
आरोपी दिलीप और मृतक अन्नपूर्णा
Karnataka Crime News: कर्नाटक के बेलगावी जिले के मुदलागी तालुका के कौजलागी गांव से दो महीने पहले अन्नपूर्णा नाम की गृहिणी रहस्यमय ढंग से गायब हो गई थी. अब महिला की हत्या कर होने की जानकारी मिली है. पुलिस ने इस मामले को सुलझा लिया है. पति द्वारा दर्ज कराई गई गुमशुदगी की शिकायत के आधार पर बेलगावी पुलिस ने जांच शुरू की और पता चला कि महिला की हत्या उसी दिन कर दी गई थी जिस दिन वह लापता हुई थी. यानी दो माह पहले ही महिला को मार दिया गया था.
महिला का शव गांव के बाहर एक गन्ने के खेत में मिला था. जांच के दौरान पता चला कि अन्नपूर्णा की हत्या गोकाक तालुका के शिंगलपुरा गांव के दिलीप गडाकरी ने की है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है. अन्नपूर्णा का जो शव मिला है, उसमें केवल हड्डियां ही बची हैं. मृतका के परिवार को गहरा सदमा लगा है. अन्नपूर्णा का विवाह सिद्धप्पा नाम के शख्स से 15 साल पहले हुआ था. उनके दो प्यारे बच्चे हैं.
दिलीप ने मांगे बाइक की किश्तें चुकाने के लिए पैसे
जानकारी के अनुसार, आरोपी दिलीप चार साल पहले घर के निर्माण के काम से कौजलागी गांव गया था. तभी उसकी मुलाकात पड़ोस में रहने वाली अन्नपूर्णा से हुई थी. दोनों ने एक-दूसरे के नंबर लिए और फिर धीरे- धीरे दोनों का अफेयर शुरू हो गया. दिलीप भी शादीशुदा है. उसके चार बच्चे हैं. कुछ महीने पहले दिलीप ने किश्त पर एक नई बाइक खरीदी थी. वह अन्नपूर्णा से किश्तें चुकाने के लिए पैसे मांग रहा था, लेकिन अन्नपूर्णा ने उसको पैसे देने से इनकार कर दिया.
इसके बाद आरोपी ने 23 जुलाई को अन्नपूर्णा को शहर से बाहर बुलाया. उससे पैसों को लेकर झगड़ा किया. जब अन्नपूर्णा ने फिर पैसे देने से मना कर दिया तो दीलीप ने गन्ने के खेत में ले जाकर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. फिर उसकी सोने की चेन, झुमके और मोबाइल फोन चुराकर फरार हो गया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो अन्नपूर्णा का फोन कोल्हापुर के सत्यप्पा नाम के शख्स के पास मिला. सत्यप्पा ने बताया कि दिलीप उसका दोस्त है और उसने ही ये फोन उसको बेचा है.
आरोपी ने कुबूला अपना जुर्म
इसके बाद दिलीप को पकड़ गया और पुलिस स्टेशन ले जाकर उससे पूछताछ की गई, तो उसने हत्या का जुर्म कबूल कर लिया. दिलीप ने कहा, “मेरे पास बाइक की ईएमआई चुकाने के लिए पैसे नहीं थे. मैंने अन्नपूर्णा से पैसे मांगे, लेकिन उसने मुझे पैसे नहीं दिए, इसलिए मैंने उसकी हत्या कर दी.” फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके हिंदलागा जेल भेज दिया. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.
ये भी पढ़ें: हम आपातकाल थोपकर शासन नहीं कर सकते, यह कांग्रेस की संस्कृति, छात्र आंदोलन पर अमित शाह का बड़ा बयान

वरुण कुमार
वरुण कुमार पिछले पांच वर्षों से पत्रकारिता जगत का हिस्सा हैं. साल 2021 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद प्रभासाक्षी न्यूज वेबसाइट से पत्रकारिता की शुरुआत की और फिर एबीपी न्यूज का हिस्सा बने. अब TV9 डिजिटल की धर्म टीम के साथ काम कर रहे हैं.
Read More