 365.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य बारिश का आंकड़ा 566.6 मिलीमीटर होना चाहिए था। इस तरह राज्य में अब तक बारिश 35 प्रतिशत कम हुई है।
बीते 24 घंटे में राजधानी पटना समेत 4 जिलों में बारिश हुई। पटना में शनिवार रात बारिश के बाद उमस भरी गर्मी से राहत मिली। कई जिलों में काले बादल छाए रहे।
बिहार में मौसम से जुड़ी कुछ तस्वीरें देखिए…

पटना में शनिवार रात तेज बारिश हुई। तस्वीरें राजधानी के जेपी गंगा पथ की है।

बेतिया में भी शनिवार को तेज बारिश हुई। जिले में दिनभर बादल छाए रहे।

नालंदा में बीती रात मौसम अचानक बदल गया। तेज बारिश के बाद उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत मिली।
बगहा में 300 घरों में घुसा बाढ़ का पानी
नेपाल में हो रही बारिश से मुजफ्फरपुर में बागमती नदी उफान पर है। बकुची गांव में 12 से अधिक घर डूब गए हैं। बगहा में गंडक का पानी 2 पंचायतों की 300 घरों में घुस गया है। बेगूसराय जिले के मटिहानी प्रखंड क्षेत्र स्थित महेंद्रपुर गांव के समीप गंगा नदी का भीषण कटाव शुरू हो गया है।
खगड़िया में गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से निचले इलाकों में पानी फैलने लगा है। परबत्ता प्रखंड के नयागांव दियारा जाने वाला छोटी पुलिया पूरी तरह पानी में डूब गया है। इसके कारण दियारा क्षेत्र तक पहुंचना मुश्किल हो गया है और लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
बिहार में बाढ़ से जुड़ी तस्वीरें…

खगड़िया में बाढ़ के पानी में मस्ती करते बच्चे।

खगड़िया के दियरा क्षेत्र से लोग पशुओं के साथ सुरक्षित स्थान के लिए पलायन कर रहे हैं।

नेपाल में बारिश से मुजफ्फरपुर में बागमती नदी उफान पर है।

बगहा की 2 पंचायत के 300 घरों में बारिश का पानी भर गया है। लोगों को नाव से आना-जाना पड़ रहा है।

बेगूसराय के मटिहानी प्रखंड क्षेत्र स्थित महेंद्रपुर गांव के समीप गंगा का भीषण कटाव शुरू हो गया है।
प्रदेश के प्रमुख जिलों का तापमान

आगे कैसा रहेगा मौसम
बिहार में अगले कुछ दिनों तक मौसम बदला रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, 8 से 12 अगस्त के बीच राज्य के कुछ स्थानों पर छिटपुट बारिश की संभावना है। अधिकांश इलाकों में बारिश की गतिविधियां सामान्य रह सकती हैं।
9 अगस्त को राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा 13 और 14 अगस्त को पूरे बिहार में भारी बारिश का अनुमान है। कई जिलों में तेज बारिश और नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी की आशंका है।
13-14 अगस्त को 19 जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। अलर्ट वाले जिलों में जहानाबाद, सारण, सिवान, बक्सर, गया, पटना, बेगूसराय, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, सहरसा, सुपौल, खगड़िया, भागलपुर और लखीसराय शामिल है।

अरवल, औरंगाबाद और रोहतास में सबसे कम वर्षा
जिलावार स्थिति बारिश की कमी को दिखाती है। कई जिलों में सामान्य से काफी कम बारिश हुई है, जबकि कुछ जिलों में बारिश सामान्य-सामान्य से अधिक रही है। पश्चिम चंपारण में 117.1 प्रतिशत और सीवान में 14.1 प्रतिशत अधिक बारिश हुई। शेखपुरा में 68 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है।
कई जिलों में बारिश की भारी कमी है। अरवल, औरंगाबाद और रोहतास में अब तक बारिश नहीं के बराबर रही है, जबकि कैमूर, बक्सर, भोजपुर, नवादा, जमुई, बांका, किशनगंज, अररिया और मधुबनी समेत कई जिलों में सामान्य से काफी कम बारिश दर्ज की गई है।