Published: Monday, August 10, 2026, 8:22 [IST]
Bengal Border Kidnapping: पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास चाय किसान के कथित अपहरण से हड़कंप मच गया है। आरोप है कि करीब 20 बांग्लादेशी बदमाश भारतीय सीमा में घुसे और चाय बागान में काम कर रहे 35 वर्षीय किसान दीपांकर गोप को जबरन अपने साथ ले गए।
घटना राजगंज ब्लॉक के कुकुरजान इलाके की बताई जा रही है। परिवार और ग्रामीणों को आशंका है कि यह कुछ दिन पहले एक बांग्लादेशी नागरिक के सीमा पार घुसने की कोशिश में पकड़े जाने के बाद की गई बदले की कार्रवाई हो सकती है। BSF ने मामले में BGB से संपर्क कर फ्लैग मीटिंग की है।
चाय बागान में अकेले काम कर रहा था किसान
शनिवार सुबह दीपांकर गोप अपने छह बीघा के चाय बागान में कीटनाशक का छिड़काव करने गया था। यह बागान अंतरराष्ट्रीय सीमा के बेहद करीब स्थित है। बताया जा रहा है कि जब वह अकेले काम कर रहा था, तभी करीब 20 लोगों का समूह कथित तौर पर वहां पहुंचा। आरोप है कि हथियारों से लैस इन लोगों ने दीपांकर को घेर लिया। किसान ने बचने की कोशिश की और हाथापाई भी हुई, लेकिन संख्या ज्यादा होने के कारण आरोपी उसे अपने साथ ले गए।
ये भी पढे़ं: 'पुलिस के सामने बड़ा-बड़ा पत्थर मारा गया, सिर फट जाता’ ममता बनर्जी के काफिले पर हमला, बंगाल में मचा बवाल
भारतीय सीमा में घुसकर किसान को ले गए!
ग्रामीणों के मुताबिक, कथित बदमाशों ने भारतीय सीमा में घुसकर दीपांकर को पकड़ लिया और जबरन अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर बांग्लादेश के पंचगढ़ जिले की ओर ले गए। घटना की जानकारी सामने आते ही सीमा से सटे गांवों में दहशत फैल गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों का कहना है कि सीमा के बेहद करीब खेत और चाय बागान होने के कारण यहां स्थानीय लोग अक्सर काम करते हैं। ऐसे में इस घटना ने उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।
BSF ने BGB से की फ्लैग मीटिंग
घटना की जानकारी मिलते ही BSF सक्रिय हो गई और किसान की सुरक्षित वापसी के लिए बांग्लादेश बॉर्डर गार्ड यानी BGB से संपर्क किया गया। दोनों देशों की सीमा सुरक्षा एजेंसियों के बीच फ्लैग मीटिंग भी हुई। हालांकि रात तक दीपांकर की वापसी नहीं हो सकी। बताया गया कि वह BGB की हिरासत में है। इसी बीच एक कथित वीडियो भी सामने आया, जिसमें दीपांकर के हवाले से कहा जा रहा है कि उसे एक बांग्लादेशी नागरिक की रिहाई के बाद छोड़ा जाएगा। वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
बांग्लादेशी नागरिक की गिरफ्तारी से जोड़कर देखा जा रहा मामला
परिवार और स्थानीय लोगों का दावा है कि कुछ दिन पहले चौलहाटी सीमा पर एक बांग्लादेशी नागरिक तारबंदी काटकर भारत में घुसने की कोशिश कर रहा था। स्थानीय ग्रामीणों और BSF जवानों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। आशंका है कि पकड़ा गया व्यक्ति किसी सीमा पार तस्करी गिरोह से जुड़ा हो सकता है। अब दीपांकर के कथित अपहरण को उसी घटना की बदले की कार्रवाई से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि इस दावे की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगी।
ये भी पढ़ें: ममता बनर्जी अब कहां से लाएंगी पैसा? TMC के 1000 करोड़ वाले 12 बैंक अकाउंट फ्रीज, क्या है पूरा मामला?
पिता की अपील- बस मेरा बेटा सुरक्षित लौट आए
दीपांकर के पिता मिश्री लाल गोप ने बेटे की सुरक्षित वापसी की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि बेटा सुबह चाय बागान में काम करने गया था और करीब 20 बांग्लादेशी लोग उसे वहां से ले गए। परिवार इस घटना से बेहद परेशान है। वहीं सीमा से सटे ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर पुरुषों को सीमा पार से आए लोगों द्वारा निशाना बनाया जा सकता है, तो महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ना स्वाभाविक है।