रेवाड़ी में 2 लड़कियों ने बाइक से आकर ATM में लगाई सेंध : एक ने बाहर दिया पहरा, दूसरी ने नुकीले हथियार से कैशट्रे मोड़ी - Haribhoomi

Published on 12 अग॰ 2026

बस स्टैंड के पास स्थित एटीएम में लगभग 37 मिनट तक चले इस घटनाक्रम के दौरान अन्य ग्राहकों की आवाजाही पर वे पैसे निकालने का नाटक करती रहीं। मशीन में करीब 2 लाख रुपये मौजूद थे, लेकिन वे कैश उड़ाने में नाकाम रहीं।

ATM Robbery Attempt

रेवाड़ी में दो युवतियों ने बाइक से आकर ATM में सेंध लगा दी। (सांकेतिक फोटो)

  • Published: 12 Aug 2026, 06:33 PM IST
  • Last Updated: 12 Aug 2026, 06:51 PM IST

हरियाणा के रेवाड़ी जिले से एक हैरान करने वाली वारदात सामने आई है, जहां दो युवतियों ने एक एटीएम बूथ में घुसकर कैश चुराने का दुस्साहस किया। यह पूरी घटना धारूहेड़ा स्थित बस स्टैंड के पास लगे हिताची मनी स्पॉट एटीएम की है। 10 अगस्त की सुबह दोनों युवतियां एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर यहां पहुंची थीं। फुटेज के अनुसार एक लड़की एटीएम बूथ के ठीक बाहर पहरा दे रही थी, जबकि उसकी साथी अंदर जाकर किसी नुकीली चीज की मदद से मशीन की मनी ट्रे को मोड़ने और कैश निकालने का प्रयास कर रही थी।

सीसीटीवी में कैद हुई 37 मिनट की पूरी टाइमलाइन 
• सुबह 09:18 बजे: दोनों युवतियां पहली बार एटीएम के भीतर दाखिल हुईं, लेकिन उस वक्त बूथ में पहले से मौजूद एक युवक के कारण वे शांत खड़ी रहीं।
• सुबह 09:19 बजे: एक अन्य ग्राहक के दूसरी मशीन पर आते ही युवतियां बिना कुछ किए चुपचाप बाहर निकल गईं।
• सुबह 09:55 बजे: दोबारा बूथ में घुसकर एक लड़की ने जेब से नुकीला औजार निकाला और कैश ट्रे से छेड़छाड़ शुरू कर दी। इस दौरान घबराहट में वह बार-बार अपना पसीना पोंछती और मोबाइल देखती दिखी। 
• सुबह 10:00 बजे तक: अन्य ग्राहकों की आवाजाही के बीच वे कार्ड से पैसे निकालने का नाटक करती रहीं। मौका मिलते ही फिर से मशीन से जबरन नकदी खींचने का असफल प्रयास किया। 
• सुबह 09:44 बजे (फ्लाइओवर के पास): वारदात के बाद दोनों युवतियां फ्लाइओवर के समीप अपनी बाइक के पास आपस में बातचीत करती और फिर वहां से रवाना होती नजर आईं।

बूथ में मौजूद था 2 लाख का कैश, बार-बार की असफल कोशिश
एटीएम देखरेख करने वाली एजेंसी के अनुसार घटना के समय मशीन में लगभग 2 लाख रुपये की नकदी मौजूद थी। कंपनी के जिले में कुल 7 एटीएम संचालित होते हैं, जिनमें से धारूहेड़ा में 3 और रेवाड़ी शहर में 4 स्थापित हैं। इस साल इस तरह की यह पहली घटना है। युवतियों ने 37 मिनट के अंतराल में बार-बार आकर पैसे निकालने की कोशिश की, लेकिन मशीन लॉक होने की वजह से वे नगदी उड़ाने में पूरी तरह नाकाम रहीं।

थाना प्रभारी बोले- अभी नहीं मिली अर्जी
मामले को लेकर एटीएम के केयरटेकर प्रेम कुमार ने स्पष्ट किया कि उन्होंने सीसीटीवी फुटेज के साथ लिखित शिकायत धारूहेड़ा सेक्टर-6 थाना पुलिस को सौंप दी है। वहीं दूसरी ओर, धारूहेड़ा सेक्टर-6 थाना प्रभारी सचिन कुंडू का कहना है कि उन्हें इस मामले की जानकारी फिलहाल मीडिया के जरिए मिली है और पुलिस को कंपनी की तरफ से आधिकारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जैसे ही औपचारिक शिकायत मिलती है तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।